Athrav – Online News Portal
फरीदाबाद राष्ट्रीय हाइलाइट्स

पीएम व सीएम साहब ‘अटल लाइब्रेरी’ के पुस्तकालय भवन का दो बार, अलग -अलग उद्घाटन,क्या संदेश दे रहे है देश -प्रदेश की जनता को।


अजीत सिन्हा की रिपोर्ट 
फरीदाबाद:एचएसवीपी द्वारा पुस्तकालय भवन के निर्माण पर लगभग 3.85 करोड़ रुपये की लागत राशि खर्च की गई, साथ ही ई-लाइब्रेरी के विकास पर 1.99 करोड़ रुपये सीएसआर के अंतर्गत खर्च किए गए हैं। पुस्तकालय भवन के उद्घाटन समारोह में केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत कर उद्घाटन किया। उनके साथ बड़खल विधायक धनेश अदलखा,फरीदाबाद एनआईटी विधायक सतीश फागना, होडल विधायक हरेंद्र सिंह और भाजपा जिलाषयाक्ष पंकज पूजन रामपाल भी मौजूद रहे। केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि यह सुविधा नए भारत की सोच और डिजिटल इंडिया की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते साढ़े ग्यारह वर्षों में देश में डिजिटल क्रांति आई है, जिसने न केवल भ्रष्टाचार पर प्रहार किया है बल्कि आम नागरिक, किसान, मजदूर और महिलाओं को भी सीधे लाभ पहुंचाया है। यह पुस्तकालय आधुनिक तकनीक से सुसज्जित एक हाई-टेक ज्ञान केंद्र के रूप में विकसित किया गया है, जो विद्यार्थियों और शोधार्थियों के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं प्रदान करेगा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आज के दौर में शिक्षा को डिजिटल और पारंपरिक दोनों माध्यमों से सशक्त करना समय की आवश्यकता है।

ई-लाइब्रेरी इसी सोच का परिणाम है, जहां एक ही स्थान पर डिजिटल संसाधन, पुस्तकें, ऑनलाइन अध्ययन सामग्री और आधुनिक अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने कहा कि दुनिया तेजी से बदल रही है और वैश्विक प्रतिस्पर्धा में आगे बढ़ने के लिए युवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ना अनिवार्य है। गुर्जर ने बताया कि यह ई-लाइब्रेरी फरीदाबाद के युवाओं को समर्पित की गई है, जहां वे ई-बुक्स, डिजिटल कंटेंट, पॉडकास्ट, ऑडियो-विजुअल सत्रों और ग्रुप डिस्कशन सुविधाओं के माध्यम से ज्ञान अर्जित कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि यह लाइब्रेरी डिजिटल भी है और पारंपरिक पुस्तकों से भी समृद्ध है, जिससे छात्रों को समग्र अध्ययन का अवसर मिलेगा।

उन्होंने बताया कि इस पुस्तकालय में एयर-कंडीशन सुविधा, हाई-स्पीड इंटरनेट, फायर फाइटिंग सिस्टम, आधुनिक व आरामदायक फर्नीचर तथा विस्तृत बैठक कक्ष उपलब्ध कराए गए हैं। भवन में मेजनाइन फ्लोर, चार ग्रुप डिस्कशन चेंबर्स, ऑडियो-विजुअल रूम तथा लंबी अवधि तक अध्ययन करने वाले विद्यार्थियों के लिए विशेष रूप से डिज़ाइन की गई बैठने की व्यवस्थाएं की गई हैं। इसके साथ ही 200 विद्यार्थियों की क्षमता वाला कम्युनिटी लर्निंग ऑडिटोरियम भी तैयार किया गया है। साथ ही  पुस्तकालय परिसर में मल्टी मीडिया रूम, रीडिंग हॉल और डिजिटल लाइब्रेरी की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। साथ ही परिसर के आसपास गार्डन क्षेत्र को भी विकसित किया जा रहा है, जिससे विद्यार्थी खुले और शांत वातावरण में अध्ययन कर सकें। यहां भौतिक पुस्तकों के साथ-साथ एक उन्नत डिजिटल लाइब्रेरी सेक्शन भी तैयार किया गया है, जिसमें ई-बुक्स, ऑनलाइन शिक्षण सामग्री और डिजिटल अध्ययन संसाधन उपलब्ध होंगे। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस पुस्तकालय में भारतीय इतिहास, संस्कृति, सामान्य ज्ञान, विज्ञान और समसामयिक विषयों से संबंधित पुस्तकें, पत्रिकाएं और समाचार पत्र नियमित रूप से उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके अलावा ऑडियो-विजुअल सत्रों के माध्यम से भारतीय संस्कृति और इतिहास का संरचित प्रसार भी किया जाएगा। विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परिसर में कैफेटेरिया और कैंटीन की व्यवस्था भी की गई है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पुस्तकालय क्षेत्र में शिक्षा, अध्ययन और बौद्धिक विकास का एक प्रमुख केंद्र बनेगा।
अजीत सिन्हा की रिपोर्ट 
फरीदाबाद:कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने हरियाणा के निरंतर विकास और शिक्षा को सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल के तहत आज फरीदाबाद के सेक्टर-12 स्थित टाउन पार्क में प्रस्तावित अटल लाइब्रेरी के पुस्तकालय भवन का भव्य उद्घाटन किया  यह पुस्तकालय भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की स्मृति को समर्पित है जो ज्ञान विचार और सुशासन के प्रतीक रहे हैं।इस अवसर पर राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर, स्वतंत्र प्रभार मंत्री राजेश नागर, नगर निगम फरीदाबाद की महापौर प्रवीण बत्रा जोशी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षाविद, पत्रकार गण एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने अपने संबोधन में कहा कि अटल लाइब्रेरी केवल एक भवन नहीं बल्कि ज्ञान, आत्मनिर्भरता और समान अवसरों का सशक्त मंच है। यह पुस्तकालय उन विद्यार्थियों और युवाओं के लिए समर्पित है जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखते हैं और उन्हें साकार करने का संकल्प रखते हैं। उन्होंने कहा कि अटल जी की कविताएं और विचार हमें यह सिखाते हैं कि कठिन परिस्थितियों में भी संकल्प के बल पर नई शुरुआत संभव है और आज यह लाइब्रेरी उसी नई शुरुआत का प्रतीक है।

यह परियोजना केवल एक चुनावी वादे का पूरा होना नहीं, बल्कि समाज के प्रति एक जिम्मेदारी थी। लगभग 4 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित की जा रही यह आधुनिक लाइब्रेरी फरीदाबाद के भविष्य में किया गया एक सशक्त निवेश है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह संरचना केवल ईंट-पत्थर का ढांचा नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों की आधारशिला है।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी को यह दृढ़ विश्वास था कि जब तक शिक्षा समाज के अंतिम व्यक्ति तक नहीं पहुंचेगी तब तक राष्ट्र का विकास अधूरा रहेगा। उसी विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए इस लाइब्रेरी का नाम अटल जी के नाम पर रखा गया है। अटल लाइब्रेरी को विद्यार्थियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विश्वस्तरीय सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है, जिनमें शामिल हैं, पूर्णतः वातानुकूलित रीडिंग हॉल, पुस्तकों को इश्यू कर घर ले जाने की सुविधा, व्यक्तिगत अध्ययन कक्ष (Individual Cabins), ग्रुप डिस्कशन रूम, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु अनुकूल वातावरण यह पूरा इकोसिस्टम विद्यार्थियों को एकाग्रता अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने में सहायता करेगा।विपुल गोयल ने कहा कि यह लाइब्रेरी विशेष रूप से उन छात्रों के लिए है जो महंगी कोचिंग या निजी रीडिंग रूम का खर्च वहन नहीं कर सकते। यह समान अवसर की भावना का सशक्त उदाहरण है ताकि कोई भी विद्यार्थी केवल संसाधनों की कमी के कारण पीछे न रह जाए।कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी  के नेतृत्व में नई शिक्षा नीति के माध्यम से शिक्षा को एक क्रांतिकारी स्वरूप दिया गया है जिसमें रटने के बजाय कौशल, रोजगार और आत्मनिर्भरता पर जोर है। इस दिशा में लाइब्रेरी शिक्षा व्यवस्था की सबसे मजबूत नींव बनती है।कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने विश्वास व्यक्त किया कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में और माननीय मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की हरियाणा सरकार अटल जी के सुशासन के संकल्पों को पूरी निष्ठा से आगे बढ़ा रही है।जो विचार अटल जी ने दिए और जिन्हें मोदी जी ने गति दी उन्हें फरीदाबाद सहित हरियाणा के हर कोने तक पहुँचाया जाएगा।अटल लाइब्रेरी आज केवल एक परियोजना नहीं, बल्कि शिक्षित आत्मनिर्भर और विकसित फरीदाबाद की दिशा में एक निर्णायक कदम है। यह पहल आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी और विकसित भारत विकसित हरियाणा और विकसित फरीदाबाद के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Related posts

फरीदाबाद : गीता जयंती महोत्सव की प्रदर्शनी का शुभारंभ रविवार को दोपहर 12 बजे उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री विपुल गोयल करेंगे।

Ajit Sinha

केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल  ने ओल्ड फरीदाबाद मेन बाजार में घुम घुम कर भाजपा प्रत्याशी नरेंद्र गुप्ता के लिए मांगे वोट, देखिए वीडियो।   

Ajit Sinha

ग्रेटर फरीदाबाद के नाम की घोषणा क्या हुई की एमएलए राजेश नागर के निवास पर बधाई देने वालों का तांता, सुने इस वीडियो

Ajit Sinha
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
error: Content is protected !!
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x