Athrav – Online News Portal
दिल्ली राजनीतिक राष्ट्रीय

महिला कांग्रेस ने उठाई मांग- गैस की बढ़ी कीमतें तत्काल वापस ली जाएं, पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी का इस्तीफा हो।

अजीत सिन्हा की रिपोर्ट 
नई दिल्ली:देश में एलपीजी संकट को लेकर महिला कांग्रेस ने केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी के इस्तीफे और गैस सिलेंडर के बढ़े दाम तुरंत वापस लेने की मांग की है। कांग्रेस कार्यालय में सिलेंडर और चूल्हे को माला पहनाकर प्रतीकात्मक विरोध जताते हुए महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कुख्यात यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन से जुड़ी फाइलों और अडानी के खिलाफ अमेरिका में दर्ज मामलों का डर दिखाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ब्लैकमेल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसी कारण भारत रूस से सस्ता तेल नहीं ले पा रहा है और देश में ईंधन संकट की स्थिति पैदा हो गई है। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी का नाम एपस्टीन से जुड़े होने का भी जिक्र किया। उन्होंने ट्रंप की प्रेस सचिव के बयान का हवाला देते हुए कहा कि ट्रंप के दबाव में भारत ने रूस से तेल खरीदना रोका था और अब उसे एक महीने की छूट दी गई है। लांबा ने इसे ‘ट्रंप बंदी’ करार दिया और कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ट्रंप के गुलाम की तरह काम कर रहे हैं। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि भारत में तेल कब और कहां से लिया जाएगा, इसका फैसला अमेरिका कर रहा है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने खुद को बचाने के लिए पूरी तरह सरेंडर कर दिया है और देश के सम्मान को तार-तार कर दिया है।
अलका लांबा ने मोदी सरकार की विदेश नीति को पूरी तरह विफल बताते हुए कहा कि देश में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये और कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमत में 115 रुपये की बढ़ोतरी से आम जनता पर भारी बोझ पड़ा है। उन्होंने यह भी कहा कि कई राज्यों में एलपीजी सिलेंडर की कमी देखने को मिल रही है, जिसके कारण लोगों को लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है। अलका लांबा ने याद दिलाया कि नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में पहले नोटबंदी की वजह से पूरे देश को लाइन में खड़ा होना पड़ा। कोरोना काल में लोगों को ऑक्सीजन के लिए कतारों में खड़ा होना पड़ा और श्मशान घाटों में भी लाइनें देखी गईं। अब देश में एलपीजी की किल्लत है और लोग फिर से कतारों में खड़े हैं। अलका लांबा ने कहा कि मोदी द्वारा अमेरिका और ट्रंप के आगे घुटने टेकने का असर देश में दिखाई दे रहा है और आज भारत भी अमेरिका-इजराइल और ईरान की जंग का प्रभाव झेल रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि जब देश में महंगाई और गैस की किल्लत से लोग परेशान हैं, तब प्रधानमंत्री संसद में जवाब देने के बजाय चुनावी राज्य तमिलनाडु में प्रचार कर रहे हैं। कांग्रेस नेता ने पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें देश की जनता के प्रति जवाबदेह होना चाहिए, लेकिन वे इस मुद्दे पर सामने आकर जवाब नहीं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि हरदीप पुरी ने कहा था कि देश में एलपीजी की कोई कमी नहीं है और भंडार भरे हुए हैं, लेकिन आज पूरा देश गैस की किल्लत की चपेट में है। उन्होंने बताया कि एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़ने के विरोध में जब महिला कांग्रेस ने पेट्रोलियम मंत्री के आवास पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया, तो उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दी गई। लांबा ने कहा कि महिला कांग्रेस की कार्यकर्ता डरने वाली नहीं हैं और ‘प्रधानमंत्री कॉम्प्रोमाइज़्ड हैं’ को लेकर उनका अभियान जारी रहेगा।महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि देश में कुछ भी गलत होगा तो वे और अन्य कार्यकर्ता लोकतांत्रिक अधिकार के तहत आवाज उठाती रहेंगी।

Related posts

नई दिल्ली ब्रेकिंग: वीरेंद्र सचदेवा को दिल्ली भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष बने।

Ajit Sinha

मोदी ने लिया समान नागरिक संहिता कानून बनाने का संकल्प :धनखड़

Ajit Sinha

अलका लांबा बोलीं- भाजपा सरकारें बेटियों के साथ नहीं खड़ीं, बल्कि अपराधियों को बचाने में जुटी हैं

Ajit Sinha
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
error: Content is protected !!
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x