

अजीत सिन्हा की रिपोर्ट
पंचकूला:पुलिस की जिम्मेदारी केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर अंकुश लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरत पड़ने पर किसी भी नागरिक की जान बचाने के लिए तत्पर रहना भी पुलिस के मानवीय कर्तव्य का अहम हिस्सा है। इसी का सराहनीय उदाहरण आज पंचकूला में देखने को मिला, जहां इंद्रधनुष ऑडिटोरियम, सेक्टर-5 में आयोजित हरियाणा ग्रामीण चौकीदार सम्मान समारोह शुरू होने से पहले अचानक एक चौकीदार की तबीयत बिगड़ गई और वह जमीन पर गिर पड़ा।

मौके पर सिविल कपड़ों में तैनात पंचकूला पुलिस के जवान सिपाही अनिल कुमार ने बिना समय गंवाए तुरंत मोर्चा संभाला और चौकीदार को सीपीआर देना शुरू किया। पुलिसकर्मी की त्वरित कार्रवाई और सूझबूझ से चौकीदार की हालत में सुधार हुआ और उसे तत्काल उपचार के लिए सिविल अस्पताल सेक्टर-6 पहुंचाया गया।

डीसीपी पंचकूला आईपीएस अदिति सिंह के अनुसार, समारोह के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से जमीन पर गिरे व्यक्ति की पहचान यासीन मोहम्मद, उम्र 52 वर्ष, निवासी रायपुररानी, पंचकूला के रूप में हुई है। घटना के समय सिपाही अनिल कुमार सिविल कपड़ों में मौके पर तैनात थे। जैसे ही उन्हें चौकीदार के अचानक गिरने की जानकारी मिली, उन्होंने तुरंत स्थिति की गंभीरता को समझते हुए बिना देरी किए सीपीआर देना शुरू कर दिया।

सीपीआर देने के बाद यासीन मोहम्मद को कुछ होश आया, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है और चिकित्सकों द्वारा उनकी आवश्यक जांच एवं उपचार किया जा रहा है।

पंचकूला पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने सिपाही अनिल कुमार की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें अपने ऐसे पुलिसकर्मियों पर गर्व है, जो अपनी ड्यूटी को केवल एक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जनसेवा का माध्यम मानकर निभाते हैं। पुलिसकर्मी कानून व्यवस्था बनाए रखने, अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ जरूरत के समय नागरिकों की जान बचाने के लिए भी हमेशा तत्पर रहते हैं।

पंचकूला पुलिस आमजन से अपील करती है कि आपातकालीन परिस्थितियों में घबराने के बजाय सूझबूझ से काम लें और जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध करवाएं। समय पर उठाया गया एक सही कदम किसी की जिंदगी बचाने में निर्णायक साबित हो सकता है।
Related posts
0
0
votes
Article Rating
Subscribe
Login
0 Comments
Oldest
Newest
Most Voted

