Athrav – Online News Portal
अपराध फरीदाबाद

फरीदाबाद:22 करोड़ रुपये के गबन मामले में एक और आरोपित सागर गिरफ्तार

अजीत सिन्हा की रिपोर्ट 
चंडीगढ़: राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, हरियाणा ने ग्राम पंचायत मुजेडी, ब्लॉक तिगांव, जिला फरीदाबाद में वर्ष 2020-21 के दौरान हुए लगभग 22 करोड़ रुपये के कथित गबन के मामले में आज सोमवार को फरार आरोपित सागर, मालिक फर्म दा डिज़ाइन कोड, पुत्र  देशराज, निवासी गांव नवादा, ब्लॉक तिगांव, थाना सदर बल्लभगढ़, जिला फरीदाबाद को पर्याप्त साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तार किया है। यह मामला मुकदमा  संख्या 355 दिनांक 16.10. 2022, थाना सदर बल्लभगढ़, जिला फरीदाबाद में दर्ज है, जो वर्तमान में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, फरीदाबाद में अनुसंधानधीन  है। उक्त प्रकरण में भारतीय दंड संहिता की धाराएं 120-बी, 201, 406, 409, 420, 467, 468, 471 तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7, 7ए, 13(1)(बी) सहपठित 13(2) के अंतर्गत कार्रवाई की जा रही है।

जांच में आरोप है कि दिनांक 09.10.2020 को नियुक्त कार्यवाहक सरपंच ब्रह्मपाल ने ग्राम सचिव जोगेंद्र, बीडीपीओ पूजा शर्मा तथा विभिन्न फर्म मालिकों के साथ कथित मिलीभगत कर बिना प्रशासनिक अनुमति के फर्जी विकास कार्य दर्शाकर लगभग 22 करोड़ रुपये की अदायगी करवाई। इनमें से लगभग 17 करोड़ 14 लाख रुपये की राशि विभिन्न फर्मों — दा डिज़ाइन कोड, एस.के. एंटरप्राइजेज, सतगुरु एंटरप्राइजेज, साईं ट्रेडिंग कंपनी, फरहान एंटरप्राइजेज, राघव बिल्डिंग मटेरियल सप्लायर एंड कॉन्ट्रैक्टर, साकिर बिल्डिंग मैटेरियल सप्लायर एंड कॉन्ट्रैक्टर, हीरालाल, रसिक बिहारी प्रा. लि., मैसर्ज श्यामजी एसोसिएट्स आदि — को भुगतान की गई। अब तक की जांच में पाया गया है कि कुल 22 करोड़ रुपये की गबन राशि में से आरोपित  सागर की फर्म मैसर्ज दा डिज़ाइन कोड के खाते में 1,94,79,968/- रुपये की अनियमित अदायगी पाई गई है। मामले की जांच के दौरान दिनांक 09.09.2025 को श्रीमती पूजा शर्मा एवं हीरालाल तथा दिनांक 27.12.2025 को श्रीमती तनुजा शर्मा, नन्द किशोर और मनोज कुमार को गिरफ्तार किया जा चुका है। वर्तमान में श्रीमती पूजा शर्मा एवं श्रीमती तनुजा शर्मा माननीय उच्च न्यायालय, हरियाणा एवं चंडीगढ़ से जमानत पर हैं, जबकि अन्य तीन आरोपी जिला जेल नीमका, फरीदाबाद में निरुद्ध हैं। प्रकरण में नामजद आरोपी ललित मोहन शर्मा को न्यायालय से अग्रिम जमानत प्राप्त है। अभियोग में श्रीमती पूजा शर्मा, हीरालाल एवं ललित मोहन शर्मा के विरुद्ध दिनांक 24.11.2025 को न्यायालय में चालान प्रस्तुत किया जा चुका है। राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो द्वारा मामले की गहन जांच जारी है तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Related posts

फरीदाबाद: श्री महारानी वैष्णो देवी मंदिर में चौथे नवरात्रि पर हुई मां कुष्मांडा की पूजा

Ajit Sinha

हरियाणा: सीएम मनोहर लाल ने ‘जन सहायक-आपका सहायक’ मोबाइल ऐप किया लॉन्च- खबर जरूर पढ़े, फायदे जाने।

Ajit Sinha

चंडीगढ़ ब्रेकिंग: नगर परिषद का ईओ 40000 की रिश्वत लेते रंगे हाथ विजिलेंस ने किया अरेस्ट

Ajit Sinha
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
error: Content is protected !!
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x