अजीत सिन्हा की रिपोर्ट
चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी की नीतियों की वजह से आज ऐसे हालात हो गए कि रंगला पंजाब अब कंगला पंजाब बन गया है। दोनों पार्टियों को जनता से कोई लेना देना नहीं है, केवल और केवल मलाई चाटने में लगे है। पंजाब विकास के मामले में बहुत बुरे तरीके से पिछड़ गया है, वहां की जनता में डर है कि पंजाब का भविष्य क्या होगा। इसीलिए लोगों ने मन बना लिया है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ही पंजाब का विकास हो सकता है। मुख्यमंत्री शनिवार को यहां पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने इस बीच एक सवाल का जवाब देते हुए कहा कि पंजाब को कांग्रेस ने हाशिये पर ले जाने का काम किया है और आम आदमी पार्टी ने तो सारी हदे पार कर दी है। आम आदमी पार्टी जनता का शोषण करने और भ्रष्टाचार के मामले में कांग्रेस से भी चार कदम आगे है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने मिलकर किसानों का शोषण किया है। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री एवं आप नेता अरविंद केजरीवाल का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जब केजरीवाल दिल्ली के मुख्यमंत्री थे, तब वो दिल्ली में होने वाले प्रदूषण के लिए पंजाब और हरियाणा के किसानों को जिम्मेवार ठहराते थे। अब पंजाब में पिछले 4 साल से आम आदमी पार्टी की सरकार है, न तो वहां के किसानों के लिए पंजाब के मुख्यमंत्री श्री भगवंत मान ने सोचा, न ही केजरीवाल ने। एक चुटकले मारता हैं, तो दूसरा सुनता हैं, इनको किसानों से कोई मतलब नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने हरियाणा और पंजाब के किसान का पराली को लेकर अपमान किया है। जबकि हरियाणा में डबल इंजन सरकार ने पराली की समस्या के समाधान के लिए व्यवस्था बनाई है, ताकि किसान पराली न जलाए। उन्होंने अरविंद केजरीवाल से सवाल पूछते हुए कहा कि पंजाब में किसानों के लिए क्या कदम उठाये है वो बताएं। किसानों को किसी प्रकार का लाभ नहीं दिया गया। उन्होंने केवल किसानों को अपमानित और बदनाम करने का काम किया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पिछले दिनों पंजाब में आई आपदा का जिक्र करते हुए कहा कि जब पंजाब में बाढ़ आई, उस वक्त पंजाब के मुख्यमंत्री ने बड़ी बड़ी बातें की। खुले तौर पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने तो यह तक कहा कि वो मुर्गी तक का मुआवजा देंगे। लेकिन किया कुछ नहीं। उन्होंने कहा कि भगवंत मान कहते थे कि वो 20 हजार रुपये प्रति एकड़ का मुआवजा देंगे। वहीं, गुजरात में अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भगवंत मान ने 50 हजार रुपये एकड़ के हिसाब से दिया, लेकिन दोनों में जो 30 हजार का फर्क हैं, वो कौन खा गया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि देश में 55 साल तक कांग्रेस ने राज किया, तब उन्होंने किसानों के लिए कुछ नहीं किया। असल में किसानों के ऐसे हालात के लिए कांग्रेस जिम्मेवार है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में तो डब्बल इंजन की सरकार ने हरियाणा के किसानों के हितों को लेकर अनेक नई योजनाएं बनाई है, किसान को सशक्त और मजबूत करने का काम किया है। उन्होंने पंजाब सरकार को सलाह देते हुए कहा कि बातें करने की बजाय धरातल पर किसानों के लिए कोई कार्य करना चाहिए। आप पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी में तो मुकाबला चल रहा है। हालत यह है कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस दोनों को जहां लगता है कि इनकी बात नहीं बन रही है, तो यह आपस में समझौता कर लेते है। उन्होंने अपने पंजाब दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि पंजाब के लोग अब खुलकर कहने लगे हैं कि उन्हें सब्जबाग दिखाकर गुमराह किया गया है। लोग कह रहे हैं कि वो अंधेरे में थे, इसलिए कभी कांग्रेस को चुनते थे तो कभी आम आदमी पार्टी को चुन लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार और शोषण के मामले में आम आदमी पार्टी की नीतियां तो कांग्रेस से भी भयानक है। पंजाब दौरों को लेकर पूछे गए एक सवाल के जवाब में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पार्टी के एक सामान्य कार्यकर्ता के रूप में अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए लगातार पंजाब का दौरा कर रहे हैं। एक अन्य प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा कि मुक्तसर साहिब के माघी मेले में तो कांग्रेस पार्टी ने गुरुओं को सम्मान देने के लिए मंच तक नहीं लगाया। आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी क्या अकेले चुनाव लड़ेगी, इस संबंध में पूछे गए प्रश्न पर उन्होंने स्पष्ट किया कि अंतिम निर्णय पार्टी का शीर्ष नेतृत्व करेगा। जो भी दायित्व उन्हें सौंपा गया है, वो उसे कार्यकर्ता के तौर पर निष्ठा से निभा रहे है। उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब के लोग उनसे लगातार मिलने आते हैं और कार्यक्रमों का समय लेकर ही मुख्यमंत्री निवास से लौटते हैं।
Related posts
0
0
votes
Article Rating
Subscribe
Login
0 Comments
Oldest
Newest
Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments

