
अजीत सिन्हा की रिपोर्ट
नई दिल्ली:कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा है कि राहुल गांधी के प्रधानमंत्री बनने पर पुडुचेरी को पूर्ण राज्य का दर्जा दिया जाएगा। पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान शनिवार को आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि सत्तारूढ़ एआईएनआर सी-भाजपा गठबंधन में 30 प्रतिशत कमीशन का शासन चल रहा है, सरकार भ्रष्टाचार के जरिए इस खूबसूरत जगह को लूट रही है और विकास ठप हो गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भ्रष्टाचार के लिए जीरो टॉलरेंस का वादा किया था, लेकिन जमीन से आसमान तक, एयरपोर्ट से पोर्ट तक, सब कुछ लूटा जा रहा है और एक व्यक्ति अडानी को सौंप दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एनडीए गठबंधन जनता की जमीन और विरासत को लूट रहा है, जिसमें मंदिरों की जमीनें भी शामिल हैं। पूरे पुडुचेरी में सरकारी संपत्तियों पर कब्जा किया जा रहा है।

इंडिया गठबंधन प्रत्याशियों के पक्ष में वोट की अपील करते हुए खरगे ने कहा कि यह चुनाव पुडुचेरी की एकता, सद्भाव और प्रगतिशील सोच को बचाने का मौका है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा-आरएसएस छोटे राज्यों के अधिकारों को कुचलना चाहते हैं और पुडुचेरी में उपराज्यपाल के हस्तक्षेप के कारण चुनी हुई सरकार कमजोर हो रही है। उन्होंने याद दिलाया कि कांग्रेस शासन में नारायणसामी के मुख्यमंत्री रहते हुए लेफ्टिनेंट गवर्नर किरण बेदी सरकार के कामों में दखल देती थीं और फाइलें महीनों तक रोकी जाती थीं।खरगे ने जोर देकर कहा कि पुडुचेरी को पूरी शक्तियां दी जानी चाहिए और केंद्र में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने पर जब राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनेंगे तो पुडुचेरी को पूर्ण राज्य का दर्जा दिया जाएगा।

खरगे ने ड्रग माफिया और नशीले पदार्थों के बढ़ते मामलों पर चिंता जताते हुए कहा कि पूरी पीढ़ी नष्ट हो रही है और इसके लिए डबल इंजन सरकार जिम्मेदार है। उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों में सरकार ने 450 नई शराब की दुकानें और रेस्टोरेंट खोले हैं। जनता को साफ पानी देने के बजाय, यह सरकार छह नई शराब फैक्ट्रियों को बढ़ावा दे रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पुडुचेरी बनाया, भाजपा ने इसे बर्बाद किया। आज राज्य में जो भी बुनियादी ढांचा, स्कूल और अस्पताल दिखते हैं, वे कांग्रेस की देन हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने राशन की दुकानें खोली थीं, जिन्हें अब बंद किया जा रहा है। इंदिरा गांधी ने बैंकों का राष्ट्रीयकरण किया ताकि गरीबों को ऋण मिल सके, जबकि वर्तमान सरकार केवल चंद उद्योगपतियों का भला कर रही है।बेरोजगारी के मुद्दे पर भी उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को घेरा और उनके हर साल दो करोड़ नौकरियों के वादे को याद दिलाया। उन्होंने इस बात पर चिंता जताई कि सरकारी आंकड़ों के अनुसार शहरों में 14 प्रतिशत और ग्रामीण क्षेत्रों में 18 प्रतिशत बेरोजगारी है।खरगे ने कटाक्ष करते हुए कहा कि मोदी का काम केवल नाम बदलना और स्टिकर चिपकाना है। उन्होंने पूछा कि नरेंद्र मोदी ने पुडुचेरी के लिए क्या किया? कोई मेडिकल कॉलेज खोला? कोई एम्स बनाया? उन्होंने कहा कि एक दिन पहले मोदी यहां आए थे, लेकिन उन्होंने जनता से बात नहीं की, केवल रोड शो किया। वे जनता के कल्याण के बजाय केवल दिखावे पर पैसा खर्च करते हैं।खरगे ने मतदाताओं से अपील की कि वे देश के लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए इंडिया गठबंधन के उम्मीदवारों को भारी मतों से विजयी बनाएं। भाषण के अंत में उन्होंने गठबंधन की तीन गारंटियों के बारे में बताते हुए कहा कि पुडुचेरी में सरकार बनने पर सभी छात्रों को प्राथमिक से लेकर अनुसंधान स्तर तक मुफ्त शिक्षा दी जाएगी और सरकारी व निजी कॉलेजों में पढ़ने वाले छात्रों को 2,000 रुपये मासिक छात्रवृत्ति दी जाएगी। इसके अलावा हर महीने सभी परिवारों को 2,500 रुपये की राशन सामग्री दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार विवाहित महिलाओं को सोने पर सब्सिडी भी देगी। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष वी वैथीलिंगम, सीएलपी नेता एम वैथियानाथन, पूर्व मुख्यमंत्री वी नारायणसामी, प्रदेश प्रभारी गिरीश चोडणकर, बी पूनम प्रभाकर सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
Related posts
0
0
votes
Article Rating
Subscribe
Login
0 Comments
Oldest
Newest
Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments

