Athrav – Online News Portal
दिल्ली राजनीतिक राष्ट्रीय

राहुल बोले- प्रधानमंत्री जातिगत जनगणना को रोकने का प्रयास कर रहे, कांग्रेस देश में जाति जनगणना करके दिखाएगी.


अजीत सिन्हा की रिपोर्ट 
नई दिल्ली:लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जातिगत जनगणना को रोकने का प्रयास कर रहे हैं। कांग्रेस और इंडिया गठबंधन देश से वादा करते हैं कि वे जातिगत जनगणना करके दिखाएंगे। आरक्षण की सीमा को 50 प्रतिशत से ज्यादा किया जाएगा। उन्होंने झारखंड में इंडिया गठबंधन द्वारा आदिवासियों को 28 प्रतिशत, दलितों को 12 प्रतिशत और पिछड़े वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण देने के वादे को भी दोहराया।झारखंड के धनबाद में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि देश में करीब 50 प्रतिशत ओबीसी, 15 प्रतिशत दलित, आठ प्रतिशत आदिवासी वर्ग के लोग हैं। लेकिन इन वर्गों की देश में कोई भागीदारी नहीं है। इसे बदलने का सबसे बड़ा तरीका जाति जनगणना है। इससे देश को पता लग जाएगा कि देश में पिछड़े, आदिवासी और दलित कितने हैं। देश का धन कैसे बंटा है। सरकारी संस्थाओं में किस वर्ग की कितनी भागीदारी है। जाति जनगणना होते ही हिंदुस्तान में क्रांतिकारी राजनीति शुरू हो जाएगी। वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि भाजपा आदि वासियों को वनवासी कहती है। आदिवासी का मतलब देश का पहला मालिक होता है। वहीं वनवासी का मतलब है जंगल में रहने वाले लोग, जिनका देश के संसाधनों पर कोई अधिकार नहीं है। भाजपा धीरे-धीरे आदिवासियों से जंगल छीन रही है। लेकिन इंडिया गठबंधन मानता है कि जल, जंगल, जमीन पर आदिवासियों का पहला अधिकार है और उसका फायदा आदिवासियों को मिलना चाहिए। जनता की भारी भीड़ के बीच उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सिर्फ चुनिंदा उद्योगपतियों के लिए काम करने का आरोप लगाया। राहुल गांधी ने कहा कि उन्होंने एक बार देखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तार के पीछे खड़े गरीब बच्चों से झिझक कर मिले रहे थे। हिंदुस्तान के प्रधानमंत्री गरीबों, किसानों, दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों के पास जाते ही नहीं हैं। वो सिर्फ अडानी-अंबानी के पास जाते हैं। वो कभी किसी गरीब के यहां शादी में नहीं गए, लेकिन अंबानी के बेटे की शादी में चले गए। इससे पता चलता है कि वो आपके (आम जनता) नहीं हैं, वो उनके(चुनिंदा उद्योगपतियों) हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि आज सच्चाई यह है कि हिंदुस्तान में युवा और महिलाएं दुखी हैं। देश के युवा बेरोजगारी के कारण दुखी हैं और महिलाएं महंगाई से दुखी हैं। मोदी जी सिर्फ बड़े-बड़े भाषण देते हैं, करते कुछ नहीं है। नरेंद्र मोदी ने हर चीज पर जीएसटी लगा दिया है। टैक्स का पूरा ढांचा देश के गरीब लोगों से पैसा लेने का तरीका है।राहुल गांधी ने कहा कि इस लोकसभा चुनाव में केंद्र में इंडिया गठबंधन की सरकार नहीं बनी। लेकिन आने वाले समय में केंद्र में इंडिया गठबंधन और कांग्रेस की सरकार आएगी। यह किसानों, मजदूरों, छोटे व्यापारी,गरीबों की मदद करने वाली सरकार होगी। उन्होंने जनता से झारखंड चुनाव में कांग्रेस समेत इंडिया गठबंधन के उम्मीदवारों को भारी मतों से जिताने की अपील की और राज्य के लिए गठबंधन की गारंटियों को भी गिनाया।

Related posts

भाजपा ने ढाई करोड़ रोजगार का वादा किया था लेकिन आज साढ़े चार करोड़ युवाओं को बेरोजगार बना दिया:दिग्विजय

Ajit Sinha

आतंकवाद के खिलाफ इस बिल पर सदन के अंदर ‘एक सोच’ होती तो एक अच्छा मैसेज जाता: केंद्रीय गृह मंत्री

Ajit Sinha

भाजपा महिलाओं के लिए ‘बलात्कारी जनता पार्टी’ बन चुकी है- कांग्रेस

Ajit Sinha
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
error: Content is protected !!
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x