Athrav – Online News Portal
गुडगाँव चंडीगढ़ हरियाणा

महिलाओं ने निभाई आपातकाल में लोकतंत्र प्रहरी की भूमिका – नायब सैनी

अजीत सिन्हा की रिपोर्ट 
गुरुग्राम:हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आपातकाल के दौरान लोकतंत्र सेनानियों पर जितने अत्याचार हुए उतने ही अत्याचार महिलाओं ने सहन किए और इस काले दौर का डटकर वीरता से सामना किया। महिलाओं ने राष्ट्रहित में जो लोकतंत्र प्रहरी के रूप में योगदान दिया वह कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने आह्वान किया कि लोकतंत्र के काले अध्याय को जन-जन तक पहुंचाया जाए ताकि हमारी आने वाली पीढ़ियां इसे याद रखे और इसके प्रति सचेत रहे।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शनिवार को गुरुग्राम विश्वविद्यालय के सभागार में आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित महिला मॉक पार्लियामेंट में सम्बोधित कर रहे थे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मॉक पार्लियामेंट की कार्यवाही भी देखी। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण को समर्पित यह मॉक पार्लियामेंट सेशन आपातकाल के दौरान महिलाओं पर हुए अत्याचार को याद करते हुए उनके त्याग को सलाम करने का दिन है। उन्होंने आपातकाल में अत्याचार का विरोध करने वाले लोकतंत्र सेनानियों को सम्मानित भी किया। सम्मानित होने वालो में प्रदेश अध्यक्ष लोकतंत्र सेनानी संगठन महावीर भारद्वाज, एस.बी. गुप्ता और श्रीचंद गुप्ता शामिल रहे।नायब सिंह सैनी ने कहा कि जब देश में आपातकाल लगाया गया उस समय न तो देश में कोई अस्थिरता थी और न ही कोई प्राकृतिक आपदा थी परंतु कांग्रेस की सरकार द्वारा अपनी स्वार्थ पूर्ति व संकुचित मानसिकता के लिए देश के लोगों पर जबरदस्ती आपातकाल को थोपा गया। आज से 50 वर्ष पूर्व लगे आपातकाल में केवल राजनीतिक अधिकारों का ही हनन नहीं हुआ बल्कि महिलाओं की स्वतंत्रता, उनकी गरिमा, उनके अधिकारों पर सबसे क्रूर हमला हुआ।महिलाओं को जेलों में बंद किया गया। उनकी आवाज को दबाया गया और उन्हें घरों में कैद कर दिया गया। केवल इसलिए कि वे सरकार के अन्याय के खिलाफ बोलना चाहती थीं। यह वही समय था, जब लोकतंत्र के साथ नारी गरिमा का भी गला घोंटा गया।उन्होंने कहा कि ‘महिला मॉक संसद‘ जैसे महत्वपूर्ण और विचारशील कार्यक्रम का आयोजन उस दौरान हुए अमानवीय कृत्य को याद करने का दिन है। उन्होंने कहा कि आपातकाल लोकतंत्र का काला अध्याय रहा है और अंग्रेजों से बढ़कर आपातकाल में हर जनमानस पर अत्याचार हुए। आपातकाल के बाद के आम चुनावों में महिलाओं ने पहले की अपेक्षा बढ़-चढ़कर भाग लिया। महिलाओं द्वारा आपातकाल के दौरान निभाई गई जिम्मेदारी सराहनीय है।मुख्यमंत्री ने कहा कि आपातकाल में संविधान को रौंदने का काम किया गया। यह कोई साधारण विषय नहीं है। यह हमें उस दौर की याद दिलाता है, जब पूरे देश की आवाज को कुचलने की कोशिश की गई थी। यह उस दौर की बात है, जब संविधान को ताक पर रखकर एक परिवार की सत्ता को बचाने के लिए देश को जेल बना दिया गया था। आज, जब इतनी जागरूक माताएं-बहनें बैठी हैं, तो मुझे पूरा विश्वास है कि इस देश की लोकतांत्रिक चेतना को कोई फिर से कोई कुचल नहीं सकता। उन्होंने कहा कि संविधान का दुरुपयोग कर आपातकाल 25 जून, 1975 की रात को लागू किया गया। जिसके कारण हर जन के अधिकारों पर अंकुश लगाया गया।मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आपातकाल के दौरान अपना जीवन न्यौछावर करने वालों को सम्मान दिया। उन्होंने कहा कि संविधान की रक्षा में अपना योगदान देने वालों को भुलाया जा रहा था किंतु श्री मोदी ने उस काले अध्याय का विरोध करने वालों को याद करते हुए आमजन तक जानकारी सांझा की है। आज संसद में विपक्ष की गरिमा निचले स्तर तक गिरती जा रही है। विपक्ष न केवल लोकतंत्र का अपमान कर रहा है बल्कि संविधानिक पदों पर आसीन लोगों को ठेस पहुंचाने का काम भी कर रहा है।मुख्यमंत्री ने कहा कि संसद में गरिमा का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। ऐसे में संसद की कार्रवाई को राष्ट्र हित में चलाने में विपक्ष को अपना दायित्व निभाना चाहिए। उन्होंने कहा कि विपक्ष द्वारा संसद की कार्यवाही को बार-बार बाधित करना गंभीर विषय है। इससे न केवल संसद का बहुमूल्य समय बर्बाद होता है बल्कि देश के विकास की गति भी धीमी होती है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सकारात्मक सोच को प्रदेश आगे बढ़ा रहा है और विकसित भारत के सपने को साकार करने में हरियाणा अपना अतुलनीय योगदान निभा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बनने की ओर अग्रसर है।मुख्यमंत्री ने महिला मॉक पार्लियामेंट में भाजपा महिला मोर्चा हरियाणा को बधाई देते हुए कहा कि आपने यह मंच तैयार किया, जहां महिलाएं न केवल बोल रही हैं, बल्कि नेतृत्व भी कर रही हैं। न केवल प्रश्न उठा रही हैं, बल्कि समाधान भी दे रही हैं। यही लोकतंत्र है, यही संविधान की आत्मा है, यही भाजपा का मूल मंत्र है। उन्होंने महिला शक्ति को नमन करते हुए कहा कि आज मैं इस महिला संसद में खड़े होकर आप सबको यह भरोसा दिलाता हूं कि जिस भारत को बचाने के लिए आपातकाल के दौरान हमारे देशवासियों ने बलिदान दिए, जिस लोकतंत्र के लिए लाखों माताओं की आंखें रात-रात भर रोईं, उस लोकतंत्र की गरिमा को कोई अब छू भी नहीं सकता।

Related posts

चंडीगढ़ ब्रेकिंग: हरियाणा सरकार ने आज 47 एचसीएच अधिकारियों के नियुक्ति एवं स्थानांतरण आदेश जारी-पढ़े

Ajit Sinha

महेंद्रगढ़ : गाय को हाथ फेर कर दुलारने उपरांत लोगों को गाय पालने के प्रति प्रेरित करते शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा

Ajit Sinha

विदेशी म्यूजिशियन लाखों रूपए के अफीम और चरस के साथ गिरफ्तार

Ajit Sinha
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
error: Content is protected !!
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x