Athrav – Online News Portal
फरीदाबाद

सीएक्यूएम के निर्देशों की अनुपालना में प्रदुषण की रोकथाम के लिए सुदृढ़ सिटी एक्शन प्लान तैयार करें: डी.एस. ढेसी

अजीत सिन्हा की रिपोर्ट 
फरीदाबाद:मुख्यमंत्री के शहरी विकास प्रधान सलाहकार डी.एस. ढेसी की अध्यक्षता में आज फरीदाबाद में विभिन्न महत्वपूर्ण शहरी विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा को लेकर अंतर-एजेंसी समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए), नगर निगम फरीदाबाद (एमसीएफ) सहित विभिन्न संबंधित विभागों एवं क्रियान्वयन एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में एफएमडीए द्वारा प्रस्तावित 5 नए रैनी वेल (Rainy Well) के क्लस्टर का निर्माण कार्य की विस्तृत समीक्षा की गई। एफएमडीए के मुख्य अभियंता विशाल बंसल ने जानकारी दी कि इस परियोजना के अंतर्गत लगभग 150 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से शहर में नए रैनी वेल का निर्माण किया जाएगा। सभी आवश्यक प्रशासनिक एवं तकनीकी स्वीकृतियाँ पूर्ण होने के उपरांत एक माह के भीतर टेंडर जारी कर निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा। इस परियोजना के पूर्ण होने से NIT क्षेत्र में विशेष तौर पर आखिरी छोर तक जल अपूर्ति को बढ़ावा मिलेगा तथा शहर में पानी की कमी की समस्या को काफी हद तक दूर किया जा सकेगा।
बैठक में मिर्ज़ापुर स्थित 20 एमएलडी एसटीपी परियोजना की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि इस परियोजना की टेंडर प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है तथा शीघ्र ही निर्माण कार्य आरंभ किया जाएगा। प्रधान सलाहकार ने निर्देश दिए कि परियोजना को तय समय-सीमा में पूर्ण किया जाए।शहर की ग्रीन बेल्ट एवं पार्कों में जल के उपयोग के लिए प्रस्तावित माइक्रो एसटीपी परियोजना की डीपीआर स्वीकृत हो चुकी है। शेष औपचारिकताएं शीघ्र पूर्ण कर कार्य प्रारंभ किया जाएगा। प्रधान सलाहकार ने हरियाणा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड एवं जिला वन अधिकारी को निर्देश दिए कि ग्रीन बेल्ट क्षेत्रों में स्थानीय प्रजातियों के अनुरूप पौधारोपण किया जाए। इसी तरह बुढ़िया नाला की सफाई व अन्य सबंधित कार्यो की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने अवगत कराया कि परियोजना से संबंधित कार्य प्रगति पर है और निर्धारित चरणों के अनुसार इसे आगे बढ़ाया जा रहा है। फिजिबिलिटी जांच पूर्ण कर ली गई है। बैठक में अमृत सरोवर योजना के अंतर्गत प्रस्तावित तालाब विकास कार्यों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि संबंधित भूमि एफएमडीए को हस्तांतरित की जा चुकी है तथा तालाब विकास के लिए एक माह के भीतर टेंडर प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी। लगभग 15 एकड़ जमीन पर इसे विकसित किया जाएगा। बैठक में आयोग फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (CAQM) के दिशा-निर्देशों पर विस्तृत चर्चा की गई। प्रधान सलाहकार डी.एस. ढेसी ने अधिकारियों को CAQM के निर्देशों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने अवगत कराया कि CAQM की टीम द्वारा बुधवार को शहर की प्रमुख सड़कों का निरीक्षण किया गया । डी.एस. ढेसी ने नगर निगम फरीदाबाद को निर्देश दिए कि सड़क स्वीपिंग मशीनों के माध्यम से शहर की प्रमुख सड़कों पर निरंतर सफाई हेतु एक ठोस और व्यवस्थित कार्ययोजना तैयार कर लागू की जाए, ताकि धूल के कारण बढ़ते प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके। CAQM द्वारा सभी एनसीआर जिलों को प्रदूषण नियंत्रण हेतु सिटी एक्शन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं, जिस पर प्रधान सलाहकार ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
औद्योगिक प्रदूषण के संबंध में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने CAQM के निर्देशों पर सरूरपुर क्षेत्र में लगभग 300 औद्योगिक इकाइयों की जांच की, जिनमें नियमों का उल्लंघन करने वाली इकाइयों को शो-कॉज नोटिस जारी किया गया है। कोयले पर चलने वाली इकाइयों को मौके पर ही बंद करने के आदेश दिए गए हैं।बैठक में मास्टर सीवर नेटवर्क को नगर निगम फरीदाबाद से एफएमडीए को हस्तांतरित किए जाने की प्रक्रिया की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि यह कार्य लगभग 80 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। इसके साथ-साथ सीवर लाइनों की डिसिल्टिंग का कार्य भी चरणबद्ध रूप से कराया जाएगा, जिससे जलभराव एवं सीवरेज समस्याओं में सुधार हो सकेगा।प्रधान सलाहकार डी.एस. ढेसी ने निर्देश दिए कि शहर में विशेष सड़क मरम्मत कार्यक्रम के तहत सभी विभाग अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाली सड़कों की मरम्मत का कार्य 15 फरवरी तक अनिवार्य रूप से पूर्ण करें। साथ ही ‘म्हारी सड़क’ ऐप के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा नागरिकों को ऐप के उपयोग के लिए जागरूक किया जाए।बैठक में जेवर–फरीदाबाद रोड परियोजना की समीक्षा करते हुए अधिकारियों ने बताया कि सड़क के एलिवेटेड हिस्से के लिए प्रस्तावित लगभग 45 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। जेवर से ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के कार्य को जून–जुलाई 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है, जबकि संपूर्ण परियोजना के अप्रैल 2027 तक पूर्ण कर दिया जाएगा। इस मार्ग के डीएनडी–फरीदाबाद सेक्शन का कार्य अप्रैल माह तक पूर्ण होने की उम्मीद है, जिससे क्षेत्र में यातायात व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार होगा। बैठक में फरीदाबाद–नोएडा–गाजियाबाद रोड परियोजना की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि इस परियोजना की अलाइनमेंट स्वीकृति हेतु प्रस्ताव मुख्यालय को भेजा जा चुका है। साथ ही उत्तर प्रदेश सीमा को मंजावली पुल से जोड़ने के लिए सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है।बैठक के अंत में प्रधान सलाहकार डी.एस. ढेसी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए परियोजनाओं का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Related posts

ग्रीन फील्ड कॉलोनी को नगर निगम में शामिल करने को लेकर निगम कमिश्नर, यूआईसी व आरडब्ल्यूए के बीच हुई बैठक।

Ajit Sinha

हरियाणा सभी राज्यों में अग्रणीय हो, इस दिशा में किए जाएंगे कार्य- राज्य मंत्री राजेश नागर

Ajit Sinha

फरीदाबाद : विधायक मूलचंद शर्मा चाहते तो चीनी व तेल ब्यापारियों के बीच के विवाद को निपटा सकते थे,पर उल्टा उसपर बुल्डोजर चला दिया

Ajit Sinha
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
error: Content is protected !!
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x