Athrav – Online News Portal
दिल्ली राजनीतिक राष्ट्रीय

चुनावों में हो रही धांधली पर प्रियंका गांधी का करारा प्रहार- जनता भाजपा के खिलाफ हो रही, इसलिए वोट चोरी का सहारा लिया जा रहा

अजीत सिन्हा की रिपोर्ट 
नई दिल्ली:कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि जनता भाजपा की असलियत पहचान गई है और उसके खिलाफ हो रही है, इसीलिए सत्ताधारी पार्टी ने चुनाव आयोग की मदद से वोट चोरी करनी शुरू कर दी है। बिहार विधानसभा के चुनाव प्रचार के दौरान कदवा, बरारी और पूर्णिया में आयोजित विशाल जनसभाओं में कांग्रेस महासचिव ने चुनावों में हो रही धांधली पर करारा प्रहार करते हुए वोट चोरी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, दोनों अन्य चुनाव आयुक्तों विवेक जोशी और एसएस संधू को भी शामिल बताया। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के इन तीनों अधिकारियों में शर्म नहीं बची है, ये लोकतंत्र की रक्षा का अपना दायित्व निभाने की बजाय जनता के अधिकार छीन रहे हैं। इन्होंने बिहार में भी 65 लाख वोट काट दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि देश इन्हें माफ नहीं करेगा। सेवानिवृत्ति के बाद भी समय आने पर इन्हें जवाब देना पड़ेगा, क्योंकि ये लोकतंत्र के साथ विश्वासघात कर रहे हैं।
भीड़ से खचाखच भरे मैदानों में अपने तेज तर्रार भाषण में कांग्रेस महासचिव ने प्रधानमंत्री मोदी की भाषा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वे कट्टा, दुनाली, हत्या, अपहरण, गोली, फिरौती, रंगदारी जैसी बातें करते हैं। उन्होंने कहा कि मोदी अपने पद की गरिमा भी नहीं रख रहे हैं। भीड़ के वोट चोरी को लेकर आक्रोशित नारों के बीच प्रियंका गांधी ने सीधा प्रधानमंत्री को संबोधित करते हुए कहा कि जनता उन्हें पहचान गई है। अब जनता उनके झूठ से गुमराह नहीं हो रही, ध्यान भटकाने और धर्म का नाम लेने से काम नहीं चल रहा। इसलिए वह वोट चोरी पर उतर आए हैं। उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए नरेंद्र मोदी के उस साम्राज्य के खिलाफ लड़ रही है, जो जनता को दबाने और फूट डालने का काम करता है। उन्होंने इस संघर्ष को अंग्रेजी साम्राज्य के खिलाफ लड़ी गई लड़ाई जैसा बताया। उन्होंने लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी द्वारा बिहार में निकाली गई वोटर अधिकार यात्रा की अभूतपूर्व सफलता का उल्लेख करते हुए कहा कि यह यात्रा वोट चोरों से जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए निकाली गई थी।  बिहार की बदहाली के लिए 20 साल से सत्तारूढ़ जदयू-भाजपा सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कांग्रेस महासचिव ने सवाल किया कि बिहार के शिक्षितनौजवान भी बेरोजगार क्यों है और दूसरे राज्यों में पलायन करने को मजबूर क्यों हैं।

उन्होंने राज्य में रोजगार की बुरी स्थिति को सामने रखते हुए कहा कि हर साल पेपर लीक होते हैं और नियुक्तियां नहीं होतीं। न तो खेती-किसानी से कमाई हो रही है और न ही सरकारी कंपनियों या छोटे उद्योगों से रोजगार मिल रहा है। उन्होंने कहा कि नोटबंदी और गलत ढंग से लागू की गई जीएसटी से छोटे कारोबार तबाह हो गए। मोदी सरकार ने लगभग सभी बड़े सरकारी उद्योग अडानी-अंबानी जैसे दो बड़े अरबपतियों को दे दिए हैं। प्रियंका गांधी ने महिलाओं की समस्याओं का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि वे बेलगाम अपराध और बढ़ती महंगाई जैसी मुश्किलों का सामना कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एनडीए सरकार चुनाव से पहले महिलाओं को घूस के तौर पर दस हजार रुपये देकर उनका वोट हासिल करना चाहती है। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे इस धनराशि को ले तो लें, लेकिन एनडीए को वोट न दें।प्रियंका गांधी ने महागठबंधन के प्रमुख वादे गिनाते हुए जनता से उसके उम्मीदवारों को भारी मतों से जिताने का आह्वान किया।

Related posts

‘मंगल कमल’’ में हवन यज्ञ के बाद शुरू हुआ कार्यकर्ताओं का आवागमन

Ajit Sinha

नई दिल्ली: पासिंग आउट परेड (पीओपी) एंव दानिप्स (प्रोब) तीन अधिकारियों का शपथ ग्रहण

Ajit Sinha

नई दिल्ली: अब दिल्ली में 24 घंटे खुल सकेंगे रेस्टोरेंट, रेस्टोरेंट संचालन के लिए टूरिज्म लाइसेंस की आवश्यकता नहीं- सीएम

Ajit Sinha
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
error: Content is protected !!
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x