Athrav – Online News Portal
दिल्ली राष्ट्रीय हरियाणा

चंडीगढ़ ब्रेकिंग: आजादी के 100 साल पूरे होने तक दुनिया का सबसे ताकतवर देश होगा भारत: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

अजीत सिन्हा की रिपोर्ट 
चंडीगढ़:देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि भारत आने वाले 8 वर्षों में दुनिया की तीसरी अर्थव्यवस्था वाला देश बन जाएगा। उन्होंने यह भी संभावना जताई कि आजादी के 100 वर्ष पूरे होने पर वर्ष 2047 तक भारत दुनिया का सबसे शक्तिशाली राष्ट्र बन जाएगा। राजनाथ सिंह रविवार को हरियाणा के झज्जर जिला के बादली विधानसभा के गांव कुलाना में हिंदू हृदय सम्राट पृथ्वीराज चौहान की मूर्ति के लोकार्पण के उपरांत एक बड़ी जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मनोहर लाल भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने की। जनसभा के दौरान प्रदेश अध्यक्ष द्वारा रखी गई क्षेत्र की मांगों को मौके पर ही रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने जनता के सामने ही स्वीकार करते हुए मांगों को पूरा कराने की घोषणा की। राजनाथ सिंह ने मातनहेल गांव में सैनिक स्कूल की मांग पर आश्वस्त करते हुए कहा कि हालांकि यह मांग बहुत पुरानी है, फिर भी हर संभव कोशिश करूंगा। पहले और अब नीतियों में काफी बदलाव है, लेकिन जरा सी संभावना हुई तो भी सैनिक स्कूल के प्रयास किए जाएंगे।  

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने भी राजपूत समाज की धर्मशाला बनवाने के लिए कुछ राशि की घोषणा की, लेकिन सामने बैठे लोगों ने राशि बढ़ाने की मांग की। इस पर रक्षा मंत्री ने मंच से ही प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ सहित सांसदों, विधायकों से 11-11 लाख रुपये दिलाने की घोषणा कर समाज द्वारा धर्म शाला के लिए मांगी गई राशि देने की घोषणा कर दी। जिससे लोगों ने राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री मनोहर लाल और प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ का तालियां बजाकर आभार जताया। इस मौके पर राजनाथ सिंह, सीएम मनोहर लाल को एक संत की  संज्ञा दी तो प्रदेश अध्यक्ष को जोशीला अध्यक्ष बताया।राजनाथ ने कहा कि मनोहर लाल हमेशा जनता के काम करने के लिए तत्पर रहते हैं। सत्ता के शिखर पर बैठकर भी भ्रष्टाचार का कोई दाग मुख्यमंत्री के दामन पर नहीं है। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने महाराजा पृथ्वीराज चौहान की बहादुरी पर बोलते हुए कहा कि उन्होंने गौरी को हराकर भी क्षमादान दे दिया। कभी-कभी हमारे सद्गुण भी विकृति बन जाते हैं, जिसका फायदा आक्रांताओं ने उठाया है। भारत का आर्थिक वैभव रहा है और हम शांति के पुजारी रहे हैं। हमने युद्ध से बुद्ध का दौर देखा है। सदैव अहिंसा का संदेश दिया है। यही अहिंसा हमें युद्धों से दूर करती चली गई जिससे हमारी लड़ने की इच्छाएं खत्म हो गई। उन्होंने कहा कि कभी-कभी सभ्यता को बर्बरता निगल जाती है। यही कारण रहा कि हमें सदियों तक गुलामी झेलनी पड़ी।

रक्षा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इन आठ सालों में हमारी सांस्कृतिक विरासत मजबूत हुई है। चाहेे केदारनाथ हो, बद्रीनाथ, राम मंदिर या फिर वाराणसी हो सभी जगह मोदी ने हमारे सांस्कृतिक प्रतिकों को जोड़ा है। प्रधानमंत्री की सदैव यही कोशिश रहती है कि हम अपनी जड़ों से ना कटें। हमारे ऋषि मुनियों ने भी हमारी संस्कृति और धार्मिक विरासत को जोड़े रखने में अहम भूमिका निभाई है। स्वामी दयानंद, स्वामी विवेकानंद ने देश के जनता की सांस्कृतिक चेतना को जगाने का काम किया है। रक्षा मंत्री ने कहा कि पहले दूसरे देशों में भारत को कमजोर आंका जाता था।  यहां की बातों पर कोई ध्यान नहीं दिया जाता था। अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर भारत को कोई गंभीरता से नहीं लेता था। 2014 के बाद जैसे ही नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनीं तभी से देश की ताकत को दुनिया ने पहचाना है और आज दुनिया के राष्ट्राध्यक्ष पीएम मोदी की तारीफ करते हैं जिससे हमारा सीना गर्व से चौड़ा हो जाता है।राजनाथ सिंह ने कहा कि हरियाणा के हर गांव में हमारे सैनिकों की कहानी है। हरियाणा की हवाओं में वीरता तैरती है, देश ही नहीं विदेशों में भी यहां की वीरता की चर्चा होती है। उन्होंने कहा कि हमारे जवान देश की सरहदों की रक्षा करते हैं। जवानों की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि हमारे जवान देश की अखंडता के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देते हैं। हमारे सैनिकों का पराक्रम अदभुत है। पहले अमेरिका, इजरायल जैसे देश दूसरे देशों में घूसकर दुश्मनों को मारते थे, लेकिन अब पीएम मोदी के नेतृत्व में हमारी सेना दुश्मन देश में घुसकर आतंकियों का सफाया कर रही है। राजनाथ सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार अब तक 1500 पुराने कानूनों को खत्म कर चुकी है। आगे भी गुलामी की मानसिकता वाले कानूनों को खत्म करने की योजना बना रही है। मोदी सरकार ने राजपथ को कर्तव्य पथ और इंडिया गेट को नेताजी सुभाष चंद्रबोस के नाम से करके शहीदों का गौरव बढ़ाया है।रक्षा मंत्री ने कहा कि जी-20 सम्मेलन भारत में होने जा रहा है। इस ग्रुप में काफी ताकतवर देश शाामिल हैं। पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था पर इन देशों का कब्जा होता था। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले अर्थव्यवस्था के मामले में 11वें स्थान पर थे। इन आठ सालों में हम दुनिया के पांच बड़े दशों में शामिल हो गए हैं। उन्होंने कहा कि वह दिन दूर नहीं कि भारत 8 से 10 सालों में दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश होगा। उन्होंने कहा कि जब भारत अपनी आजादी के 100 साल मनाएगा यानि की 2047 तक हम अमेरिका और चीन को पछाड़ हुए पूरी दुनिया में सबसे ताकतवर देश के रूप में होंगे।

……बाक्स…..

पृथ्वी राज चौहान हमारे गौरव और हिम्मत का प्रतीक: सीएम मनोहर लाल

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि महाराजा पृथ्वीराज चौहान ने  सामाजिक, सांस्कृतिक गौरव को बढ़ाया। वे हमारी हिम्मत और दयालुता के प्रतीक हैं। लेकिन यह दुर्भाग्य की बात है कि हमारे इतिहास का विकृत स्वरूप कई वर्षों तक दिखाया गया है और उसे तोड़ मरोड़ कर पेश किया गया। इसलिए हमारी सरकार ने पृथ्वीराज चौहान के नाम पर शोध संस्थान एवं स्मारक तरावड़ी में बनाने की घोषणा की है। सीएम ने कहा कि हमने संत महापुरूष विचार प्रसार योजना बनाकर महापुरूषों को याद करने की पहल की है। अग्निवीर योजना पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जो युवा आर्मी में अपना चार साल पूरा करके आएगा उसके रोजगार की गारंटी हरियाणा सरकार की है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की आबादी देश की आबादी का दो प्रतिशत है, लेकिन आर्मी में हमारे युवाओं की भागीदारी 10 प्रतिशत है। हमारे युवा सेना में जाने के नाम से उत्साहित रहते हैं। अग्निवीर के आने से समाज में अनुशासन स्थापित होगा।राजपूत सभा झज्जर के वित्तीय मामलों का हल निकालते हुए उन्होंने धर्मशाला के निर्माण के लिए 21 लाख रुपये देने की घोषणा की।  बाद में रक्षा मंत्री ने मंच से लगभग इस रकम को एक करोड़ तक पहुंचा दिया, जिससे राजपूत समाज के लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई। मंच से उठाई गई मांगों पर सीएम ने कहा कि अभी एक चरण के चुनाव बाकी है। चुनाव के बाद नई पंचायतों को विकास के कार्यों के लिए 100 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने मातन हेल सैनिक स्कूल के लिए रक्षा मंत्री से स्कूल के निर्माण का काम जल्द कराने का आग्रह किया। सीएम ने यह भी कहा कि एचएसवीएन के सेक्टर-6 और 9 को विकसित कराया जाएगा और जलभराव की समस्याओं का जल्द समाधान करा दिया जराएगा। सड़कों को और बेहतर बनवाने का आश्वासन भी मुख्यमंत्री ने दिया।

.

Related posts

हरियाणा सरकार सामाजिक दूरी के उल्लंघन करने पर जुर्माना वसूलेंगी, कोरोना की मार, रोजगार की मार, टैक्स की मार, अब यह मार, क्या करें इंसान

Ajit Sinha

चंडीगढ़: हरियाणा सरकार ने आज तुरंत प्रभाव से 7 आईएएस  अधिकारियों के तबादले किए हैं-लिस्ट पढ़े

Ajit Sinha

आर्थिक सर्वेक्षण जमीनी हालात से बिल्कुल परे, असलियत में लोगों के हालात ठीक नहीं हैं- गोगोई

Ajit Sinha
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
//jouptath.net/4/2220576
error: Content is protected !!
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x