Athrav – Online News Portal
दिल्ली नई दिल्ली राजनीतिक राष्ट्रीय

ब्रेकिंग न्यूज़: पीएम नरेंद्र मोदी ने 4 राज्यों में बीजेपी की हुई इस जीत को जनता की जीत बताया, लोकतंत्र की जीत बताया।

अजीत सिन्हा / नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज गुरुवार को नई दिल्ली स्थित पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में भारतीय जनता पार्टी को मिली ऐतिहासिक विजय के पश्चात् पार्टी कार्यकर्ताओं के सैलाब को संबोधित किया और इस जीत को जनता की जीत बताया, लोकतंत्र की जीत बताया।

● मैं इन चुनाव में हिस्सा लेने वाले सभी मतदाताओं को बधाई देता हूं। ये उत्सव भारत के लोकतंत्र के लिए है। हमारी माताओं, बहनों और युवाओं ने जिस तरह भारतीय जनता पार्टी को भरपूर समर्थन दिया है, वह अपने आप में बहुत बड़ा संकेत है। मुझे इस बात का भी संतोष है कि फर्स्ट टाइम वोटर्स ने बढ़-चढ़ कर मतदान में हिस्सा लिया और भाजपा की जीत पक्की की।

● चुनाव के दौरान भाजपा के कार्यकर्ताओं ने मुझसे वादा किया था कि इस बार होली 10 मार्च से ही शुरू हो जाएगी। हमारे कार्यकर्ताओं ने चारों प्रदेश में भाजपा का ये विजय ध्वज फहराकर इस वायदे को पूरा कर दिखाया है। मैं पार्टी के उन सभी कार्यकर्ताओं की भूरि-भूरि प्रशंसा करता हूं जिन्होंने दिन रात देखे बिना इन चुनावों में काम किया और जनता का विश्वास जीतने में सफल रहे।

● मैं हमारे पार्टी कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करने और भाजपा की विजय यात्रा को सुनिश्चित करने हेतु हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का भी अभिनंदन करता हूँ।

● उत्तर प्रदेश में आज हमारे कार्यकर्ताओं ने जीत का चौका लगाया है। उत्तर प्रदेश ने देश को अनेक प्रधानमंत्री दिए थे लेकिन 5 साल का कार्यकाल पूरा करने वाले किसी मुख्यमंत्री के दोबारा चुने जाने का ये पहला उदाहरण है। अभी हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष ने विस्तार से बताया कि उत्तर प्रदेश में 37 साल बाद कोई सरकार लगातार दूसरी बार सत्ता में आई है। तीन राज्यों यूपी, गोवा और मणिपुर में सरकार में होने के बावजूद भाजपा के वोट शेयर में वृद्धि हुई है।

● गोवा में सारे एग्जिट पोल गलत सिद्ध हुए और गोवा की जनता ने हमें फिर से सेवा का अवसर दिया। 10 साल सत्ता में रहने के बाद भी गोवा में भाजपा की सीटें बढ़ी हैं।

● उत्तराखंड में भी भारतीय जनता पार्टी ने नया इतिहास रचा है। देवभूमि में पहली बार कोई पार्टी लगातार दूसरी बार सत्ता में आई है। सीमा से सटा एक पहाड़ी राज्य (उत्तराखंड ), एक समुद्र तटीय राज्य (गोवा), एक मां गंगा का विशेष आशीर्वाद प्राप्त राज्य (उत्तर प्रदेश) और पूर्वोत्तर सीमा पर एक राज्य (मणिपुर)- भाजपा को चारों दिशाओं से आशीर्वाद मिला है। इन राज्यों की चुनौतियां भिन्न हैं। सबकी विकास की यात्रा का मार्ग भिन्न है लेकिन, एक सूत्र जो उभयनिष्ठ है, वह है – भाजपा पर विश्वास, भाजपा की नीति, भाजपा की नीयत और भाजपा के निर्णयों पर अपार विश्वास। ये नतीजे भाजपा की प्रो-पुअर, प्रो-एक्टिव गवर्नेंस पर एक प्रकार से बड़ी मुहर है।

● हमने देश भर में और जहां-जहाँ भाजपा की सरकारें हैं, वहां गवर्नेंस डिलिवरी सिस्टम बेहतर किया। मैं गरीब के घर तक उसका हक पहुंचाए बिना चैन से बैठने वाला इंसान नहीं हूं। सरकार और गवर्नेंस में कितनी दिक्कतें होती हैं, इसे जानता हूं। हर गरीब तक सरकार की योजनाओं को सौ फीसदी तक पहुंचाने का हमने संकल्प लिया। जब ईमानदारी होती है, नीयत साफ होती है, गरीबों के लिए करुणा होती है, देश के कल्याण का मंत्र होता है तो ऐसी हिम्मत पैदा होती है।

● आज मैं महिलाओं, बहन, बेटियों को विशेष रूप से नमन करता हूं। चुनाव में उनका बड़ा योगदान रहा है। ये हमारा सौभाग्य है कि भाजपा को बहनों, बेटियों और माताओं ने इतना स्नेह दिया, इतना आशीर्वाद मिला है। जहां-जहां महिला मतदाताओं ने पुरुषों के मुकाबले ज्यादा मतदान किया है, वहां भारतीय जनता पार्टी को बंपर जीत मिली है। हमारी माताएं, बहनें, बेटियां, स्त्री शक्ति भाजपा की जीत की साक्षी बनी हैं।

● मैं सभी तथाकथित राजनीतिक पंडितों को कहता हूं कि देश की भलाई के लिए पुरानी घिसी-पिटी चीजें छोड़कर नई चीजें सोचना शुरू कीजिए। इस देश के लिए बड़े दुख की बात है। मैं भी यह अनुभव करता था, जब ये ज्ञानी लोग यूपी की जनता को सिर्फ और सिर्फ जातिवाद के तराजू से तौलते थे और उसी दृष्टि से देखते थे। उत्तर प्रदेश के नागरिकों को जातिवाद की बाड़ेबंदी में बांधकर उन नागरिकों और उत्तर प्रदेश का अपमान करते थे। कुछ लोग यूपी को यह कहकर बदनाम करते हैं कि यूपी में जाति
ही चलती है।

● 2014, 2017, 2019 और अब 2022 – हर बार उत्तर प्रदेश की जनता ने सिर्फ विकासवाद की राजनीति को ही चुना है। यूपी की जनता ने इन लोगों को ये सबक दिया है। ये सबक उन्हें सीखना होगा। उत्तर प्रदेश के हर नागरिक ने ये सबक दिया है कि जाति की गरिमा, जाति का मान, देश को जोड़ने के लिए होना चाहिए, तोड़ने के लिए नहीं। ये चार-चार चुनावों में हमने करके दिखाया है।

● 2019 के चुनाव नतीजों के बाद कुछ पॉलिटिकल ज्ञानियों ने कहा था कि 2019 की जीत में क्या है, ये तो 2017 में ही तय हो गई थी, क्योंकि 2017 में यूपी का रिजल्ट आया था। मैं मानता हूं कि इस बार भी ये ज्ञानी जरूर कहने की हिम्मत करेंगे कि 2022 के नतीजों ने 2024 के नतीजे तय कर दिए हैं। देश में जहां-जहां डबल इंजन की सरकार रही, वहां पर जनता के हितों की सुरक्षा हुई।

● मैं आज पंजाब के भाजपा कार्यकर्ताओं की भी विशेष प्रशंसा करूंगा। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी जिस प्रकार पार्टी का झंडा बुलंद किया है, वो आने वाले समय में पंजाब में भाजपा की मजबूती और देश की मजबूती को विकसित करने में सहायक होगा।

● पंजाब में भाजपा एक शक्ति के रूप में उभरनी है, ये मैं अपनी आंखों के सामने देख रहा हूं। सीमावर्ती राज्य होने के नाते उस राज्य को अलगाववादी राजनीति से सतर्क रखना भाजपा का कार्यकर्ता जान की बाजी लगाकर करेगा। आने वाले 5 सालों में भाजपा का हर कार्यकर्ता वहां इस दायित्व को जोर-शोर से निभाने वाला है, ये विश्वास मैं पंजाब की जनता को देना चाहता हूं।

● ये चुनाव ऐसे समय में हुए हैं, जब पूरी दुनिया 100 साल की सबसे बड़ी कोरोना महामारी से लड़ रही है। युद्ध ने भी विश्व की चिंताएं बढ़ाई हैं। इन परिस्थितियों में दुनियाभर की सप्लाई चेन प्रभावित हुई हैं। इन चुनौतियों से निपटने के लिए भारत ने जो कदम उठाए, आर्थिक स्तर पर जो फैसले लिए, गरीब कल्याण के जो फैसले लिए, उससे भारत को संभलकर आगे बढ़ने में बहुत मदद मिली है। भारत इससे बच पाया है इसलिए, क्योंकि हमारी नीतियां जमीन से जुड़ी रहीं। हमारे प्रयास निष्ठा और नीयत की पटरी पर अविरत आगे बढ़ते रहे।

● जो युद्ध चल रहा है, उसका प्रभाव प्रत्यक्ष और परोक्ष रूप से दुनिया के हर देश पर पड़ रहा है। भारत शांति के पक्ष में है। बातचीत से हर समस्या को सुलझाने के पक्ष में है, जो देश सीधे जंग लड़ रहे हैं, भारत का उनसे आर्थिक, सुरक्षा, शिक्षा, राजनीतिक दृष्टि से नाता है। भारत की बहुत सारी जरूरतें इन देशों से जुड़ी हुई हैं।

● उत्तर प्रदेश जैसे राज्य ने अपनी दूरदृष्टि का परिचय दिया है। भारत के मतदाताओं ने जिस तरह इन चुनावों में स्थिर सरकारों के लिए वोट दिया, वह इस बात का प्रतीक है कि लोकतंत्र भारतीयों की रगों में है। भाइयों और बहनों आज इस अवसर पर मैं देश के सामने अपनी कुछ चिंताएं भी रखना चाहता हूं।

● देश के नागरिक राष्ट्र निर्माण में जुटे हैं लेकिन हमारे यहां कुछ लोग लगातार राजनीति का स्तर गिराते जा रहे हैं। कोरोना के इस समय में भी हमने देखा है कि लोगों ने देशवासियों को गुमराह करने की लगातार कोशिश की है।

● वैक्सीनेशन के हमारे प्रयासों की दुनिया प्रशंसा कर रही है लेकिन इस पवित्र और मानवता के कार्य पर और भारत की वैक्सीन पर भी सवाल उठाए गए। जब यूक्रेन में हजारों भारतीय छात्र और नागरिक फंसे हुए थे, तब भी देश का मनोबल तोड़ने की बातें हो रही थीं। जो वहां फंसे थे, उनकी चिंता बढ़ाने का काम हो रहा था। ये लोग उन बच्चों में असुरक्षा की भावना बढ़ा रहे थे। इन लोगों ने ऑपरेशन गंगा को भी प्रदेशवाद की बेड़ियों में बांधने की कोशिश की। हर योजना, हर काम को क्षेत्रवाद, प्रदेशवाद,जातिवाद का रंग देने का प्रयास भारत के उज्ज्वल भविष्य के लिए चिंता का विषय है।

● इन चुनावों में मैंने लगातार विकास की बात की है। गरीबों को घर, गरीबों को राशन, वैक्सीन,आधुनिक इन्फ्रास्ट्रक्चर हर विषय पर भाजपा का विजन लोगों के सामने रखा है। मैंने जिस बात पर सबसे ज्यादा चिंता जताई थी, वो थी परिवारवाद। मैंने लोगों को बताया कि मैं परिवार के खिलाफ नहीं, किसी विशेष का विरोधी नहीं। कैसे परिवारवाद ने राज्य का कितना नुकसान किया है और राज्य को पीछे ले गए – इस बात को मतदाताओं ने समझते हुए भी इस चुनाव में अपना वोट दिया है। लोकतंत्र की ताकत को मजबूत किया है।

● जिन मुद्दों को उठा रहा हूं, उस पर बहस होना जरूरी है। एक न एक दिन ऐसा आएगा, जब भारत में परिवारवादी राजनीति का सूर्यास्त नागरिक करके रहेंगे। इस चुनाव में देश के मतदाताओं ने अपनी सूझ-बूझ का परिचय दिखाते हुए, क्या होने वाला है, इसका इशारा कर दिया है।

● आज मैं एक और विषय रखना चाहता हूं और वह है भ्रष्टाचार के खिलाफ एक्शन रोकने की साजिश। हमारे देश में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोगों में एक नफरत का भाव रहता है। देश की गाढ़ी कमाई लूटकर तिजोरी भरने की प्रवृत्ति कुछ लोगों की पहचान के साथ जुड़ गई है।

● आज कल एक जमात की एक प्रवृत्ति बन गई है कि पहले हजारों करोड़ रुपए का भ्रष्टाचार करते हैं, फिर जांच भी नहीं होने देते, जांच हो तो उस पर दबाव बनाते हैं। ये लोग किसी भ्रष्टाचारी पर कार्रवाई होते ही उसे धर्म का रंग देते है, प्रदेश का रंग दे देेते हैं, जाति का रंग दे देते हैं। ये नए तरीके शुरू हुए हैं। किसी माफिया के खिलाफ अदालत कोई फैसला सुना देती है तो भी ये लोग उसे धर्म से जोड़ देते हैं। मैं भारत के सभी संप्रदायों, जातियों पर गर्व करने वाले ईमानदारों से आग्रह करता हूं कि ऐसे भ्रष्टाचारियों, माफियाओं को अपने समाज, संप्रदाय और जाति से दूर करने की हिम्मत करें। इससे समाज भी मजबूत होगा, संप्रदाय भी मजबूत होगा।

● मैं बनारस का सांसद हूं। यूपी के लोगों के प्यार और आशीर्वाद से मुझे भी यूपी वाला बना दिया।बनारस का सांसद होने के नाते अनुभव से कह सकता हूं कि यूपी के लोग समझ चुके हैं कि जाति को बदनाम करने वालों से दूर रहना है और राज्य के विकास को ही सर्वोच्च प्राथमिकता देनी है।

● भारत आजादी के अमृतकाल में प्रवेश कर रहा है। ये चुनाव हमारे राष्ट्रीय संकल्पों को प्रतिबिंबित करते हैं। यहां से हम एकसाथ तेजी से काम करने वाले हैं। एक तरफ गांव, गरीब, छोटे किसानों के कल्याण पर हमारा जोर है, वहीं दूसरी ओर हम देश के संसाधनों, युवा शक्ति को नए अवसर देकर हम आत्मनिर्भरता के मिशन को तेज करना चाहते हैं।

● भारत का युवा आज तक अपने हुनर से, बुद्धि के बल से और क्षमता के उपयोग से दुनिया को समाधान दे रहा है। दुनिया का सबसे बड़ा और सबसे तेज टीकाकरण अभियान आज के भारत के सामर्थ्य का बड़ा उदाहरण है। आज भारत डिजिटल पेमेंट सिस्टम में आत्मनिर्भर हो रहा है। स्टार्टअप के क्षेत्र में अपना सामर्थ्य बढ़ा रहा है और तकनीक के क्षेत्र में नई उपलब्धियां प्राप्त कर रहा है। ये युवा शक्ति की वजह से हो रहा है।

● आज ऐसे नए भारत का निर्माण हो रहा है, जहां आपकी पहचान आपसे होती है। मुझे विश्वास है कि सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र पर चलते हुए हम अपने-अपने राज्यों को नई ऊंचाई पर लेकर जाएंगे। जब देश के हर राज्य का विकास होगा तो देश का भी विकास होगा। बड़े संकल्पों और इरादों के साथ देश को आगे बढ़ाना है।
● इतना बड़ी भव्य विजय भारत के उज्ज्वल भविष्य की गारंटी है। मैं उज्ज्वल भविष्य के निर्णायक मतदान करने वाले मतदाताओं का अभिनंदन करता हूं।

Related posts

बीजेपी अध्यक्ष जे पी नड्डा ने आज आयोजित प्रेस वार्ता में क्या कहा, जानने के लिए पढ़े।

Ajit Sinha

दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा पुलिस ने एक इंजीनियर को करोड़ों की धोखाधड़ी करने के मामले में किया अरेस्ट। 

Ajit Sinha

With 90 per cent clean up work complete here’s a timeline of events

Ajit Sinha
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
error: Content is protected !!
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x