Athrav – Online News Portal
गुडगाँव चंडीगढ़ हरियाणा हाइलाइट्स

हरियाणा बना खेलों का पावर हाउस हब, माटी में फसल ही नहीं मैदान में चैंपियन भी कर रहा पैदा: मुख्यमंत्री नायब सिंह

अजीत सिन्हा की रिपोर्ट 
गुरुग्राम:मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा खेलों का पावर हाउस बन चुका है, जिसकी माटी फसल ही नहीं उगाती अपितु मैदान में चैंपियन भी पैदा करती है।  अब हरियाणा केवल किसानों और जवानों की भूमि ही नहीं, बल्कि खेलों की धरती के रूप में पूरे देश में अपनी पहचान बना चुका है। आज राष्ट्रीय खेलों से लेकर ओलंपिक तक हरियाणा की गूंज सुनाई देती है। सरकार का उद्देश्य है प्रदेश का कोई भी प्रतिभाशाली खिलाड़ी संसाधनों के अभाव में पीछे न रहे। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सोमवार को गुरूग्राम स्थित ताऊ देवी लाल स्टेडियम में मुख्यमंत्री कप का शुभारंभ एवं 38वें राष्ट्रीय खेलों के पदक विजेताओं को पुरस्कार वितरित करने के उपरांत उपस्थितगण को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने  राष्ट्रीय खेलों के 417 पदक विजेता तथा प्रतिभागी खिलाड़ियों को लगभग 24 करोड़ रुपए की राशि पुरस्कार स्वरूप प्रदान की। उन्होंने हॉकी खिलाड़ी पद्मश्री सविता पूनिया को भी सम्मानित किया।
उन्होंने कहा कि यह आयोजन हरियाणा की खेल प्रतिभा, अनुशासन, परिश्रम और संकल्प का उत्सव है तथा आज गुरुग्राम की यह पावन धरती दो खेल उत्सवों के रंग में रंगी है। हरियाणा की मिट्टी केवल फसल ही नहीं बल्कि चैंपियन भी पैदा करती है। इस भूमि पर पसीना बहाकर खेलों में इतिहास रचा जाता है। कार्य क्रम में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, पटौदी से विधायक बिमला चौधरी, खेल विभाग के प्रधान सचिव विजय सिंह दहिया तथा खेल विभाग के निदेशक पार्थ गुप्ता उपस्थित थे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि खेल मंच हमारे युवाओं के सपनों को पंख देते हैं और खिलाड़ी  राष्ट्र  के गौरव को नई ऊँचाइयों पर ले जाने का संकल्प लेते हैं। प्रदेश के खिलाड़ियों ने उत्तराखंड में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों में अद्भुत प्रदर्शन करते हुए पूरे देश में अपनी पहचान बनाई है। प्रदेश के 689 खिलाड़ियों ने 33 विभिन्न खेलों में भाग लेकर अपने दमखम, समर्पण और प्रतिभा का परिचय देते हुए 153 पदक जीतकर यह सिद्ध कर दिया कि हरियाणा आज खेलों का पावर हाउस बन चुका है। इन खेलों में खिलाड़ियों ने अपनी वर्षों की मेहनत, त्याग व संघर्ष से 48 स्वर्ण, 47 रजत और 58 कांस्य पदक प्राप्त किए है। नायब सिंह सैनी ने कहा कि खिलाड़ी प्रदेश के लिए प्रेरणा के स्रोत हैं। सरकार द्वारा राष्ट्रीय खेलों के स्वर्ण पदक विजेता को 7 लाख रुपये, रजत पदक विजेता को 5 लाख रुपये और कांस्य पदक विजेता को 3 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जा रही है। साथ ही प्रतिभागियों को भी 51-51 हजार रुपए की राशि भी प्रोत्साहन स्वरूप प्रदान की गई है। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों के माता-पिता व प्रशिक्षकों का भी आभार व्यक्त किया, जिनकी प्रेरणा के परिणाम स्वरूप ही ये खिलाड़ी देश और प्रदेश का गौरव बनकर खड़े हैं।
 
मुख्यमंत्री कप के प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तीन दिवसीय मुख्यमंत्री कप की 6 खेल प्रतियोगिताओं में 3 हजार 600 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। इस कप में स्वर्ण पदक विजेता को 1 लाख रुपये, रजत पदक विजेता को 70 हजार रुपये तथा कांस्य पदक विजेता को 50 हजार रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा। इस कप का आयोजन प्रदेश सरकार की उस सोच का प्रतीक है,जिसमें हर गांव व हर शहर से प्रतिभा को पहचान कर आगे बढ़ाया जा रहा है। प्रदेश के पहलवान, मुक्केबाज, एथलीट, निशानेबाज, हॉकी और अनेक अन्य खेलों के खिलाड़ी देश का नाम रोशन कर रहे हैं। यह हम सभी के लिए गर्व की बात है।नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन में ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया’ जैसे कार्यक्रमों ने देश में खेल संस्कृति को नई दिशा दी है। आज खेल केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि  राष्ट्र  निर्माण का माध्यम बन चुके हैं। स्वस्थ युवा, विकसित भारत की नींव हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों का आचरण, मेहनत भावी पीढ़ियों को दिशा देगी। खिलाड़ी सदैव अनुशासन, विनम्रता और देशभक्ति को अपने जीवन का आधार बनाए। हार से कभी निराश न हो और जीत पर कभी अहंकार न करे, यह दोनों ही समान रूप से आगे बढ़ने का अवसर देते हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हरियाणा में खिलाड़ियों के कल्याण व प्रोत्साहन के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। सरकार ने पूरे राज्य में खेल सुविधाएं विकसित करने पर पिछले 11 सालों में 989 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। खेल विभाग का बजट भी बढ़ाकर दोगुना से ज्यादा कर दिया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014-15 में यह 275 करोड़ रुपये था। बीजेपी सरकार ने इसे बढ़ाकर चालू वित्त वर्ष में 602 करोड़ 18 लाख रुपये का प्रावधान किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ओलंपिक, पैरालंपिक व अन्य अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता खिलाडिय़ों को 6 करोड़ रुपये तक के नकद पुरस्कार दे रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने राई जिला सोनीपत में खेल विश्वविद्यालय की स्थापना की है। वर्तमान में राज्य में 3 राज्य स्तरीय खेल परिसर, 21 जिला स्तरीय खेल स्टेडियम, 25 उपमंडल स्टेडियम, 163 राजीव गांधी ग्रामीण खेल परिसर, 245 ग्रामीण स्टेडियम तथा गांवों में 382 इनडोर जिम उपलब्ध हैं। इनके अलावा, 10 स्विमिंग पूल, 11 सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक, 14 हॉकी एस्ट्रोटर्फ, 2 फुटबॉल सिंथेटिक सतह और 9 बहुउद्देशीय हॉल भी बनाए गए हैं। साथ ही प्रदेश के 16 जिलों में जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी के कार्यालय में सुविधा केन्द्रों का निर्माण 3 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है।नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार खिलाडिय़ों को खेल उपकरण भी उपलब्ध करवा रही हैं। इसके लिए हरियाणा खेल उपकरण प्रावधान योजना बनाई है। इसके तहत 15 हजार 634 खिलाडिय़ों को उपकरण प्रदान किये जा चुके हैं। प्रदेश में वर्तमान में 1 हजार 472 खेल नर्सरियां संचालित हैं। इनमें 37 हजार से अधिक बच्चे नियमित प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। इन नर्सरियों में 8 से 14 वर्ष के खिलाडिय़ों को 1500 रुपये तथा 15 से 19 वर्ष के खिलाडिय़ों को 2 हजार रुपये प्रतिमाह की वित्तीय सहायता दी जाती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि खिलाडिय़ों के सुरक्षित भविष्य को सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने ‘हरियाणा उत्कृष्ट खिलाड़ी सेवा नियम 2021’ लागू किए हैं। इनके तहत खेल विभाग में 550 नए पद सृजित किए गए हैं और 231 खिलाडिय़ों को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। साथ ही खिलाडिय़ों के लिए ताऊ देवी लाल खेल परिसर पंचकुला में रिहैबिलिटेशन सेंटर शुरू किया गया है।हरियाणा के खेल एवं युवा अधिकारिता मंत्री गौरव गौतम ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा यह दिन देश के खेल इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज हुआ है जिसमें सैकड़ों खिलाडिय़ों को एक ही अवसर पर सम्मानित किया जा रहा है। 38वें राष्ट्रीय खेलों में हरियाणा के 689 खिलाडिय़ों ने भाग लिया, जिनमें से 153 खिलाडिय़ों ने पदक जीतकर प्रदेश और देश का मान बढ़ाया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा एक क्लिक के माध्यम से करोड़ों रुपये की प्रोत्साहन राशि खिलाडिय़ों को दी जा रही है, जो खिलाडिय़ों के संघर्ष, अनुशासन और समर्पण का सम्मान है। यह पहल न केवल खिलाडिय़ों का हौसला बढ़ाएगी, बल्कि आने वाली पीढ़ी को भी खेलों की ओर प्रेरित करेगी।गौरव गौतम ने कहा कि आज हरियाणा देश में खेलों की पहचान बन चुका है। चाहे कुश्ती का अखाड़ा हो, खेल महाकुंभ हो या सीएम कप जैसे बड़े आयोजन—प्रदेश के 50 हजार से अधिक खिलाड़ी निरंतर विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले रहे हैं। कम जनसंख्या वाला हरियाणा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदकों पर सबसे अधिक कब्जा कर रहा है। उन्होंने कहा कि कभी “खेलोगे कूदोगे बनोगे खराब” जैसी कहावत प्रचलित थी, लेकिन हरियाणा के खिलाडिय़ों ने इसे बदलकर “खेलोगे कूदोगे बनोगे लाजवाब” साबित कर दिया है।
खेल मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के संयुक्त विजन से आज हरियाणा खेलों की महाशक्ति के रूप में उभर रहा है। केंद्र सरकार की खेलो इंडिया और टॉप्स जैसी योजनाओं से खिलाडिय़ों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की ट्रेनिंग और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं, वहीं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य सरकार सीएम कप, खेल नर्सरी, खेल अकादमी और मिशन ओलंपिक 2036 ‘विजयी भव’ जैसी योजनाओं के माध्यम से खिलाडिय़ों को मजबूत और स्थायी मंच प्रदान कर रही है। सरकार का स्पष्ट लक्ष्य है कि वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों में हरियाणा के खिलाड़ी 36 पदक जीतकर देश का नाम रोशन करें। ‘विजयी भव’ योजना के तहत खेल अकादमियों, उत्कृष्टता केंद्रों और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रशिक्षण सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। चोटिल खिलाडिय़ों के लिए 20 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज, बीमा कवर, कम ब्याज दर पर ऋण तथा उत्कृष्ट कोचिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा खेल बजट में 33 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी यह दर्शाती है कि आज खेल राष्ट्र निर्माण का अहम आधार बन चुके हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में हरियाणा के खिलाड़ी अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं और केंद्र व राज्य सरकार मिलकर उन्हें हर संभव सहयोग और अवसर प्रदान कर रही हैं।

Related posts

जलभराव वाली कृषि योग्य भूमि के मुआवजे के लिए हरियाणा सरकार के पास भेजा जाएगा स्पेशल केस : राव इंद्रजीत सिंह

Ajit Sinha

चंडीगढ़ ब्रेकिंग: गठबंधन है और रहेगा, कोई दिक्कत नहीं है, हमें कोई इस्तीफा नहीं मिला-मुख्यमंत्री मनोहर लाल

Ajit Sinha

गौरीकुंड -सौनप्रयाग के जंगल में हेलीकॉप्टर हुई दुर्घटनाग्रस्त, 7 लोगों की मारे जाने की खबर आई है, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, सीएम धामी के जताया दुःख

Ajit Sinha
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
error: Content is protected !!
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x