
अजीत सिन्हा की रिपोर्ट
नई दिल्ली:कांग्रेस ने नीट समेत विभिन्न परीक्षाओं में पेपर लीक और अनियमितताओं का मुद्दा उठाते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को बर्खास्त करने, दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने एवं पेपर लीक रोकने के लिए कड़ा कानून बनाने की मांग की है। पार्टी ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए उसे परीक्षा संचालन से हटाने की मांग भी उठाई।कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस कार्य समिति के सदस्य और एनएसयूआई प्रभारी डॉ. कन्हैया कुमार ने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में देश में 80 से ज्यादा परीक्षाओं के पेपर लीक हो चुके हैं। देश में युवाओं और छात्रों की बढ़ती आत्महत्या की घटनाओं पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि आज हर घंटे दो नौजवान आत्महत्या कर रहे हैं और इस स्थिति का सीधा संबंध देश की चौपट हो चुकी शिक्षा व्यवस्था से है।
ठीक से एक भी परीक्षा नहीं करवा पाने के लिए मोदी सरकार को घेरते हुए डॉ. कन्हैया कुमार ने कहा कि मंगलवार को एसएससी जीडी की परीक्षा के एक केंद्र पर 800 अभ्यर्थियों को बुला लिया गया, जबकि बैठने की व्यवस्था सिर्फ 250 लोगों के लिए थी।धर्मेंद्र प्रधान की काबिलियत पर सवाल उठाते हुए डॉ. कन्हैया कुमार ने कहा कि जिस व्यक्ति में योग्यता की कमी है, उसे देश का शिक्षा मंत्री बना दिया गया है। नीट परीक्षा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि हर साल इस परीक्षा को लेकर बवाल होता है, लेकिन सरकार का रवैया ढाक के तीन पात जैसा रहता है, न दोषियों पर कार्रवाई होती है और न ही शिक्षा मंत्री इस्तीफा देते हैं। उन्होंने व्हाट्सऐप पर प्रश्नपत्र के प्रसारित होने और बाद में परीक्षा रद्द कर 20 लाख से अधिक छात्रों को दोबारा परीक्षा में बैठने के लिए मजबूर किए जाने पर रोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ‘परीक्षा पर चर्चा’ करने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पेपर लीक होने पर एक शब्द नहीं बोलते। कन्हैया कुमार ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी के निदेशक की पृष्ठभूमि पर सवाल उठाते हुए कहा कि वे सत्ता के करीब हैं और सरकार में बैठे लोगों से उनके राजनीतिक संबंध हैं। उन्होंने कहा कि यदि एनटीए द्वारा निष्पक्ष और स्वतंत्र परीक्षा आयोजित करना संभव नहीं है, तो उसे परीक्षा संचालन के काम से बेदखल किया जाए।डॉ. कन्हैया कुमार ने कहा कि कांग्रेस पार्टी, उसकी छात्र इकाई एनएसयूआई और युवा इकाई यूथ कांग्रेस छात्रों के न्याय की लड़ाई सड़क से लेकर संसद तक लड़ेगी। उन्होंने बताया कि एनएसयूआई ने ऑन-स्क्रीन मार्किंग और उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन में विसंगतियों से प्रभावित सीबीएसई के लाखों प्रभावित छात्रों के लिए हेल्पलाइन नंबर 9268030030 जारी किया है, जिस पर वे अपनी शिकायतें दर्ज करा सकते हैं।इसी संदर्भ में उन्होंने एक 17 वर्षीय छात्र का उदाहरण देते हुए मीडिया के एक वर्ग पर निशाना साधा और कहा कि जब उसने अपनी समस्या को लेकर गुहार लगाई, तो कुछ पत्रकार उसे देशद्रोही और पाकिस्तानी बताने लगे।डॉ. कन्हैया कुमार ने कहा कि जो लोग वोट चोरी करके कुर्सी पर बैठते हैं, उनके शासन में पेपर लीक होना बहुत स्वाभाविक है। उन्होंने आगे कहा कि यह केवल देश के भविष्य को बचाने की नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक शक्ति को मजबूत करने की लड़ाई भी है और इसमें कांग्रेस पार्टी विद्यार्थियों एवं नौजवानों के साथ पूरी ताकत से खड़ी है।
Related posts
0
0
votes
Article Rating
Subscribe
Login
0 Comments
Oldest
Newest
Most Voted

