
अजीत सिन्हा की रिपोर्ट
पलवल:जिला ट्रैफिक पुलिस थाना प्रबंधक जगबीर सिंह ने जिला पलवल के आम नागरिकों एवं वाहन चालकों के लिए जानकारी देते हुए बताया कि देवीलाल पार्क के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग -19 पर फुटओवर ब्रिज स्थापित करने का कार्य निर्धारित किया गया है। यह कार्य रात्रि के समय किया जाएगा ताकि दिन के समय यातायात पर न्यूनतम प्रभाव पड़े। इस कार्य को सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से पूर्ण करने के लिए दिनांक 28 मार्च 2026 की रात्रि 1:00 बजे से 3:00 बजे तक (लगभग 3 घंटे) के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर यातायात का विशेष डायवर्जन प्लान लागू किया जाएगा। इस दौरान कुछ मार्गों पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा तथा वैकल्पिक मार्गों से वाहनों को निकाला जाएगा।

दिल्ली से आगरा जाने वाले वाहनों के लिए डायवर्जन व्यवस्था :
जिला ट्रैफिक पुलिस थाना प्रबंधक ने बताया कि दिल्ली से आगरा की ओर जाने वाले सभी छोटे एवं बड़े वाहनों को हुड्डा सेक्टर-2 स्थित फ्लाईओवर के नीचे से सर्विस रोड पर डायवर्ट किया जाएगा। इस दौरान एलिवेटेड पुल (फ्लाईओवर) पर यातायात पूर्ण रूप से बंद रहेगा।
सभी वाहन सर्विस रोड के माध्यम से आगे बढ़ते हुए आगरा चौक पहुंचेंगे, जहां जिला उपायुक्त निवास के समीप सर्विस लेन से ट्रैफिक को पुन: डायवर्ट किया जाएगा। इसके पश्चात सभी वाहनों को कुसलीपुर अंडरपास से होते हुए पुन: राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर आगरा की दिशा में सुचारू रूप से भेजा जाएगा।

आगरा से दिल्ली आने वाले वाहनों के लिए डायवर्जन व्यवस्था :
जगबीर सिंह ने बताया कि आगरा की ओर से दिल्ली आने वाले वाहनों के लिए कुसलीपुर फ्लाईओवर को अस्थायी रूप से बंद रखा जाएगा। सभी वाहनों को कुसलीपुर अंडरपास से होकर सर्विस रोड पर निकाला जाएगा।इसके बाद वाहन आगरा चौक पहुंचेंगे, जहां से उन्हें निर्धारित मार्ग के अनुसार दिल्ली की ओर डायवर्ट किया जाएगा। इस दौरान यातायात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल तैनात रहेगा।
सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन के विशेष प्रबंध :
उन्होंने बताया कि डायवर्जन रूट पर पर्याप्त संख्या में ट्रैफिक पुलिस कर्मियों की तैनाती की जाएगी। आवश्यक स्थानों पर बैरिकेडिंग एवं संकेतक लगाए जाएंगे। रात्रि के समय दृश्यता सुनिश्चित करने के लिए रिफ्लेक्टिव संकेतों का उपयोग किया जाएगा। आपातकालीन सेवाओं (एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड आदि) के लिए विशेष व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। यातायात को सुचारू बनाए रखने हेतु लगातार निगरानी रखी जाएगी।
प्रशासन का सहयोग की अपील:
जिला ट्रैफिक पुलिस थाना प्रबंधक जगबीर सिंह ने अधिक जानकारी देते हुए बताया कि फुटओवर ब्रिज स्थापना कार्य जन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है। इस दौरान वाहन चालकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए रूट डायवर्जन की विस्तृत योजना बनाई गई है। उन्होंने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्जन रूट का पालन करें, यातायात नियमों का अनुपालन करें तथा ट्रैफिक पुलिस का सहयोग करें। अनावश्यक जल्दबाजी या नियमों की अनदेखी से दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ सकती है। जिला ट्रैफिक पुलिस पलवल ने आमजन से सहयोग की अपेक्षा की है, ताकि यह कार्य सुरक्षित, व्यवस्थित एवं समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया जा सके। जिला ट्रैफिक पुलिस थाना प्रबंधक जगबीर सिंह ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले निर्धारित रूट की जानकारी प्राप्त करें और उसी अनुसार अपने सफर की योजना बनाएं।
Related posts
0
0
votes
Article Rating
Subscribe
Login
0 Comments
Oldest
Newest
Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments

