अजीत सिन्हा की रिपोर्ट
फरीदाबाद:रसोई गैस (एलपीजी) की पर्याप्त उपलब्धता है और किसी भी प्रकार की कमी नहीं है। यह जानकारी देते हुए भारत सरकार में केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने आज जिला में एलपीजी (घरेलू गैस) सप्लाई, पीएनजी सप्लाई तथा पेट्रोलियम उत्पादों की उपलब्धता हेतु समीक्षा बैठक की। उनके साथ उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा भी मौजूद रहे।केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल ने अधिकारियों से पूछा कि अब तक कितने ऐसे मामले पकड़े गए हैं, जिनमें कालाबाजारी, अनावश्यक स्टॉकिंग या ओवररेटिंग जैसी गतिविधियां सामने आईं। उन्होंने इस पर प्रशासन और डीएफएससी (डिपार्टमेंट फॉर फॉरवर्ड सप्लाई एंड कंट्रोल) की भूमिका और कार्रवाई की स्थिति के बारे में जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि अब तक चार प्रमुख मामले सामने आए हैं, जिनमें दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जा चुकी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी एजेंसियों और व्यापारियों की सतत निगरानी की जाए, ताकि कोई भी नियम उल्लंघन करने वाला बच न सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी किसी भी कालाबाजारी, अनावश्यक स्टॉकिंग या गलत प्रैक्टिस के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। प्रशासन और विभाग, विशेष रूप से जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक विभाग (डीएफएससी), इन गतिविधियों पर सतत निगरानी रख रहे हैं।

राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने स्पष्ट किया कि हाल में फैल रही कृत्रिम अभाव की अफवाहों से जनता में कोई चिंता न हो। प्रशासन और सरकार पर पूरा भरोसा रखें, क्योंकि पेट्रोलियम और गैस की आपूर्ति और स्टॉक 100% सुनिश्चित हैं।राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि युद्ध से पहले जितनी डिमांड थी और जितनी सप्लाई थी, आज सप्लाई उससे भी अधिक है। उन्होंने कहा कि एलपीजी की मांग में अचानक से वृद्धि हुई है, जो किसी वास्तविक उपभोक्ता वृद्धि के कारण नहीं है, बल्कि केवल कृत्रिम भय और अफवाहों के कारण उत्पन्न हुई है। पिछले 15 दिनों में नए उपभोक्ताओं की संख्या में कोई असामान्य वृद्धि नहीं हुई है। इसलिए जनता से अनुरोध किया गया कि वे अतिरिक्त बुकिंग या अनावश्यक सिलेंडर खरीदने के प्रयास न करें। उन्होंने कहा कि आमजन को लाइनों में लगने की जरूरत नहीं है। सभी एलपीजी और पीएनजी उपभोक्ताओं को उनकी आपूर्ति घर तक समय पर प्राप्त होगी। बैठक में पेट्रोल और डीजल के उत्पादन और आपूर्ति की स्थिति पर भी चर्चा की गई। राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि पिछले पांच दिनों में सभी रिफाइनरीज ने उत्पादन में 28% की वृद्धि की है, जिससे सप्लाई पर्याप्त बनी हुई है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए जनता को किसी प्रकार की कमी या भय की स्थिति का सामना नहीं करना पड़े।
पीएनजी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अनावश्यक गैस सिलेंडर बुकिंग न करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि पाइपलाइन के माध्यम से गैस की आपूर्ति लगातार और निर्बाध रूप से चल रही है। जनता को विश्वास दिलाया गया कि उनके घरों तक गैस समय पर उपलब्ध होगी और किसी प्रकार की कमी या व्यवधान नहीं आएगा। अतिरिक्त या अनावश्यक बुकिंग करने की जरूरत नहीं है।बैठक में गैस वितरकों ने जानकारी दी कि इन दिनों लोग घबराहट में अनावश्यक रूप से गैस बुकिंग व पोर्टल पर आवेदन करने में लगे हैं। इससे सॉफ्टवेयर एवं सर्वर लोड बढ़ने के कारण बुकिंग सिस्टम धीमा हुआ है। कंपनी प्रतिनिधियों ने बताया कि सर्वर क्षमता बढ़ाने की प्रक्रिया जारी है और जल्द ही बुकिंग प्रणाली पूरी तरह सामान्य हो जाएगी। बशर्ते लोग पैनिक की स्थिति से बचें। राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने जनता से आग्रह किया गया कि वे अफवाहों पर विश्वास न करें और सरकारी निर्देशों के अनुसार ही गैस और पेट्रोलियम का उपयोग करें। सरकार और प्रशासन की प्राथमिकता सभी नागरिकों तक समय पर और सुरक्षित आपूर्ति सुनिश्चित करना है।
Related posts
0
0
votes
Article Rating
Subscribe
Login
0 Comments
Oldest
Newest
Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments

