Athrav – Online News Portal
दिल्ली राजनीतिक राष्ट्रीय हाइलाइट्स

दिल्ली ब्रेकिंग:अधिक से अधिक युवाओं को राजनीति और सार्वजनिक जीवन में भागीदारी करनी चाहिए- सोनिया गांधी


अजीत सिन्हा की रिपोर्ट 
नई दिल्ली:कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी द्वारा अपने जीवन पर लिखी गई पुस्तक ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ का सोमवार को नई दिल्ली में औपचारिक विमोचन किया गया। इस अवसर पर बातचीत में सोनिया गांधी ने अपनी निजी जिंदगी, पति राजीव गांधी से पहली मुलाकात, सास इंदिरा गांधी के साथ रिश्ते, राजनीतिक सफर और परिवार के संघर्षों से जुड़े कई अनछुए पहलुओं को साझा किया। सोनिया गांधी ने कहा कि यह पुस्तक उनके परिवार के बारे में वर्षों से कही जाती रही झूठी और भ्रामक कहानियों की सच्चाई सामने रखने की एक कोशिश है।

इस दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, महासचिव प्रियंका गांधी, पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, केरलम के मुख्यमंत्री वीडी सतीशन, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, नेशनल कॉन्फ्रेंस प्रमुख फारूक अब्दुल्ला, एनसीपी (एसपी) से सुप्रिया सुले, तृणमूल कांग्रेस से अभिषेक बनर्जी, पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती, पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह समेत देशभर की राजनीति और सामाजिक क्षेत्र से जुड़ी हस्तियां मौजूद थी।

इस पुस्तक के प्रकाशक हार्परकॉलिन्स की पौलोमी चटर्जी के साथ बातचीत में किताब लिखने के अनुभव को साझा करते हुए सोनिया गांधी ने कहा कि शुरुआत में उनके लिए काफी मुश्किल था। हालांकि, जवानी के दिनों और राजीव गांधी से पहली मुलाकात की यादें सहज रूप से सामने आती गईं। उन्होंने कहा कि सब से दर्दनाक हिस्से इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की हत्याओं से जुड़े थे। उन घटनाओं को याद करते हुए उन्होंने कहा,”वे बहुत मुश्किल पल थे। जो हुआ उससे मैं स्तब्ध, हैरान और दुखी थी।”पुस्तक के शीर्षक ‘बिलॉन्गिंग’ यानी अपनत्व से जुड़े सवाल पर सोनिया गांधी ने कहा कि यह उनके व्यक्तिगत अनुभवों से जुड़ा है, लेकिन ऐसी चुनौतियां केवल उनके सामने ही नहीं आईं। भारत में शादी के बाद ससुराल आने वाली अनेक महिलाओं को नए परिवार और वहां की परंपराओं के अनुरूप खुद को ढालने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उनके मामले में यह चुनौती इसलिए और बड़ी थी, क्योंकि वह बिल्कुल अलग सामाजिक एवं सांस्कृतिक परिवेश से आई थीं।भारत से जुड़ाव के सवाल पर सोनिया गांधी ने राजीव गांधी के निर्वाचन क्षेत्र के अपने शुरुआती दौरों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वहां के लोग बेहद सहज और स्पष्टवादी थे। उन्हें उनके विदेशी मूल या अलग उच्चारण से कोई परेशानी नहीं थी। उनके लिए यह मायने रखता था कि क्या वह उनसे मिलने, उनसे बात करने और उनकी समस्याओं को समझने को तैयार हैं। उन्होंने कहा,” मुझे उनके साथ घर जैसा महसूस होने लगा।” उन्होंने 2004 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत को भी ऐसा महत्वपूर्ण अवसर बताया, जब उन्हें लगा कि देश ने उन्हें पूरी तरह अपना लिया है।
अपने जीवन में मिले संस्कारों और सीख का उल्लेख करते हुए सोनिया गांधी ने अनुशासन, समय की पाबंदी, साहस एवं दृढ़ संकल्प को महत्वपूर्ण गुण बताया। उन्होंने कहा कि ये मूल्य उन्होंने अपनी सास इंदिरा गांधी जी से सीखे। राजीव गांधी के राजनीति में आने के फैसले का जिक्र करते हुए सोनिया गांधी ने बताया कि उन्होंने शुरुआत में इसका विरोध किया था। इसकी वजह यह थी कि उन्होंने इंदिरा गांधी को पूरी जिंदगी सार्वजनिक जीवन और राजनीतिक जिम्मेदारियों में समर्पित रहते देखा था। उन्हें आशंका थी कि राजनीति की कठिन परिस्थितियों में कहीं वह अपने पति को भी न खो दें। हालांकि, राजीव गांधी के राजनीति में आने के बाद उनका रिश्ता और मजबूत हुआ।राजीव गांधी की हत्या को अपनी जिंदगी का सबसे बड़ा व्यक्तिगत आघात बताते हुए सोनिया गांधी ने कहा कि राहुल और प्रियंका ने उस कठिन समय में उन्हें संभालने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, “मेरे बेटे और बेटी दोनों ने मेरी मदद की। मैं बच्ची बन गई और वे माता-पिता जैसे बन गए।”बातचीत के दौरान उन्होंने राहुल और प्रियंका गांधी के बचपन के संघर्षों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी के प्रधानमंत्री रहने के दौरान परिवार पर कड़े सुरक्षा प्रतिबंध थे। बच्चों की जिंदगी लगभग कैद जैसी हो गई थी।
किताब को लेकर लोगों की प्रतिक्रिया पर सोनिया गांधी ने कहा कि उन्हें जनता से मिले प्यार और स्नेह ने अभिभूत कर दिया है।
युवाओं को राजनीति में आने का संदेश देते हुए सोनिया गांधी ने कहा कि अधिक से अधिक युवाओं को राजनीति और सार्वजनिक जीवन में भागीदारी करनी चाहिए। उन्होंने युवाओं द्वारा अपनी आवाज उठाने और एकजुट होकर अपने अधिकारों की मांग करने पर खुशी जताई। उनके मुताबिक, यह देश के भविष्य के लिए एक सकारात्मक संकेत है। इस अवसर पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि राजीव गांधी के साथ उनकी मां ने प्यार और खुशियों से भरी जिंदगी बिताई थी, लेकिन एक ही दिन में सब कुछ बदल गया। पिता राजीव गांधी की हत्या के बाद के दौर को याद करते हुए उन्होंने कहा कि वह उनकी मां के लिए बेहद भयावह समय था। उन्होंने बताया कि पिता के चले जाने के बाद पहले की हंसमुख मां कहीं खो गई थीं और उनकी जगह एक बदली हुई मां ने ले ली थी।राहुल गांधी ने कहा कि इस कठिन दौर में भारत के लोगों ने सोनिया गांधी को अपनाया और उन्हें यह एहसास कराया कि वह अकेली नहीं हैं। देश के लोगों ने उनसे कहा कि आप हमारी हैं और हम आपके हैं। राहुल के अनुसार, लोगों के इसी प्यार और अपनत्व ने उनकी मां के जीवन में एक नया रास्ता खोला। उन्होंने कहा कि भारत की जनता ने उन्हें अपने परिवार का हिस्सा मानकर एक नई शुरुआत का अवसर दिया।

Related posts

शहीद स्मारक की शान बढ़ी : ऊर्जा मंत्री अनिल विज के आग्रह पर सेना ने भेंट की पांच ‘पुराने समय की’ ऐतिहासिक राइफलें

Ajit Sinha

कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह ने कहा मोदी सरकार देश के अन्नदाता को थकाने और झुकाने की साजिश पर काम कर रही है देखें वीडियो 

Ajit Sinha

पंजाब में आम आदमी पार्टी की हुई ऐतिहासिक जीत के बाद, अब फरीदाबाद नगर निगम चुनाव में आप का होगा कब्ज़ा- ओ पी वर्मा

Ajit Sinha
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
error: Content is protected !!
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x