
अजीत सिन्हा की रिपोर्ट
फरीदाबाद: श्री महारानी वैष्णो देवी मंदिर, फरीदाबाद में सातवें नवरात्रि के अवसर पर माँ कालरात्रि की पूजा-अर्चना श्रद्धा और धूमधाम के साथ की गई। मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से सराबोर रहा। सुबह से ही श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में पहुंचकर माथा टेका और परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।इस अवसर पर मंदिर संस्थान के प्रधान जगदीश भाटिया ने प्रातःकालीन पूजा-अर्चना और हवन का शुभारंभ करवाया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आयोजित हवन में श्रद्धालुओं ने आहुति डालकर माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर में भक्ति और आस्था का वातावरण देखने को मिला तथा श्रद्धालु माता के जयकारे लगाते नजर आए।

नगर निगम के भाजपा पार्षद मनोज नसावा, उद्योगपति एच के बत्रा, फरीदाबाद के एसडीएम रहे मुरारी लाल गोयल ने भी माता रानी के दरबार में पहुंचकर शीश नवाया और पूजा-अर्चना की। उन्होंने अपने शहर फरीदाबाद, हरियाणा प्रदेश और पूरे देश में सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर मंदिर संस्थान के प्रधान जगदीश भाटिया ने सभी अतिथियों को माता रानी की चुनरी और प्रसाद भेंट कर उनका स्वागत किया। इस दौरान जगदीश भाटिया ने माता रानी की महिमा का गुणगान करते हुए श्रद्धालुओं को नवरात्रि के आध्यात्मिक महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि नवरात्रि का पर्व हमें शक्ति, श्रद्धा, संयम और सकारात्मकता का संदेश देता है। मां दुर्गा की आराधना से भक्तों को जीवन में कठिनाइयों का सामना करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि वे धार्मिक आस्था के साथ-साथ समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारे की भावना को भी मजबूत करें।
Related posts
0
0
votes
Article Rating
Subscribe
Login
0 Comments
Oldest
Newest
Most Voted

