Athrav – Online News Portal
अपराध पंचकूला

प्रोटीन पाउडर से बॉडी बनाने के कमेंट पर 2 साल पहले हुए विवाद में युवक की हत्या में शामिल 4 आरोपित 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार

अजीत सिन्हा की रिपोर्ट 
पंचकूला: हरियाणा के जिला पंचकूला के थाना मनसा देवी क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की चाकू मारकर हत्या करने और उसके दो दोस्तों को घायल करने का मामला सामने आया था। पंचकूला पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुस्तैदी दिखाई और चार आरोपितों  को महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपितों  को अदालत में पेश कर 5 दिन का पुलिस रिमांड हासिल कर लिया है, ताकि वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियारों को बरामद किया जा सके।
क्या था पूरा मामला
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह के अनुसार दिनांक 16 जुलाई 2026 की रात करीब 9:30 बजे पुलिस को सकेतड़ी रोड पर लड़कों के बीच खूनी संघर्ष होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पुलिस पहुंची तो वहां काफी खून बिखरा हुआ था और एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल मिली। इसके बाद पुलिस टीम नागरिक अस्पताल सेक्टर-6 पंचकूला पहुंची, जहां मृतक के पिता ने अपने बयान दर्ज करवाए। शिकायतकर्ता ने बताया कि उनका 20 वर्षीय बेटा कपिल अपने दोस्तों के साथ घूमने गया था, जहां कुछ युवकों  ने एक राय होकर उनपर चाकुओं से जानलेवा हमला कर दिया। अस्पताल में डॉक्टरों ने कपिल को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसके दोनों दोस्त गंभीर रूप से घायल हैं।
पिता के बयानों के आधार पर थाना मनसा देवी पंचकूला में दिनांक 17.07.2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 190, 191(2), 115, 103 और 60 के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के नेतृत्व में थाना मनसा देवी की टीम और क्राइम यूनिट्स ने संयुक्त रूप से तलाश शुरू की। गुप्त सूचना और त्वरित घेराबंदी के आधार पर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर चार मुख्य आरोपितों  को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपितों की पहचान अमन (उम्र 20 वर्ष, निवासी बदायूं, यूपी, हाल झुग्गी भैंसा टिब्बा), अर्जुन (उम्र 18 वर्ष, निवासी बरेली, यूपी, हाल भैंसा टिब्बा), विपिन कुमार (उम्र 20 वर्ष, निवासी बदायूं, यूपी, मनसा देवी) और मोहित कुमार (उम्र 20 वर्ष, निवासी उन्नाव, यूपी, हाल झुग्गी मनसा देवी पंचकूला) के रूप में हुई है। एमडीसी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मुनीष कुमार की अगुवाई में मामले की जांच सब इंस्पेक्टर मलकीत सिंह द्वारा की जा रही है।
हत्या के पीछे की वजह
डीसीपी पंचकूला आईपीएस अदिति सिंह के अनुसार जांच में सामने आया है कि इस खूनी संघर्ष की जड़ें करीब 2 साल पुरानी एक मामूली बात से जुड़ी हैं। दरअसल, दो साल पहले मृतक कपिल के एक दोस्त का इन आरोपितों ने प्रोटीन पाउडर खाकर बॉडी बनाने की बात को लेकर मजाक उड़ाया था। उस समय इनके बीच विवाद और झगड़ा हुआ था, जिसके बाद से दोनों पक्षों में गहरी रंजिश चली आ रही थी। बीते दिनों जब इस पुरानी रंजिश को सुलझाने और समझौता कराने के लिए दोनों पक्ष इकट्ठा हुए, तो वहां एक बार फिर से आपस में कहासुनी हो गई। यह बहस इतनी बढ़ गई कि आरोपितों ने तैश में आकर चाकुओं से हमला कर कपिल की जान ले ली। फिलहाल पुलिस पकड़े गए आरोपितों से गहन पूछताछ कर रही है और रिमांड अवधि के दौरान वारदात में इस्तेमाल हथियार बरामद किए जाएंगे।
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन: मामले की जांच जारी है और बाकी बचे आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है, शेष आरोपितों  को भी जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। साथ ही कड़ा संदेश देते हुए स्पष्ट किया है कि कानून को चुनौती देने वाले किसी भी असामाजिक या आपराधिक मानसिकता वाले तत्व को बख्शा नहीं जाएगा।

Related posts

चंडीगढ़ ब्रेकिंग:7 रेंजों में एकसाथ ऑपरेशन, 4 ट्रैप सफल—लाइनमैन से लेकर एसएचओ तक रंगे हाथों गिरफ्तार

Ajit Sinha

साढ़े पांच लाख रूपए के 2000 -2000 के नकली नोटों के साथ पुलिस ने एक नेपाली शख्स को गिरफ्तार किया हैं।

Ajit Sinha

8 करोड़ रुपए के हेरोइन के बरामदगी के मामले में फरार कुख्यात ड्रग तस्कर तुषार पकड़ा गया।

Ajit Sinha
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
error: Content is protected !!
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x