अजीत सिन्हा की रिपोर्ट
चंडीगढ़: हरियाणा पुलिस द्वारा अपराध और नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कुरुक्षेत्र पुलिस ने गांव तलहेड़ी में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 6 किलोग्राम अफीम, 21 लाख रुपये नकद तथा सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। इस संबंध में थाना इस्माईलाबाद में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट सहित अन्य मामलों में केस दर्ज हैं। कानून के तहत ऐसी संपत्तियों को जब्त करने तथा अवैध निर्माणों के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। नशा तस्करों की आर्थिक कमर तोड़ना और उनके आपराधिक नेटवर्क को समाप्त करना पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है।

डीजीपी अजय सिंघल ने कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था को बाधित करने वाले हार्डकोर अपराधियों,गैंगस्टरों और विदेश या प्रदेश से बाहर बैठकर आपराधिक गतिविधियों को संचालित करने वालों के खिलाफ हरियाणा पुलिस सख्त व कड़ी कानूनी कार्रवाई कर रही है। विशेष रूप से एक्सटॉर्शन कॉल, धमकी और संगठित अपराध के जरिए प्रदेश में भय का माहौल पैदा करने वाले अपराधियों के नेटवर्क पर पुलिस की लगातार नजर है। उन्होंने कहा कि ऐसे अपराधियों के खिलाफ कानूनी और तकनीकी माध्यमों से कार्रवाई करते हुए उनके संपर्कों, सहयोगियों और आर्थिक नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। कोई अपराधी कानून की पहुंच से बाहर नहीं है और समय रहते उन पर एक्शन भी लिया जा रहा है। हरियाणा पुलिस ऐसे अपराधियों तक पहुंचने और उनके नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए उपलब्ध सभी कानूनी माध्यमों का प्रभावी इस्तेमाल कर रही है। डीजीपी अजय सिंघल ने स्पष्ट किया कि किसी भी हार्डकोर अपराधी या गैंगस्टर के समर्थन में ऐसी गतिविधियां स्वीकार नहीं की जाएंगी, जिनसे कानून व्यवस्था प्रभावित होती हो या पुलिस की वैधानिक कार्रवाई में बाधा उत्पन्न होती हो। उन्होंने कहा कि किसी अपराधी के प्रति सहानुभूति या समर्थन व्यक्त करने की आड़ में कानून व्यवस्था बाधित करने, पुलिस कार्रवाई में हस्तक्षेप करने अथवा सार्वजनिक शांति भंग करने का प्रयास करने वालों की भूमिका की भी जांच की जाएगी।उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने का अधिकार सभी को है, लेकिन किसी अपराधी के समर्थन में अवैध गतिविधियां करना, जिनसे सार्वजनिक व्यवस्था प्रभावित हो या कानून के पालन में बाधा उत्पन्न हो, स्वीकार्य नहीं है। ऐसे मामलों में कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।डीजीपी ने कहा कि हार्डकोर अपराधियों और गैंगस्टरों को आर्थिक, लॉजिस्टिक या किसी अन्य प्रकार का सहयोग अथवा संरक्षण देने वालों को भी कार्रवाई के दायरे में लाया जाएगा। पुलिस अपराधियों के पूरे नेटवर्क की भूमिका की जांच करेगी और संलिप्तता पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा पुलिस का स्पष्ट उद्देश्य प्रदेश में कानून का राज मजबूत करना, आमजन में सुरक्षा की भावना कायम रखना और संगठित अपराध तथा एक्सटॉर्शन नेटवर्क को पूरी तरह समाप्त करना है। कानून व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करने वाले अपराधियों और उन्हें सहयोग देने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
Related posts
0
0
votes
Article Rating
Subscribe
Login
0 Comments
Oldest
Newest
Most Voted

