Athrav – Online News Portal
दिल्ली राजनीतिक राष्ट्रीय

कांग्रेस ने भारतीय सेना का मनोबल बढ़ाने के लिए हर प्रदेश में ‘जय हिंद यात्रा’ निकालने का ऐलान किया

अजीत सिन्हा की रिपोर्ट 
नई दिल्ली:पाकिस्तान में पनप रहे आतंकवाद के खिलाफ एकजुटता दिखाने और भारतीय सेना का मनोबल बढ़ाने के लिए कांग्रेस ने सभी प्रदेशों में ‘जय हिंद यात्रा’ निकालने का ऐलान किया है। नई दिल्ली स्थित कांग्रेस कार्यालय में पत्रकार वार्ता करते हुए पार्टी प्रवक्ता डॉ. रागिनी नायक बसोया ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय सेना लगातार अपने शौर्य व पराक्रम से नए मानक स्थापित कर रही है और पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दे रही है। डॉ. नायक ने कहा कि कांग्रेस ने ये साफ कर दिया है कि ये दलगत राजनीति का समय नहीं है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के कुत्सित प्रहारों का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए सेना दिन-रात एक कर रही है। ऐसे में कांग्रेस पार्टी ने देश की सेना का मनोबल बढ़ाने के लिए तिरंगे को हाथ में लेकर हर प्रदेश में ‘जय हिंद यात्रा’ निकालने का निर्णय लिया है।

डा रागिनी नायक ने बताया कि यह यात्रा इसलिए जरूरी है, ताकि दुनिया को यह संदेश दिया जा सके कि पाकिस्तान की आतंकवादी गतिविधियों के विरोध में देश के सभी धर्मों और समुदायों के लोग एकजुट हैं। उन्होंने देशवासियों से इस यात्रा में शामिल होकर सेना का मनोबल बढ़ाने की अपील की। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि तिरंगा भारत का धर्म है और जब तिरंगे पर आंच आती है,तो हर भारतीय एकजुट हो जाता है। उन्होंने 1971 के युद्ध का उदाहरण देते हुए कहा कि जब पाकिस्तान की नापाक नजर भारत के तिरंगे पर पड़ी थी तो, पाकिस्तान के दो टुकड़े कर दिए गए थे। भारत ने 1999 में भी कारगिल युद्ध के दौरान अदम्य साहस और रणनीतिक कौशल का प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को करारा जवाब दिया था। उन्होंने कहा कि अब एक बार फिर पाकिस्तान को उसकी हरकतों का माकूल जवाब देने का समय आ गया है। डॉ. नायक ने भारत की कार्रवाई में मारे गए आतंकवादियों को पाकिस्तान द्वारा राजकीय सम्मान देने की भी आलोचना करते हुए कहा कि आतंकियों ने पहलगाम में निर्दोष पर्यटकों को गोलियों से भून डाला गया। जवाब में भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पीओके के नौ आतंकी ठिकानों को ध्वस्त किया। लेकिन पाकिस्तान की पूरी सेना इस ऑपरेशन में आतंकवादियों के मारे जाने का मातम मना रही है। यह पाकिस्तान के आतंकवादी देश होने का सबूत है। उन्होंने आगे कहा कि पाकिस्तान लगातार कश्मीर के सीमावर्ती इलाकों में रहने वाले निर्दोष लोगों व बच्चों पर गोलाबारी कर रहा है और इंसानियत को शर्मसार कर रहा है। कांग्रेस प्रवक्ता ने सरकार से सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की पार्टी की मांग दोहराई। उन्होंने पुंछ में जान गंवाने वालों के प्रति संवेदना व्यक्त की और सरकार से उनके परिजनों की देखभाल करने एवं घायलों का इलाज कराने की भी मांग की। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) द्वारा पाकिस्तान को ऋण देने का विरोध करती है, क्योंकि पाकिस्तान इस पैसे का इस्तेमाल आतंकवाद को बढ़ावा देने के लिए करेगा। उन्होंने भारत सरकार से पाकिस्तान को प्रस्तावित आर्थिक पैकेज का विरोध दर्ज कराने की अपील की।

Related posts

मंजिलों तक सही समय पर पहुंचना है, तो अपने समय से पहले ही घरों को छोड़ दें, जलभराव ,जाम का सामना करना पद सकता है।

Ajit Sinha

दिल्ली: फैक्ट्री में आग के बाद जोरदार धमाका , दमकल कर्मी समेत कई लोग फंसे, रेस्क्यू जारी

Ajit Sinha

SBI : दुनिया के टॉप-50 बैंकों में शुमार

Ajit Sinha
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
error: Content is protected !!
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x