Athrav – Online News Portal
फरीदाबाद

सेक्टर-55, फरीदाबाद के हितों की रक्षा के लिए एकजुट हों निवासी : गुरमीत सिंह देओल


अजीत सिन्हा की रिपोर्ट 
फरीदाबाद: सेक्टर-55, फरीदाबाद के निवासियों की वर्षों पुरानी नागरिक समस्याओं, सुरक्षा संबंधी चिंताओं तथा बुनियादी सुविधाओं को लेकर हरियाणा प्रॉपर्टी कंसल्टेंट्स महासंघ के प्रदेश महासचिव एवं फीवा  के कार्यवाहक जिला महासचिव सरदार गुरमीत सिंह देओल ने सेक्टरवासियों से एकजुट होकर लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज बुलंद करने की अपील की है।गुरमीत सिंह देओल ने कहा कि सेक्टर-55 लंबे समय से शासन-प्रशासन की उपेक्षा तथा अनेक मूलभूत समस्याओं से जूझता रहा है। वर्तमान में जनप्रतिनिधियों द्वारा सेक्टर की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए समाधान की दिशा में किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। विशेष रूप से पानी की वर्षों पुरानी समस्या के समाधान तथा बिजली व्यवस्था में सुधार के लिए किए गए प्रयासों से सेक्टरवासियों को राहत मिली है।
उन्होंने बताया कि बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सेक्टर-25, फरीदाबाद से फीडर हटाकर नया फीडर सेक्टर-23 , फरीदाबाद से जोड़ने की दिशा में कार्य कराया गया, जिससे सेक्टरवासियों को राहत मिली है। इसी बीच गोकुलम सोसायटी से संबंधित विद्युत लोड को सेक्टर-55, फरीदाबाद  के मौजूदा बिजली फीडर पर डालने के लिए भूमिगत केबल बिछाने की सूचना सामने आने पर सेक्टरवासियों में चिंता उत्पन्न हुई। जानकारी मिलते ही पार्षद ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और विधायक से भी संपर्क किया गया।देओल ने कहा कि सेक्टर-55, फरीदाबाद की बिजली, पानी, सीवर, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था पर किसी भी बाहरी विकास कार्य का प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ना चाहिए। यदि ऐसा कोई कार्य सामने आता है, तो सेक्टरवासी कानूनी, लोक तांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से सामूहिक आवाज उठाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
मेन 60 फुट रोड पर बाहरी एवं भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक की मांग :-
देओल ने कहा कि सेक्टर-55, फरीदाबाद  की मेन रोड/60 फुट रोड पर बाहरी, कमर्शियल एवं औद्योगिक वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही तथा तेज गति से चलने वाले वाहनों के कारण बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं हैं।उन्होंने प्रशासन से मांग की कि सेक्टर-55 की आंतरिक सड़कों एवं 60 फुट रोड पर बाहरी एवं भारी कमर्शियल/औद्योगिक वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित अथवा प्रतिबंधित करने के लिए उचित यातायात व्यवस्था एवं आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाए।उन्होंने कहा कि सेक्टरवासियों की पहली प्राथमिकता अपने बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और वरिष्ठ नागरिकों को सड़क दुर्घटनाओं, असामाजिक तत्वों तथा अन्य सुरक्षा जोखिमों से सुरक्षित रखना है।
गुड़गांव नहर के दोनों किनारों पर 60 फुट चौड़ी सड़क की मांग:-
गुरमीत सिंह देओल ने बताया कि सेक्टर-25 से प्रतापगढ़ पुल तक गुड़गांव नहर के दोनों किनारों पर लगभग 60 फुट चौड़ी सड़क के निर्माण की मांग लंबे समय से रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि दोनों ओर सड़क का निर्माण होता है तो इससे क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुधरेगी, वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होगा और सेक्टर-55, फरीदाबाद  पर यातायात का दबाव भी कम किया जा सकेगा।उन्होंने कहा कि विधायक के भाई कर्मेंद्र साधना तथा पार्षद  ने उपस्थित सेक्टरवासियों के सामने आश्वासन दिया है कि नहर के दोनों ओर सड़क निर्माण की मंजूरी की प्रक्रिया आगे बढ़ चुकी है और शीघ्र ही कार्य शुरू करवाने के प्रयास किए जाएंगे।गुरमीत सिंह देओल ने कहा कि उन्होंने जनप्रतिनिधियों के इस आश्वासन पर पूरा विश्वास व्यक्त करते हुए सेक्टर-55 के निवासियों की ओर से उनका धन्यवाद एवं आभार प्रकट किया है।
“जनप्रतिनिधि साथ खड़े हैं, अब सेक्टरवासियों को भी मैदान में उतरना होगा”
गुरमीत सिंह देओल ने कहा कि केवल व्हाट्सएप ग्रुपों में संदेश, वीडियो और शिकायतें साझा करने से समस्याओं का समाधान नहीं होगा। जब किसी समस्या के समाधान के लिए मौके पर उपस्थित होकर अपनी एकजुटता दिखाने की आवश्यकता हो, तब भी सेक्टरवासियों को बड़ी संख्या में आगे आना होगा।
उन्होंने कहा :>
“चुनाव के समय हम अपने जनप्रतिनिधियों को भारी बहुमत से चुनते हैं। आज जब सेक्टर के हितों और नागरिक सुविधाओं की रक्षा के लिए हमारी सामूहिक शक्ति की आवश्यकता है, तो हमें भी अपने जनप्रतिनिधियों के साथ मजबूती से खड़ा होना चाहिए।”उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी संघर्ष का उद्देश्य किसी व्यक्ति या संस्था से टकराव नहीं, बल्कि सेक्टर-55 फरीदाबाद के नागरिक हितों की रक्षा और समस्याओं का शांतिपूर्ण एवं वैधानिक समाधान होना चाहिए।
पानी की सप्लाई में भी सेक्टरवासियों से सहयोग की अपील :>
गुरमीत सिंह देओल ने पानी की सप्लाई को लेकर भी निवासियों से सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि पानी की सप्लाई शुरू होने के निर्धारित समय से पहले मोटर न चलाएं। पहले पाइपलाइन में पर्याप्त दबाव बनने दें और लाइन भरने दें, इसके बाद मोटर चलाने से पीछे की गलियों और पॉकेट्स में पानी की सप्लाई बेहतर ढंग से पहुंच सकेगी।
उन्होंने कहा कि यह छोटी-सी सावधानी पूरे सेक्टर के लिए बड़ा योगदान साबित हो सकती है।
व्हाट्सएप पर अपुष्ट सूचनाओं से बचने की अपील
उन्होंने सेक्टर के सभी व्हाट्सप्प ग्रुपों में अपुष्ट सूचनाएं, गलत समय की बिजली-पानी की अपडेट, अनावश्यक संदेश तथा केवल व्यक्तिगत प्रचार के लिए फोटो-वीडियो साझा करने से बचने की अपील की।
उन्होंने कहा कि सूचना वही साझा की जाए जो सत्यापित हो, ताकि लोगों में भ्रम की स्थिति पैदा न हो और वास्तविक समस्याओं से ध्यान न भटके।
“संगठन में शक्ति है—संघे शक्ति कलियुगे”
गुरमीत सिंह देओल ने कहा कि सेक्टर-55, फरीदाबाद में बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग और लगभग 700–800 वरिष्ठ नागरिक रहते हैं। यदि इस वर्ग का एक छोटा-सा हिस्सा भी अपने अनुभव, मार्गदर्शन और उपस्थिति के माध्यम से सेक्टर के नागरिक हितों के संघर्ष में योगदान देता है, तो किसी भी जायज मांग को मजबूती से शासन-प्रशासन के सामने रखा जा सकता है।
उन्होंने कहा कि :>
“संगठन में शक्ति है—‘संघे शक्ति कलियुगे’ का मंत्र केवल बोलने के लिए नहीं, बल्कि इसे व्यावहारिक जीवन में उतारने की आवश्यकता है। यदि सेक्टर-55 के लोग एकजुट होकर अपनी समस्याओं को उठाएंगे, तो शासन और प्रशासन को हमारी समस्याओं का समाधान करने के लिए आगे आना ही पड़ेगा और भविष्य में समस्याएं पैदा होने से पहले ही उनका समाधान सुनिश्चित करने की दिशा में व्यवस्था मजबूत होगी।”
उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर सेक्टरवासी बैठक, ज्ञापन, सामूहिक प्रतिनिधिमंडल, शांतिपूर्ण धरना तथा अन्य सभी वैधानिक एवं लोकतांत्रिक माध्यमों का सहारा लेंगे।
अंत में गुरमीत सिंह देओल ने सेक्टर-55 के सभी निवासियों से अपील करते हुए कहा :>
“एक सेक्टर — एक आवाज — एक संघर्ष”
“व्यक्तिगत श्रेय से ऊपर सेक्टर-55 का सामूहिक हित होना चाहिए। जनप्रतिनिधि हमारी समस्याओं के समाधान के लिए साथ खड़े हैं; अब हमारी जिम्मेदारी है कि हम भी अपनी एकजुटता और अनुशासन का परिचय दें।सेक्टर-55 की एकता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। आइए, हम सब मिलकर अपने सेक्टर को सुरक्षित, व्यवस्थित और बेहतर नागरिक सुविधाओं वाला क्षेत्र बनाने के लिए शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक संघर्ष को मजबूत करें।”

Related posts

फरीदाबाद ब्रेकिंग: निगमायुक्त यशपाल यादव ने आज नगर निगम के भवनों की दीवारों पर पेंटिंग कार्यक्रम का किया शुभारम्भ।

Ajit Sinha

फरीदाबाद: वीरेंद्र भड़ाना ने केंद्रीय सहकारिता राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर के स्वागत में निकाली विशाल बाइक रैली-वीडियो देखें।

Ajit Sinha

ग्रीन फिल्ड कालोनी के 34 बिल्डरों को डीटीपी इंफोर्स्मेंट ने भेजे नोटिस , ओक्कोपेशन सर्टिफिकेट लेने के बाद अवैध कब्ज़ा ।

Ajit Sinha
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
error: Content is protected !!
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x