अजीत सिन्हा की रिपोर्ट 
चंडीगढ़:उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री और बाबा बुलडोजर के नाम से प्रसिद्ध योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को सिरसा की अनाजमंडी में भाजपा के प्रत्याशी डा. अशोक तंवर के समर्थन में आयोजित ‘महा विजय संकल्प’ रैली में उमड़े जनसैलाब को संबोधित किया। रैली में भगवा रंग के झंडे लहराते हुए हजारों युवा, महिलाएं, किसान, मजदूर सहित प्रत्येक वर्ग से लोग पहुंचे। जनसैलाब को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस में क्रूर शासक औरंगजेब की आत्मा घुस गई। औरंगजेब ने सत्ता के लिए अपने भाई की हत्या कर दी और अपने पिता को जेल भेज दिया। कांग्रेस भी इसी संस्कृति पर चल रही है। योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस के घोषणा पत्र का हवाला देते हुए कहा कि कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में खतरनाक बात लिखी है। सत्ता में आने पर कांग्रेस ने प्रत्येक नागरिक की संपत्ति का सर्वे करवाने की बात कही है।

कांग्रेस आपके पिता-दादा की संपत्ति का सर्वे करवाकर आधी प्रॉपर्टी छीन लेगी और उसे पाकिस्तानियों व मुसलमानों को दे देगी। इससे पहले महारैली में पहुंचने पर डा. अशोक तंवर, कांग्रेस की जिलाध्यक्ष निताशा सिहाग व सिरसा की सांसद सुनीता दुग्गल ने योगी आदित्यनाथ को पगड़ी पहनाई तो पूर्व विधायक बलकौर सिंह, रामचंद्र कम्बोज, आदित्य देवीलाल व वेद फुला ने श्री हरमंदिर साहिब का स्वरूप स्मृति चिह्न के रूप में दिया। इस अवसर पर उड़ीसा के पूर्व राज्यपाल प्रो. गणेशी लाल, राज्यसभा के सदस्य सुभाष बराला, बाबा केशवनाथ, डेरा बाबा सरसाई नाथ के महंत सुंदराईनाथ, सिरसा की सांसद सुनीता दुग्गल पूर्व मंत्री राव नरबीर सिंह, सिरसा के विधायक गोपाल कांडा, फतेहाबाद के विधायक दुड़ाराम, रतिया के विधायक लक्ष्मण नापा, पूर्व विधायक बलकौर सिंह व रामचंद्र काम्बोज, गोबिंद कांडा, आदित्य देवीलाल, भारत भूषण मिढ़ा, मीनू बेनीवाल, जगदीश चोपड़ा, देव कुमार शर्मा, मक्खन सिंगला, प्रदीप रातुसरिया,बलदेव मांगेआना, अशोक जाखड़, सागर केहरवाला, रेणु शर्मा, अमीर चंद मेहता, शीशपाल कंबोज, कपिल सोनी, सुनील बामनिया मौजूद थे। मंच संचालक भाजपा के प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया ने किया।योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कहा कि भारतीय जनता पार्टी तुष्टिकरण की नहीं, बल्कि संतुष्टिकरण की राजनीति करती है। यशस्वी प्रधानमंत्री और दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता नरेंद्र मोदी के शासनकाल में आज भारत सुरक्षित हो गया है और कोई आतंकी वारदातें नहीं होती है। पाकिस्तान को अब इस बात का अहसास हो गया है कि अब नया भारत छेड़ता नहीं, लेकिन अगर भारत को कोई छेड़ता है तो उसे वह छोड़ता भी नहीं है। अपने 19 मिनट के भाषण में उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा उम्मीदवार डा. अशोक तंवर को ऊर्जावान, लोकप्रिय एवं मेहनती उम्मीदवार बताते हुए लोगों से हाथ खड़े करवाकर सिरसा में कमल खिलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि 10 वर्षों में देश की तस्वीर एवं तकदीर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बदला है। भारत ने दुनिया में अपनी ताकत का एहसास करवाया है। 2014 से पहले हमारे देश की सीमाएं सुरक्षित नहीं थीं। आतंकी हमले होते थे। दुश्मन हमारे घर में घुस जाता था। बेटियां सुरक्षित नहीं थी और निर्दोष लोग मारे जाते थे। अब सीमाएं भी सुरक्षित हैं। सभी वर्गों का कल्याण है। दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ा है तो विकास की एक नई गाथा लिखी गई है। रेलवे, हाइवे, आई.आई.टी., एम्स, मैडीकल कालेज, विश्व स्तरीय विश्वविद्यालय बने हैं तो हर घर में नल के जरिए शुद्ध पानी पहुंचाया गया है।योगी आदित्यनाथ ने नाथ सम्प्रदाय के सिद्धयोगी बाबा सरसाईनाथ की धरा सिरसा को नमन करते हुए कहा कि सिरसा की धरा पर चौधरी देवीलाल जैसे सिद्धांतवादी नेता हुए, जिन्होंने प्रधानमंत्री का पद ठुकरा दिया। हरियाणा में किसानों के मसीहा सर छोटूराम हुए, जिन्होंने किसान-कमेरे के लिए ऐतिहासिक काम किए। योगी आदित्यनाथ ने सिरसा को श्री गुरुनानक देव जी, श्री गुरु गोबिंद सिंह की पावन स्मृतियों को समेटने वाली धरती बताते हुए ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम’ का उद्घोष किया तो ‘जो बोले-सो निहाल’ का जयकारा लगाया। उन्होंने कहा कि वे बाबा गोरखनाथ की धरती से यहां पर आए हैं और चार चरणों के बाद अब पांचवें चरण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लहर अब सुनामी में बदल चुकी है। योगी आदित्य नाथ ने कांग्रेस पर तथ्यों के साथ आरोप लगाते हुए कहा कि जब भाजपा एवं राजग मिलकर 400 पार की बात करते हैं तो कांग्रेस के लोगों को चक्कर आने लगता है, क्योंकि कांग्रेस 400 सीटों पर तो चुनाव ही नहीं लड़ रही है। योगी ने नारा देते हुए कहा कि जो राम को लाए हैं हम उनको लाएंगे। कांग्रेस को जो काम असंभव लगते थे, नरेंद्र मोदी ने संभव करके दिखा दिया है। कांग्रेस के शासनकाल में गरीबों का राशन कांग्रेस के लोग खा जाते थे। आज 80 करोड़ लोगों को राशन दिया जा रहा है, जबकि हमारा पड़ौसी मूल्क पाकिस्तान जिसकी आबादी 23-24 करोड़ है, जनता गेहूं के लिए सडक़ों पर हैं। एक किलो गेहूं के लिए पाकिस्तान में छीनाझपटी होती है। आज भारत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला है। 50 करोड़ लोगों के जन-धन खाते खोले गए हैं। 12 करोड़ किसानों के खाते में किसान सम्मान निधि की राशि डाली जा रही है। 12 करोड़ शौचालय बनाए गए हैं, तो उज्जवल योजना के तहत 10 करोड़ घरों में गैस कनेक्शन दिए गए हैं। 4 करोड़ जरूरतमंद के मकान बनाए गए हैं। अब तीसरी बार नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद 70 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्ति को 5 लाख का स्वास्थ्य लाभ दिया जाएगा। गरीबों को छत मुहैया करवाई जाएगी और सौर ऊर्जा के जरिए फ्री बिजली दी जा रही है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मोदी ने 140 करोड़ लोगों को अपना परिवार मानकर देशहित में कदम उठाए हैं। कांग्रेस सत्ता में रही तो उन्होंने हिंदुओं की भावनाओं से खिलवाड़ किया है।
Related posts
                    0
                    0
                    votes
                Article Rating
                
                             Subscribe
                            
                        
                                            
                             Login                        
                    
                        0 Comments                    
                                        
                    
                                                                        Oldest
                                                                        
                                
                                                
                                                                            Newest
                                                                                Most Voted
                                                                        
                             Inline Feedbacks                    
                    View all comments
                

