
अरविन्द उत्तम की रिपोर्ट
रक्षाबंधन के पावन पर्व से ठीक पहले नोएडा में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। सेक्टर-20 निवासी 13 वर्षीय आयुष शुक्ला उर्फ हैप्पी को उसके साथी बर्थडे पार्टी के बहाने घर से बुलाकर ले गए और बेरहमी से हत्या कर शव को सेक्टर-54 के पार्क में फेंक दिया। दिनांक 17 अगस्त से लापता आयुष का शव मिलने के बाद पोस्टमार्टम हाउस पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। आयुष बहनो का अकेला भाई था,बहनें बार-बार यही सवाल कर रही हैं कि आखिर भगवान ने उनके भाई को इतनी जल्दी क्यों बुला लिया। परिवार का सीधा आरोप है कि शिकायत के बावजूद दो थानों की पुलिस सीमा विवाद में उलझी रही और समय रहते कार्रवाई नहीं की।नोएडा के सेक्टर 94 स्थित पोस्टमार्टम पर आयुष के परिजनों का रो- रो कर बुरा हाल है. मृतक आयुष की मां योगमाया का दर्द आंखों से छलक रहा है। उनका कहना है कि मेरे बच्चे को इंसाफ दिला दो… बर्थडे के बहाने बुलाकर ले गए और मेरे बच्चे को मार दिया। उसका एनकाउंटर करवा दो, मेरे बच्चे को मार डाला…
परिजनों के अनुसार, 17 अगस्त को दोस्त आयुष को बर्थडे का झांसा देकर ले गए थे। देर रात तक जब वह घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने तलाश शुरू की। मां का आरोप है कि वे सेक्टर-12/22 चौकी और सेक्टर-24 व सेक्टर-20 थाने के चक्कर काटती रहीं, लेकिन पुलिस ने नशा उतरने की बात कहकर और सीमा विवाद बताकर चार दिनों तक गुमशुदगी तक दर्ज नहीं की। दिनांक 21 अगस्त को सेक्टर-54 के पार्क में शव मिला , जिसकी शिनाख्त पोस्टमार्टम हाउस में हाथ में बंधे कलावा/धागे से मां ने की। बहनों का इकलौता भाई छिन जाने से गुस्साए परिजनों ने पोस्टमार्टम हाउस पर आरोपियों के एनकाउंटर की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया। आयुष की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा अपडेट दिया है। एडिशनल डीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर तत्काल मुकदमा दर्ज कर एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में ले लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। वहीं, किशोर के शव के पोस्टमॉर्टम में शरीर पर कोई जाहिरा चोट नहीं पाई गई है और मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए बिसरा प्रिजर्व कर लिया गया है।
Related posts
0
0
votes
Article Rating
Subscribe
Login
0 Comments
Oldest
Newest
Most Voted

