अजीत सिन्हा की रिपोर्ट
चंडीगढ़: हरियाणा में अपराधों की रोकथाम के लिए हरियाणा पुलिस द्वारा कडा संज्ञान लिया जा रहा हैं जिसके तहत हत्या के मामलो मे बडी गिरावट दर्ज की गई है, वर्ष 2023 में कुल 1,042 मामले दर्ज किए गए थे वहीं वर्ष 2024 में कुल 950 दर्ज हुए हैं । हरियाणा प्रदेश में पहली बार हत्या के मामले में ऐसी गिरावट 15 वर्ष बाद देखने को मिली हैं।इससे पहले वर्ष 2009 में इतने हत्या के मामले दर्ज हुए थे। यह आंकड़ा दर्शाता है कि प्रदेश में हत्या के मामलों में उल्लेखनीय गिरावट आई है।
इस बारे में जानकारी देते हुए पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने बताया कि हरियाणा पुलिस द्वारा अपराध नियंत्रण को लेकर किए जा रहे सार्थक प्रयासों के परिणामस्वरूप वर्ष-2023 की तुलना में वर्ष 2024 में 14.62 प्रतिशत अपराध कम हुआ है। वर्ष 2023 में जहां 1,59,610 मुकदमे दर्ज किए गए थे वही वर्ष 2024 में 136269 मुकदमे दर्ज किए गए है जो कि पिछले साल की अपेक्षा 23341 कम है। यह आंकड़ा अपराध में गिरावट को दर्शाता है। इस प्रकार पिछले वर्ष की तुलना में वर्ष 2024 में 23,341 मुकदमे कम दर्ज किए गए है। इसी प्रकार, प्रदेश में वर्ष 2023 की तुलना में वर्ष 2024 में महिला विरुद्ध अपराध जैसे- दुष्कर्म में 19.24 प्रतिशत, दुष्कर्म के प्रयासो में 43.72 प्रतिशत, छेडछाड में 36.82 प्रतिशत तथा दहेज हत्या में भी 14 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।
*महिला सुरक्षा प्राथमिकता, चिन्हित किए गए 1979 हॉटस्पॉट्स व 443 संवेदनशील रूट्सः* पुलिस
महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने बताया कि हरियाणा प्रदेश में महिला सुरक्षा को लेकर भी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। महिलाओं को सुरक्षित वातावरण देने के उद्देश्य से प्रदेश में भीड़भाड़ वाले 1979 हॉटस्पॉट क्षेत्रों तथा 443 संवदेनशील स्थानों को चिन्हित किया गया है जहां पर महिलाओं के साथ छेड़छाड़ होने की संभावना अपेक्षाकृत अधिक होती हैं। इन रूटों पर 1381 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं तथा इन संवेदनशील स्थानों तथा रूटों पर विशेष तौर पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है ताकि मनचलों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की जा सके जिसके फलस्वरुप महिला विरुद्ध अपराधो में बडी गिरावट दर्ज की गई है। हरियाणा पुलिस की हेल्पलाइन 112 पर प्राप्त शिकायत उपरांत लगभग 6 मिनट 41 सेकंड में पुलिस सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है जो वर्ष 2021 में शुरुआत के समय 16 मिनट 14 सेकंड था।
इस वर्ष महिलाओं के विरुद्ध, दुष्कर्म के मामले जो वर्ष 2023 में 1772 हुए थे वही इस वर्ष घटकर 1431 मामले रह गए है। इस प्रकार,इन मामलों में 19.24 प्रतिशत की बड़ी गिरावट दर्ज की गई है जोकि पिछले 7 साल में सबसे कम है। इसी प्रकार से दुष्कर्म के प्रयासो के मामलो में भी बडी गिरावट दर्ज की गई है वर्ष 2023 में जहां कुल 199 मामले दर्ज हुए थे वही वर्ष 2024 मे कुल 112 मामले दर्ज हुए है जिससे इस वर्ष 43.72 प्रतिशत की बड़ी गिरावट दर्ज की गई है । इन मामलों का यह स्तर वर्ष 2015 में देखा गया था । छेड़छाड़ के मामले में भी उल्लेखनीय गिरावट आई है। वर्ष 2023 में जहां कुल 2265 मामले दर्ज हुए थे वही वर्ष 2024 मे कुल 1431 मामले दर्ज हुए है जिससे 36.82 प्रतिशत की कमी आई है । छेड़छाड़ के मामलो में वर्ष 2023 में प्रति एक लाख व्यक्तियों पर अपराध दर 7.5 थी जो अब घटकर 4.7 रह गई है। दहेज हत्या के मामले में भी 14 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है ।इसी प्रकार, महिलाओं में सुरक्षा की भावना को बल देते हुए हरियाणा पुलिस द्वारा ट्रिप मॉनिटरिंग सेवा शुरू की गई है। अकेले सफर करने वाली महिलाएं 112 पर सिर्फ एक कॉल करके इसका लाभ उठा सकती हैं। इस सुविधा का लाभ लेने के लिए महिला को केवल 112 पर फोन करके अपनी यात्रा का समय व स्थान बताना होता है। हरियाणा पुलिस की इस सुविधा का अब तक 114 महिलाओं द्वारा लाभ उठाया गया है। हरियाणा पुलिस के हेल्पलाइन नंबर 112 पर फोन करने उपरांत जब तक महिला अपने गंतव्य तक सुरक्षित नहीं पहुंच जाती तब तक उसकी यात्रा को हरियाणा पुलिस की टीम द्वारा मॉनिटर किया जाता है। इसके अलावा, सार्वजनिक परिवहन जैसे ऑटो आदि का डेटाबेस तैयार करते हुए वाहन के अंदर तथा बाहर यूनिक नंबर चस्पा किए गए हैं। इस यूनिक नंबर के माध्यम से हरियाणा पुलिस के पास वाहन चालक का पूरा विवरण जैसे-नाम, पता, मोबाइल नंबर आदि का डेटा उपलब्ध रहता है। अब तक हरियाणा पुलिस द्वारा प्रदेश भर में ऐसे 83 प्रतिशत वाहनों का डेटाबेस तैयार किया जा चुका है।
*एससी/एसटी एक्ट के मामले में दर्ज की गई बडी गिरावट* – वर्ष 2023 में जहां कुल 1539 मामले दर्ज हुए थे इस वर्ष कुल 995 मामले दर्ज हुए है इस प्रकार कुल 35.35 प्रतिशत की बडी गिरावट दर्ज की गई है। हरियाणा पुलिस द्वारा अब तक 4943 दबंग व्यक्तियों की पहचान की गई है जिन पर निरंतर निगरानी जारी है ताकि घटना को होने से पहले की आवश्यक सावधानी बरती जा सके और आम जनमानस में सुरक्षा की भावना बनी रहे।
*अन्य अपराधों में भी दर्ज की गई उल्लेखनीय गिरावटः*
पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने बताया कि प्रदेश में अन्य अपराधों में भी उल्लेखनीय गिरावट आई है। वर्ष 2023 में डकैती के जहां कुल 122 मामले दर्ज हुए थे वही वर्ष-2024 में ऐसे केवल 74 मामले सामने आए है। इस प्रकार डकैती के मामले मे 39.34 प्रतिशत की गिरावट आई है। इतनी कमी पिछले बीस वर्षो में पहली बार देखने को मिली है। वर्ष-2023 में जहां कुल 17,860 वाहन चोरी हुए थे यह संख्या वर्ष-2024 में घटकर 15,577 रह गई है। इस प्रकार मोटर वाहन चोरी के मामले मे 12.78 प्रतिशत की बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। इससे पहले मोटर वाहन के मामले में इतनी कमी वर्ष 2016 में देखने को मिली थी । वर्ष 2023 में रंगदारी के जहां कुल 487 मामले दर्ज हुए थे वर्ष-2024 में कुल 416 मामले दर्ज हुए है। इस प्रकार कुल 14.58 प्रतिशत की कमी आई है।
वर्ष 2023 की अपेक्षा वर्ष 2024 में 657 सड़क हादसों में कमी दर्ज की गई है। इसके साथ ही, वर्ष 2023 की तुलना में वर्ष 2024 में 279 सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु में भी कमी आई है तथा 432 लोग कम घायल हुए हैं। घातक सड़क दुर्घटनाओं के मामलो में भी रिकॉर्ड कमी देखी गई है, वर्ष 2023 में जहां कुल 4652 मामले सामने आए थे वही इस वर्ष ये घटकर 4389 रह गए है जो पिछले वर्ष की तुलना में कुल 5.65 प्रतिशत कम हैं।वर्ष 2023 की अपेक्षा वर्ष 2024 में 657 सड़क हादसों तथा 279 सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु में भी कमी आई है। सड़क दुर्घटनाओं के मामलो में इतनी कमी पिछले दस वर्षो में पहली बार देखने को मिली है। उन्होंने बताया कि वर्ष-2024 हरियाणा पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा के 2366 जागरूकता अभियान चलाए गए जिनके माध्यम से 3 लाख 16 हजार 414 बच्चों व अन्य लोगों ने भागीदारी सुनिश्चित की। इसी प्रकार हरियाणा पुलिस द्वारा प्रदेश में लेन ड्राइविंग की पालना सुनिश्चित करने के लिए अभियान चलाए गए जिसके तहत लेन ड्राइविंग नियमों की उल्लंघना करने वाले 3,86,266 वाहन चालकों के चालान किए गए। इसी प्रकार, हरियाणा पुलिस द्वारा प्रदेश में लेन ड्राइविंग की पालना सुनिश्चित करने के लिए अभियान चलाए गए जिसके तहत लेन ड्राइविंग नियमों की उल्लंघना करने वाले 3,86,266 वाहन चालकों के चालान किए गए।
*सघन चेकिंग अभियान व आप्रेशन आक्रमणः* कपूर ने बताया कि प्रदेश में रात्रि के समय अलग-2 स्थानों पर नाके लगाए जाते है ताकि संदिग्ध व आपराधिक प्रवृति के लोगों पर नजर रखी जा सके। इस दौरान सड़कों से गुजरने वाले वाहनों की गहनता से चेकिंग की जाती है। अपराध व अपराधियों की कमर तोड़ने के उद्देश्य से समय समय पर आप्रेशन आक्रमण भी चलाया जाता है। इस दौरान प्रदेश भर में अलग-2 टीमों द्वारा छापेमारी करते हुए अपराधियों की धरपकड़ की जाती है। वर्ष-2024 में 10 आप्रेशन आक्रमण चलाए गए जिनमें 4239 एफआईआर दर्ज करते हुए 8307 अपराधियों को गिरफतार करने में सफलता प्राप्त हुई। हरियाणा पुलिस ने वर्ष-2024 में 402 गैंग के 1201 अपराधियों को पकड़कर 2106 मामलों का निपटारा करने में सफलता हासिल की है तथा 460 अति वांछित ईनामी बदमाशों को सलाखो के पीछे पहुंचाया है।
*नशा तस्करों पर भी लगाई गई लगाम, एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज किए गए 3331 मुकद्दमें तथा 5094 अपराधियों को पहुंचाया सलाखो के पीछे* – हरियाणा पुलिस द्वारा वर्ष-2024 में नशा तस्करों पर भी कड़ी कार्यवाही की गई है जिनमें से कमर्शियल क्वांटिटी के 438 मुकदमे दर्ज करते हुए बड़े 950 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। एनडीपीएस एक्ट के तहत वर्ष 2024 में कुल 3331 मुकद्दमें दर्ज करते हुए 5094 अपराधियों को सलाखो के पीछे पहुंचाया गया है जिनसे 31.9 किलोग्राम हेरोइन , 367.67 किलो चरस, 9099.6 किलो गांजा, 408.2 किलो ओपियम, 15658.4 किलो पोपीस्ट्रा, 3,28,560 नशीले कैप्सूल,13,453 इंजेक्शन तथा 701526 नशीली गोलियां जब्त की गई हैं। इन अपराधियों पर पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत अब तक कुल 63 आदतन मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ कार्यवाही की जा चुकी है। वर्ष-2024 में 25 मादक पदार्थ तस्करों की 7.04 करोड़ रूप्ये की संपत्ति सीज की गई है।
नशे से दूर रखने के लिए खेल गतिविधिया-*इसके साथ ही प्रदेश में बच्चों को अपराध तथा नशे से दूर रखने के लिए ग्रामीण तथा शहरी क्षेत्रों में खेल गतिविधियां आयोजित की जाती हैं ताकि बच्चे शारीरिक व मानसिक तौर पर स्वस्थ रहें। हरियाणा पुलिस द्वारा 2617 गांवो तथा वार्डों में नियमित तौर पर खेल गतिविधियां आयोजित करवाई जा रही हैं जिनसे 2,73,491 युवाओं को जोड़ा गया है।हरियाणा पुलिस द्वारा इन खिलाड़ियों के लिए समय समय पर बड़े स्तर पर खेल प्रतियोगिताएं भी आयोजित करवाई जाती है। इतना ही नहीं, युवाओं को पुलिस आदि में भर्ती प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी जाती है ताकि वे इनकी तैयारी करें और इन प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए आवेदन करें। हरियाणा पुलिस द्वारा प्रदेश के 46.55 प्रतिशत गांवो तथा 41.81 प्रतिशत वार्डों/कॉलोनियों को नशामुक्त घोषित किया जा चुका है।
*फीडबैक सैल* – हरियाणा पुलिस द्वारा वर्ष-2024 में फीडबैक सेल की शुरुआत की गई है ताकि शिकायतकर्ता से पुलिस के पास प्राप्त होने वाली शिकायतों का फीडबैक लिया जा सके। इस पूरी व्यवस्था को सेंट्रलाइज किया गया है ताकि निष्पक्षता के साथ फीडबैक लिया जा सके। कपूर ने बताया कि वर्ष 2024 में हरियाणा पुलिस को 5,83,567 शिकायतें प्राप्त हुई जिनमें से 4,76,186 शिकायतकर्ताओं का फीडबैक लिया गया जोकि कुल शिकायतों का 82% है। इनमें से 73% शिकायतकर्ताओं ने पुलिस की कार्यवाही को लेकर संतुष्टि व्यक्त की। फीडबैक के दौरान शिकायतकर्ता से पूछा जाता है कि वह पुलिस की कार्यवाही से संतुष्ट है अथवा नहीं और यदि नहीं तो उससे असंतुष्टि का कारण पूछा जाता है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा पुलिस प्रदेशवासियों को सुरक्षित व भयमुक्त वातावरण देने के लिए वचनबद्ध है। आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ हरियाणा पुलिस द्वारा जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए काम किया जा रहा है। पुलिस की कार्यक्षमता को बढ़ाने की दिशा में भी आवश्यक कदम उठाए जा रहे है ताकि अपराध के बदलते तौर तरीकों के अनुरूप एक्शन प्लान तैयार किया जा सके।
Related posts
0
0
votes
Article Rating
Subscribe
Login
0 Comments
Oldest
Newest
Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments