
अजीत सिन्हा की रिपोर्ट
नई दिल्ली:लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा को देश का सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री बताते हुए कहा कि उनके खिलाफ कानून के तहत सजा तय है और प्रदेश की जनता उन्हें माफ नहीं करेगी।असम विधानसभा चुनाव में कांग्रेस गठबंधन प्रत्याशियों के पक्ष में धुंआधार प्रचार करते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को विश्व नाथ और गोलाघाट की जनसभाओं में कहा कि असम शंकरदेव और जुबिन गर्ग की जमीन है, जिन्होंने प्रदेश को जोड़ने का काम किया। लेकिन आज प्रदेश के मुख्यमंत्री 24 घंटे नफरत फैलाने और उल्टी-सीधी बातें करने में लगे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डर की वजह से रात को सो भी नहीं पाते हैं और उल्टी- सीधी बात कर रहे हैं, क्योंकि वे जानते हैं कि कांग्रेस के बब्बर शेर उन्हें जेल भेजने वाले हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री को चेतावनी दी कि वे जितना जंप लगाना है लगा लें, लेकिन उनपर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। असम की जनता और कांग्रेस मुख्यमंत्री को छोड़ने वाली नहीं है।

भारी भीड़ से गदगद राहुल गांधी ने भाजपा सरकार द्वारा उद्योगपतियों को जमीन देने का हवाला देते हुए कहा कि असम दिल्ली में बैठी केंद्र सरकार के लिए एटीएम बन गया है। उन्होंने कहा कि भ्रष्ट मुख्यमंत्री ने जनता की हजारों बीघा जमीन अडानी, अंबानी जैसे उद्योगपतियों और बाबा रामदेव को दे दी है। उन्होंने कहा कि यह जमीन मुफ्त में नहीं दी जा रही है, इसके बदले भाजपा और मुख्यमंत्री को पैसा, समर्थन व मीडिया में समय मिलता है।

भाजपा सरकार के खिलाफ जनता के नारों के बीच वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने अमेरिका के दबाव में आकर भारत के हितों की अनदेखी करने को लेकर भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पुरजोर तरीके से घेरा। उन्होंने याद दिलाया कि अमेरिका ने अभी एपस्टीन की लाखों फाइलें सार्वजनिक नहीं की हैं, उन फाइलों में प्रधानमंत्री मोदी के चरित्र की पूरी जानकारी है। यही कारण है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप जैसे ही ट्वीट करते हैं, मोदी कांपने लगते हैं कि वह फाइल जारी न कर दें। उन्होंने मोदी के दबाव में होने का दूसरा कारण अडानी पर अमेरिका में दर्ज केस को बताया। उन्होंने कहा कि ट्रंप को मोडानी (मोदी और अडानी) के बीच के रिश्ते की सच्चाई पता चल गई है, इसी कारण यह केस दर्ज किया गया है। ट्रंप जानते हैं कि अडानी भाजपा का वित्तीय सिस्टम है। राहुल गांधी ने कहा कि नरेंद्र मोदी, अमित शाह, सरमा, अडानी सभी बिजनेस पार्टनर हैं, जो मिलकर असम को लूटने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरमा ने अपने भ्रष्टाचार में पूरे परिवार को शामिल कर लिया है, जिस वजह से अब वो भी फंसेंगे। वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने याद दिलाया कि भाजपा ने पिछले चुनाव में कहा था कि वह प्रदेश के छह समुदायों को एसटी (अनुसूचित जनजाति) का दर्जा, 500 रुपये में गैस सिलेंडर, खाते में 15 लाख रुपये और चाय बागान मजदूरों को 350 रुपये दिहाड़ी देगी, लेकिन कोई भी वादा पूरा नहीं किया। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा झूठ बोलती है,जबकि कांग्रेस अपने वादे पूरे करती है।राहुल गांधी ने गारंटी दी कि कांग्रेस की सरकार बनने पर असम के छह समुदायों को एसटी का दर्जा दिया जाएगा। चाय बागान मजदूरों को प्रतिदिन 450 रुपये मिलेंगे। राहुल गांधी ने कांग्रेस की गारंटियां गिनाते हुए अंत में जनता से कांग्रेस उम्मीदवारों को भारी मतों से जिताने की अपील की।जनसभाओं में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई, बंधु तिर्की समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
Related posts
0
0
votes
Article Rating
Subscribe
Login
0 Comments
Oldest
Newest
Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments

