Athrav – Online News Portal
दिल्ली राष्ट्रीय हाइलाइट्स

कांग्रेस अध्यक्ष ने एम.एस. स्वामीनाथन रिसर्च फाउंडेशन को डॉ. वाई.एस.राजशेखर रेड्डी पुरस्कार से किया सम्मानित।

अजीत सिन्हा की रिपोर्ट 
नई दिल्ली:कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बुधवार को नई दिल्ली में एम.एस. स्वामीनाथन रिसर्च फाउंडेशन को किसानों, कृषि और ग्रामीण समृद्धि के क्षेत्र में उसके योगदान के लिए डॉ. वाई.एस. राजशेखर रेड्डी पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया। यह पुरस्कार डॉ. वाई.एस. राजशेखर रेड्डी की 17वीं पुण्यतिथि के अवसर पर डॉ. वाई.एस.आर. और डॉ. के.वी.पी. फाउंडेशन द्वारा आयोजित विशेष समारोह में दिया गया। इस दौरान तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी, कांग्रेस महासचिव एवं संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश, तेलंगाना के उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क, तेलंगाना कांग्रेस अध्यक्ष महेश गौड़, डी. श्रीधर बाबू, रघुवीरा रेड्डी, मीनाक्षी नटराजन, उत्तम रेड्डी समेत समेत अनेक वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

अपने संबोधन में खरगे ने कहा कि यह पुरस्कार गरीबों के प्रति संयुक्त आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. वाई.एस. राजशेखर रेड्डी के अटूट समर्पण और महान कृषि वैज्ञानिक डॉ. एम.एस. स्वामीनाथन के जनकल्याणकारी वैज्ञानिक दृष्टिकोण का संगम है। उन्होंने कहा कि दोनों का विश्वास था कि भारत की प्रगति तभी सार्थक है, जब उसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।खरगे ने डॉ. वाई.एस. राजशेखर रेड्डी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने आंध्र प्रदेश में कठिन परिस्थितियों के दौरान कांग्रेस पार्टी को पुनर्जीवित किया था। वर्ष 2004 में मुख्यमंत्री बनने से पहले राजशेखर रेड्डी ने भीषण गर्मी में 1,400 किलोमीटर से अधिक की ऐतिहासिक पदयात्रा की थी और सीधे जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को सुना था। सत्ता में आने के बाद उन्होंने गरीबों को आरोग्यश्री योजना के माध्यम से मुफ्त स्वास्थ्य सुरक्षा दी, इंदिरम्मा इंदलू योजना से बेघर परिवारों को पक्के मकान दिए और किसानों को मुफ्त बिजली दी।महान वैज्ञानिक और मरणोपरांत भारत रत्न से सम्मानित डॉ. एम.एस. स्वामीनाथन के योगदान को याद करते हुए खरगे ने कहा कि स्वामीनाथन हरित क्रांति में अपने योगदान के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने कहा कि 1960 के दशक में भारत अकाल और खाद्यान्न संकट से जूझ रहा था। पंडित जवाहरलाल नेहरू और लाल बहादुर शास्त्री के कार्यकाल में कृषि सुधारों की तकनीकी नींव रखी गई, जिसे पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने अपनी मुख्य प्राथमिकता बनाया। खरगे ने कहा कि डॉ. स्वामीनाथन ने खुद श्रीमती इंदिरा गांधी को भूख के खिलाफ सबसे सफल योद्धा बताया था। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि हरित क्रांति के परिणामस्वरूप 1960-61 से 1980-81 के दो दशकों में देश में चावल का उत्पादन 34.6 मिलियन टन से बढ़कर 53.6 मिलियन टन हो गया, जबकि गेहूं का उत्पादन तीन गुना से अधिक बढ़कर 11 मिलियन टन से 36.3 मिलियन टन तक पहुंच गया। उन्होंने कहा कि डॉ. स्वामीनाथन का मानना था कि ग्रामीण विकास केवल अधिक कृषि उत्पादन नहीं, बल्कि ग्रामीण लोगों के जीवन की गुणवत्ता, सामाजिक समानता और पर्यावरण संरक्षण से भी जुड़ा है। उनकी ‘सदाबहार क्रांति’ (एवरग्रीन रिवॉल्यूशन) की अवधारणा विज्ञान के माध्यम से उत्पादन बढ़ाने के साथ भूमि, जल, आजीविका और ग्रामीण समुदायों की गरिमा की रक्षा पर आधारित थी। खरगे ने कहा कि वर्तमान में डॉ. स्वामीनाथन की बेटियां डॉ. सौम्या स्वामीनाथन, डॉ. मधुरा स्वामीनाथन और प्रो. नित्या राव उनके वैज्ञानिक व सामाजिक विजन को निष्ठापूर्वक आगे बढ़ा रही हैं। समारोह में जलवायु परिवर्तन के बढ़ते प्रभावों पर चिंता व्यक्त करते हुए खरगे ने कहा कि अनिश्चित मानसून, बाढ़ और सूखा अब केवल पर्यावरणीय मुद्दे नहीं हैं, बल्कि ये किसानों की फसल और आजीविका छीनकर ग्रामीण परिवारों को कर्ज के जाल में धकेल रहे हैं। देश के ग्रामीण समुदायों को केवल चुनाव या आपदा के समय याद करने के बजाय संकट आने से पहले सुरक्षा प्रदान करने वाले विकास मॉडल की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी के भूमि सुधारों से लेकर राजीव गांधी के टेक्नोलॉजी मिशन, पंचायती राज के ऐतिहासिक सशक्तिकरण और सोनिया गांधी की देखरेख में यूपीए सरकार के राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम तथा ‘काम के बदले अनाज’ कार्यक्रम तक, कांग्रेस ने हमेशा ग्रामीण भारत के कल्याण को अपनी मुख्य नीति बनाया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि राजशेखर रेड्डी की जनकल्याणकारी नीतियां और एम.एस. स्वामीनाथन रिसर्च फाउंडेशन का वैज्ञानिक कार्य इसी साझा सोच को चरितार्थ करता है। इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष ने आरएसएस-भाजपा पर भी निशाना साधा और पूछा कि वर्तमान मोदी सरकार की क्या उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि आरएसएस के एक नेता अपने भाषण में कह रहे थे कि हिंदुस्तान में सब कुछ ठीक है और बहुत सी चीजें सुधर गए हैं। खरगे ने कहा कि ये काम आरएसएस ने नहीं, बल्कि कांग्रेस पार्टी ने किए हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आरएसएस-भाजपा के जो लोग चोरी कर रहे हैं, उन्हें पकड़ने के लिए भी कांग्रेस को उनके पीछे भागना पड़ रहा है।

Related posts

दिल्ली, उपराज्यपाल विनय सक्सेना ने आज श्रद्धानंद मार्ग और खान मार्केट में दो महिला पुलिस चौकियों का किया उद्घाटन

Ajit Sinha

बीजेपी ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह ,श्रीमती निर्मला सीतारमण, नरेंद्र सिंह तोमर को पर्यवेक्षक किया नियुक्त।

Ajit Sinha

फरीदाबाद:अंतरराष्ट्रीय शिल्प महाकुंभ का हुआ भव्य समापन, देशी विदेशी कलाकारों और पर्यटकों ने हरियाणा सरकार का जताया आभार।

Ajit Sinha
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
error: Content is protected !!
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x