
अजीत सिन्हा की रिपोर्ट
पंचकूला:: हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार ने दहेज प्रताड़ना के एक मामले में कार्रवाई में लापरवाही बरतने के आरोप में पुलिस इंस्पेक्टर राजेश कुमारी तथा एएसआई कविता को निलंबित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस विभाग को मामले की निष्पक्ष जांच कर आगामी बैठक में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पीड़ित बेटी को हर हाल में न्याय मिलना चाहिए।कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार सोमवार को सेक्टर-1 स्थित लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में आयोजित जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।इस अवसर पर कालका की विधायक श्रीमती शक्ति रानी शर्मा तथा उपायुक्त श्री सतपाल शर्मा भी उपस्थित रहे।सेक्टर-15 निवासी एक महिला शिकायतकर्ता ने अपने ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग करने तथा मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। उन्होंने पुलिस पर उचित कार्रवाई न करने और एफआईआर में छह लाख रुपये के लेन-देन तथा दहेज से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों को शामिल न करने का भी आरोप लगाया। शिकायतकर्ता की बात धैर्यपूर्वक सुनने के उपरांत विकास एवं पंचायत मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार ने मामले की जांच में लापरवाही बरतने के आरोप में संबंधित पुलिस इंस्पेक्टर और एएसआई को निलंबित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस विभाग को पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि पीड़ित बेटी को हर हाल में न्याय मिलना चाहिए।
इसी प्रकार, गांव रैला एवं सेक्टर-12 निवासी एक शिकायतकर्ता ने दूसरे पक्ष पर हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) तथा नगर निगम की भूमि पर अवैध अतिक्रमण करने, फर्जी रजिस्ट्री कराने तथा उसकी संपत्ति तक जाने वाले सार्वजनिक मार्ग पर कब्जा करने का आरोप लगाया। शिकायतकर्ता ने मांग की कि अवैध अतिक्रमण हटाकर आवागमन के मार्ग को पुनः बहाल कराया जाए। मामले का संज्ञान लेते हुए मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार ने उपायुक्त और पुलिस उपायुक्त को दोनों पक्षों की सुनवाई कर नियमानुसार उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।सेक्टर-19, पंचकूला निवासी ने शिकायत में बताया कि सरकार द्वारा डेयरियों को शहर से स्थानांतरित करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन अभी तक इस संबंध में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि डेयरी संचालक मवेशियों का गोबर खुले स्थानों, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) के खाली प्लॉटों तथा आसपास के पार्कों में फेंक रहे हैं, जिससे गंदगी और प्रदूषण फैल रहा है। इस पर विकास एवं पंचायत मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार ने नगर निगम, पंचकूला को डेयरियों के स्थानांतरण की प्रक्रिया में तेजी लाने तथा पार्कों और खाली प्लॉटों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) के अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि प्राधिकरण की भूमि पर यदि कहीं अवैध कब्जा या अतिक्रमण है तो उसे प्राथमिकता के आधार पर हटाया जाए।इसी प्रकार, गांव बागवाली निवासी एक शिकायतकर्ता ने गांव के ही एक अन्य व्यक्ति पर उसके प्लॉट के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की भूमि पर अवैध कब्जा कर गेट लगाने तथा रास्ता बंद करने का आरोप लगाया। शिकायतकर्ता ने संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध उचित कार्रवाई की मांग की।इस पर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के संबंधित अधिकारी ने बताया कि मामले में पुलिस, राजस्व विभाग और एनएचएआई के अधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से निशानदेही कराई जानी है। इसके उपरांत अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। मामले का संज्ञान लेते हुए मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संयुक्त निशानदेही का कार्य एक सप्ताह के भीतर पूरा कराया जाए। यदि निर्धारित अवधि में यह कार्य पूरा नहीं होता है, तो पूर्व में की गई निशानदेही के आधार पर अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।गांव कोट निवासी एक शिकायतकर्ता ने गांव के ही एक अन्य व्यक्ति पर उसकी भूमि तथा नगर निगम की भूमि पर लगे सफेदा के पेड़ों को काटने और बार-बार आग लगाकर नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया। दोनों पक्षों की बात सुनने के उपरांत विकास एवं पंचायत मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार ने एसडीएम पंचकूला और जिला वन अधिकारी को संयुक्त रूप से मामले की जांच कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।इसी प्रकार, गांव भानु निवासी एक शिकायतकर्ता ने गांव के ही कुछ व्यक्तियों पर उसकी गली के दोनों ओर अवैध कब्जा कर निर्माण एवं विध्वंस (सी एंड डी) अपशिष्ट डालने तथा सार्वजनिक मार्ग को अवरुद्ध करने का आरोप लगाया। शिकायत का संज्ञान लेते हुए मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने नगर निगम, पंचकूला को मार्ग से मलबा हटाकर साफ-सफाई कराने तथा सड़क को पक्का कराने के निर्देश दिए।नगर परिषद, कालका के वार्ड नंबर-6 के पार्षद ने वार्ड के अनियमित क्षेत्र में होने के कारण मूलभूत सुविधाओं के अभाव की शिकायत की। उन्होंने वार्ड की अवैध कॉलोनियों को नियमित करने की भी मांग उठाई। इस पर विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने बताया कि जिन अवैध कॉलोनियों में 50 प्रतिशत से अधिक आबादी निवास कर रही है तथा जो निर्धारित मानदंडों को पूरा करती हैं, उनका सर्वे कराकर उन्हें चरणबद्ध तरीके से नियमित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा अवैध कॉलोनियों में भी बिजली, पेयजल सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। मंत्री ने नगर परिषद, कालका को निर्देश दिए कि कॉलोनियों के नियमित होने तक वहां रहने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके लिए सभी ऐसी कॉलोनियों में पेयजल और बिजली जैसी आवश्यक सुविधाएं प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराई जाएं।गांव माजरी जट्टा के निवासियों ने अपनी शिकायत में बताया कि राज्य सरकार की ओर से उन्हें दो-दो बिस्वा के आवासीय प्लॉट आवंटित किए गए थे तथा उनकी रजिस्ट्रियां भी तहसील कालका द्वारा उनके नाम पर कर दी गई हैं। इसके बावजूद आज तक उन्हें प्लॉटों का वास्तविक कब्जा नहीं मिला है। मामले का संज्ञान लेते हुए विकास एवं पंचायत मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार ने नगर परिषद, कालका के कार्यकारी अधिकारी को शीघ्र निशानदेही कराकर नियमानुसार आगामी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
***

