
अजीत सिन्हा की रिपोर्ट
पंचकूला:जिला पंचकूला पुलिस ने कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों के खिलाफ अपनी जीरो टॉलरेंस नीति को एक बार फिर सख्ती से लागू करते हुए पिंजौर में हुए हत्या मामले का महज तीन घंटे के भीतर खुलासा कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई, तकनीकी जांच, गुप्त सूचना तंत्र और फील्ड स्तर पर तेज समन्वय के चलते इस गंभीर वारदात में शामिल चार मुख्य आरोपियों को काबू कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में किसी भी व्यक्ति को कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी तथा अपराध करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि आज पिंजौर थाना में पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि पिंजौर के मेन बाजार क्षेत्र में एक व्यक्ति के साथ मारपीट की घटना हुई है, जिसमें लगी गंभीर चोटों के कारण उसकी मृत्यु हो गई है। सूचना प्राप्त होते ही थाना पिंजौर प्रभारी एवं पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए जांच प्रक्रिया प्रारंभ की गई। घटनास्थल पर सीन ऑफ क्राइम टीम को बुलाकर वैज्ञानिक तरीके से निरीक्षण करवाया गया।प्रारंभिक जांच के दौरान मृतक के पिता ने अपने बयान में बताया कि उनका बेटा जितेश मनोचा उर्फ किट्टू उनके साथ मेन बाजार पिंजौर स्थित कपड़े की दुकान पर कार्य करता था। दोपहर लगभग 3:15 बजे उनका बेटा अपने परिचित की गाड़ी में बैठकर बातचीत कर रहा था, तभी कुछ युवक अचानक वहां पहुंचे और उसे जबरन बाहर निकालकर डंडों तथा लात-घूंसों से मारना शुरू कर दिया। शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल जितेश को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना पिंजौर में प्राप्त शिकायत और जांच के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 191(3), 190 तथा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता एवं डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह के नेतृत्व में तत्काल दो विशेष टीमों का गठन किया गया। थाना पिंजौर प्रभारी इंस्पेक्टर बच्चू सिंह तथा डिटेक्टिव स्टाफ इंचार्ज इंस्पेक्टर निर्मल सिंह की अगुवाई में गठित टीमों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए गुप्त सूचनाओं और तकनीकी इनपुट के आधार पर मात्र तीन घंटे के भीतर इस वारदात में शामिल चार मुख्य आरोपियों को काबू कर लिया। आरोपियों की पहचान मनप्रीत सिंह उर्फ मनी निवासी गणेशपुर भौरिया, पिंजौर, रोहित मेहता उर्फ विक्की निवासी नंगल कालका व मनीष कुमार निवासी रतपुर कालोनी, खुशदीप सिंह उर्फ दिपि वासी मानकपुर ठाकुरदास के रुप में हुई है। सभी आरोपी पंचकूला के निवासी है। डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने आगे बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक जितेश मनोचा और आरोपी खुशदीप सिंह के बीच लगभग एक माह पूर्व दुकान के बाहर पार्किंग को लेकर विवाद हुआ था। उस दौरान दोनों पक्षों के बीच मारपीट भी हुई थी तथा शिकायत थाना में दी गई थी, हालांकि बाद में आपसी समझौता हो गया था। लेकिन आरोपी खुशदीप ने विवाद को लेकर रंजिश रखते हुए अपने साथियों के साथ मिलकर इस हमले की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया।पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी मनप्रीत उर्फ मनी के खिलाफ पूर्व में भी लड़ाई-झगड़े के चार आपराधिक मामले दर्ज हैं। मामले में अन्य पहलुओं की जांच जारी है तथा पुलिस द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि इस अपराध में शामिल प्रत्येक व्यक्ति को कानून के दायरे में लाकर कठोर कार्रवाई की जाए।पंचकूला पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में शांति व्यवस्था भंग करने, आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने या कानून को चुनौती देने वाले किसी भी व्यक्ति को किसी भी परिस्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रखेगी और आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता बनी रहेगी।
Related posts
0
0
votes
Article Rating
Subscribe
Login
0 Comments
Oldest
Newest
Most Voted

