Athrav – Online News Portal
चंडीगढ़ राष्ट्रीय हरियाणा हाइलाइट्स

सनातन धर्म और राष्ट्र एक-दूसरे के पूरक, अगली सहस्त्राब्दी में भारत के वैभव का डंका बजेगा-मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ


अजीत सिन्हा की रिपोर्ट 
सोनीपत:उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि आठवीं शताब्दी से 19वीं शताब्दी तक गुलामी की बेडिय़ों में जकड़े भारत पर विदेशीआक्रांताओं के हमलों से देश की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक परम्परा को बड़ा नुकसान हुआ है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक भारत-श्रेष्ठ भारत के संकल्प के साथ आजादी के अमृत काल में जो कदम बढ़ाए हैं, उससे भारत के वैभवशाली इतिहास का अगले 1000 साल तक दुनिया में डंका बजना चाहिए। ऐसा केवल राजनीतिक नेतृत्व नहीं, बल्कि समाज की भागीदारी से सुनिश्चित होगा। वीरवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुरथल में बाबा नागे धाम पर श्री सिद्ध बाबा महंत बुधनाथ जी महाराज की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा समारोह एवं आठ मान भण्डारे में शामिल हुए तथा बाल योगी मसाण जी महाराज को महन्त के तौर पर गद्दीन शीन करवाया। देशभर से आए नाथ सम्प्रदाय के हजारों योगीवीर, पीठाधीश्वर, संत एवं श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने कहा कि सनातन धर्म केवल उपासना की विधि नहीं, बल्कि जीवन को दिशा देने वाली व्यापक संस्कृति है। भारत और सनातन धर्म एक-दूसरे के पूरक हैं। भारत मजबूत होगा तो सनातन धर्म मजबूत होगा और सनातन धर्म की मजबूती से विश्व मानवता के कल्याण का मार्ग प्रशस्त होगा।
               
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दिव्य आयोजन के लिए पीठाधीश्वर श्री महंत बाबा बालक नाथ जी महाराज व श्रीमंत बालयोगी मसाणनाथ जी महाराज को हृदय से बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्होंने गुरु-परंपरा के प्रति अटूट श्रद्धा भाव रखते हुए जनभावनाओं के अनुरूप इस ऐतिहासिक आयोजन को साकार किया है। यह आयोजन न केवल आध्यात्मिक चेतना का प्रतीक है, बल्कि समाज को संस्कार, सेवा और समरसता से जोड़ने का सशक्त माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि नाथ पंथ भारत की प्राचीनतम साधना परंपराओं में से एक है, जिसने सदियों से समाज को योग, साधना, सेवा और अनुशासन की प्रेरणा दी है। उत्तर से दक्षिण, पूर्व से पश्चिम तक फैले नाथ सिद्धों के मठ, मंदिर, धूने और पीठ सनातन धर्म की जीवंत परंपरा के साक्षी हैं। नाथ संप्रदाय ने समाज को जोड़ने और आगे बढ़ने का मार्ग दिखाया है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की संकल्पना को साकार होते देख रहा है। अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर का निर्माण, काशी विश्वनाथ धाम का भव्य विकास और प्रयागराज में श्रद्धालुओं की अभूतपूर्व सहभागिता भारत के सांस्कृतिक वैभव का प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि कभी अकल्पनीय लगने वाले कार्य आज संभव हुए हैं और यह सशक्त राजनीतिक नेतृत्व, संत समाज के आशीर्वाद और जनभागीदारी का परिणाम है।
 
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रयागराज में मौनी अमावस्या के दिन साढ़े चार करोड़ श्रद्धालुओं का संगम में स्नान करना विश्व के लिए आश्चर्य का विषय है। यह भारत की आध्यात्मिक शक्ति, संतों की साधना और सुव्यवस्थित प्रशासन का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि आने वाला एक हजार वर्ष भारत का होगा और सनातन धर्म को परम वैभव तक पहुंचाने का होगा, जिसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को मिलकर कार्य करना होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं से नशा मुक्त समाज के निर्माण का आह्वान करते हुए कहा कि नशा नाश का कारण है और यह युवा पीढ़ी को खोखला कर देता है। देश के दुश्मन प्रत्यक्ष युद्ध में सफल नहीं हो पा रहे, इसलिए वे युवाओं को नशे के जाल में फंसाने की साजिश कर रहे हैं। उन्होंने संत समाज और नागरिकों से नशे के विरुद्ध व्यापक जन-जागरण अभियान चलाने की अपील की। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, जल-संरक्षण, तालाबों और नदियों के पुनर्जीवन पर भी जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि देवतुल्य नदियों की अविरलता और निर्मलता बनाए रखना हम सबका दायित्व है। प्लास्टिक मुक्त समाज और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि धर्म और राष्ट्र से बढक़र संत और योगी के लिए कुछ नहीं हो सकता। सनातन धर्म को कमजोर करने वाली किसी भी साजिश के प्रति सतर्क रहना प्रत्येक भारतवासी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत की परिकल्पना तभी साकार होगी, जब आर्थिक प्रगति के साथ-साथ आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक उन्नयन होगा।सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत व पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि भारत की सांस्कृतिक विरासत ही हमारी शक्ति है और इसी शक्ति के बल पर भारत दुनिया को शांति और सदभाव का मार्ग दिखा रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी धार्मिक, सांस्कृतिक परंपराओं के संवर्धन के लिए निरन्तर काम कर रहे हैं, ताकि श्रद्धालु पूरे मनोयोग के साथ अपने आराध्य से जुड़ सकें।सहकारिता मंत्री ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं श्री श्री 1008 बाबा गौरक्षनाथ पीठाधीश्वर महंत योगी आदित्यनाथ का स्वागत किया। कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि नाथ सम्प्रदाय में अद्वितीय स्थान एवं निरन्तर अपनी प्रशासनिक दक्षता के साथ उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बना रहे योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में बाबा मसाण नाथ नागे धाम में महंत के तौर पर गद्दीनशीन हुए हैं। यह क्षण हमारी सनातन आस्था, साधना और सांस्कृतिक चेतना के लिए गौरवपूर्ण क्षण हैं। उन्होंने कहा कि आध्यात्मिक आयोजन समाज को जोड़ने व हमारे संस्कारों को समृद्धि तक पहुंचाने का बड़ा माध्यम हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में आज देश पूरी दुनिया को स्पष्ट संदेश दे रहा है कि आस्था, संस्कृति और विकास एक-दूसरे के पूरक है। उन्होंने कहा सामाजिक समरसता को मजबूत बनाने के ऐसे आयोजन की बदौलत ही समाज आस्था और सेवा के सूत्र में बंधता है, जिससे भेदभाव की दीवारें खुद समाप्त होने लगती हैं।इस मौके पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश के लोकप्रिय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का भव्य आगमन हुआ, जिनके सानिध्य से संपूर्ण क्षेत्र आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत हो गया। उन्होंने सभी पूज्य संतों, योगियों और श्रद्धालु जनों का स्वागत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह आगमन हरियाणा की जनता के लिए सौभाग्य का विषय है, क्योंकि वे न केवल उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री हैं बल्कि नाथ संप्रदाय से जुड़े एक महान संत-नेता के रूप में पूरे देश का मार्गदर्शन कर रहे हैं। राजस्थान के तिजारा से विधायक बाबा बालकनाथ ने कहा कि नाथ संप्रदाय की परंपरा योग, साधना, सेवा और समरसता के माध्यम से समाज को एकजुट करने का संदेश देती है। संतों का आशीर्वाद राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए संत समाज और जनसामान्य से एकजुट होकर आगे बढ़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने भंडारे एवं संतों के आशीर्वाद के साथ राष्ट्र, धर्म और मानवता के कल्याण की कामना की गई।
             

Related posts

हरियाणा: 7ए में छोटे भूखंड की रजिस्ट्री की अनुमति दी जाए – नैना चौटाला

Ajit Sinha

भारत माता के जयकारों के बीच सैन्य सम्मान के साथ लेफ्टिनेंट विनय नरवाल का अंतिम संस्कार, सीएम नायब सैनी ने दी श्रद्धांजलि

Ajit Sinha

यूपी चुनाव में सुरक्षा और विकास अहम मुद्दे :ॐ प्रकाश धनखड़

Ajit Sinha
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
error: Content is protected !!
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x