अजीत सिन्हा की रिपोर्ट
फरीदाबाद:फरीदाबाद के गांव काबुलपुर की गलियों में 4 दिन से पसरी बाढ़ की उदासी उस वक्त राहत में बदल गई,जब हरियाणा आपदा राहत बल (HSDRF) ने गर्भवती महिला निशा और उसके पति नवीन को सुरक्षित बचा लिया। दोनों अपने घर में पानी से घिरे हुए थे, मदद की कोई सीधी राह नहीं थी और हर पल का इंतजार उनके लिए असहनीय हो चला था। ऐसे संकट में मुख्य सिपाही पवन कुमार और उनकी सात सदस्यीय टीम ने वह कर दिखाया, जो असंभव सा प्रतीत हो रहा था। इस मौके पर दम्पति ने HSDRF की टीम का कोटि कोटि आभार व्यक्त किया। गांव के सरपंच रतन सिंह ने भी HSDRF की टीम द्वारा चलाए गए अभियान की प्रशंसा की।

इस अवसर पर नवीन ने HSDRF की टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे पिछले 3-4 दिनों से बाढ़ में फसे हुए थे और काफी घबराए हुए थे । उन्होंने कहा कि जलस्तर भी बढ़ता जा रहा था। ऐसे में स्थिति काफी चुनौतीपूर्ण हो गई थी। नवीन ने कहा क्यूंकि उनकी धर्मपत्नी गर्भवती है ऐसे में स्थिति और अधिक चिंताजनक थी । उन्होंने कहा क़ि HSDRF की टीम ने अपनी जान को जोखिम में डाल कर उन्हें नया जीवन दिया है जिसके लिए वे सदैव उनके आभारी रहेंगे।
कबूलपुर और उसके आसपास का इलाका मानो नदी में तब्दील हो गया था। पांच से दस फीट तक पानी भरा हुआ था, खेतों की जीरी और ज्वार की फसलें लहरों में डूब चुकी थीं। पगडंडियां और रास्ते सब लुप्त हो गए थे, जिससे इंसानी पहुंच लगभग नामुमकिन हो गई थी। इन हालात में HSDRF की टीम मोटर बोट लेकर आगे बढ़ी। रास्ते में जब कंटीली तारों ने बाधा डाली तो टीम ने उन्हें काटकर मार्ग बनाया। कीचड़, दलदल और गहराई भरे पानी से जूझते हुए जवानों ने अपने साहस, धैर्य और समर्पण से वह राह बनाई, जिस पर चलकर जीवन तक पहुंचा जा सके।

यह केवल एक बचाव कार्य नहीं था, बल्कि मानवता की सबसे सुंदर मिसाल थी। टीम ने एक मां बनने वाली महिला की तकलीफ को अपनी जिम्मेदारी समझे और उसके चेहरे पर लौटती मुस्कान को अपने साहस का सबसे बड़ा पुरस्कार माना। हरियाणा पुलिस और HSDRF ने यह साबित कर दिया कि नागरिकों की सुरक्षा केवल कर्तव्य नहीं, बल्कि एक भावनात्मक जिम्मेदारी भी है, जिसे वे हर परिस्थिति में निभाने के लिए तैयार हैं।इस बचाव ने केवल एक परिवार की जान नहीं बचाई, बल्कि बाढ़ से जूझ रहे पूरे इलाके को यह भरोसा दिलाया कि सरकार और पुलिस उनके साथ खड़ी है। यह बचाव कार्य सिद्ध करता है कि कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी साहस और संवेदनशीलता से हर बाधा को पार किया जा सकता है। HSDRF की यह सफलता हरियाणा पुलिस की उस स्लोगन को और मजबूत करती है, कि जनता की सुरक्षा और सेवा सर्वोपरि है। हरियाणा आपदा राहत बल (HSDRF) ने आपात स्थितियों में त्वरित सहायता और बचाव कार्य के लिए कंट्रोल रूम हेल्पलाइन नंबर 8800041114 जारी किया है। किसी भी प्रकार की प्राकृतिक आपदा, बाढ़, या अन्य संकट की स्थिति में नागरिक इस नंबर पर तुरंत संपर्क कर सकते हैं। यह हेल्पलाइन 24 घंटे सक्रिय रहती है। आमजन से अपील है कि आवश्यकता पड़ने पर इस नंबर पर तुरंत संपर्क करें, इसके अतिरिक्त फरीदाबाद पुलिस के कंट्रोल रूम नंबर 9999150000 पर भी संपर्क कर सकते हैं ताकि समय पर मदद पहुँचाई जा सके।
Related posts
0
0
votes
Article Rating
Subscribe
Login
0 Comments
Oldest
Newest
Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments

