Athrav – Online News Portal
अपराध चंडीगढ़ फरीदाबाद हरियाणा

11 अप्रैल को संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा धरना-प्रदर्शन के आह्वान के चलते प्रदेश में कानून व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम-डीजीपी


अजीत सिन्हा की रिपोर्ट 
चंडीगढ़: हरियाणा में 11 अप्रैल को संयुक्त किसान मोर्चा के धरना प्रदर्शन के आह्वान के चलते हरियाणा पुलिस द्वारा प्रदेश में कानून व्यवस्था बनाए रखने को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। इसे लेकर आज पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल की अध्यक्षता में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से अतिरिक्त पुलिस महानिदेशको/पुलिस महानिरीक्षकों/पुलिस आयुक्तों तथा पुलिस अधीक्षकों ने भाग लिया। पुलिस मुख्यालय में आयोजित इस बैठक में एडीजीपी सीआईडी सौरभ सिंह, एडीजीपी कानून एवं व्यवस्था संजय कुमार सहित कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए अजय सिंघल ने कहा कि किसान संगठनों द्वारा प्रस्तावित जाम के दौरान शरारती तत्वों द्वारा कानून व्यवस्था प्रभावित करने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी ऐसे धरना-प्रदर्शनों के दौरान असामाजिक तत्व माहौल बिगाड़ने का प्रयास करते रहे हैं। इसलिए आवश्यक है कि ऐसी संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए समय रहते ठोस और प्रभावी रणनीति बनाई जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को प्रारंभिक स्तर पर ही नियंत्रित किया जा सके और कानून व्यवस्था पूरी तरह बनाए रखी जा सके।सिंघल ने कहा कि पुलिस अधिकारी अपने सूचना तंत्र को सक्रिय करें और जिन स्थानों पर किसान संगठनों द्वारा धरना प्रदर्शन का आह्वान किया गया है वहां पर कानून व्यवस्था बनाए रखने को लेकर उचित इंतजाम करें। उन्होंने कहा कि ऐसे स्थानों पर लगाई गए पुलिस बल की ब्रीफिंग ठीक प्रकार से होनी चाहिए। प्रत्येक पुलिसकर्मी को यह पता होना चाहिए कि उसे किस स्थिति में कब , क्या और कैसे काम करना है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने का अधिकार सभी को है लेकिन कानून व्यवस्था के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नही किया जा सकता। उन्होंने स्पष्ट कहा कि धरना प्रदर्शन के दौरान यातायात व्यवस्था बाधित नही होनी चाहिए। पुलिस अधीक्षक इसे लेकर आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करें। स्थिति के अनुरूप ट्रैफिक डायवर्जन प्लान आदि बनाएं ताकि आमजन को यातायात को लेकर किसी प्रकार की असुविधा ना हो। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारी सुनिश्चित करें कि मंडियों के गेट पर भी किसी प्रकार की अव्यवस्था ना हो और वहां पर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का आवागमन सुचारू रहे। उन्होंने कहा कि पुलिस अधीक्षक अपने क्षेत्रों में किसान संगठनों के नेताओं से बैठक करें और उनसे शांति व सहयोग बनाए रखने का आह्वान करें।  अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक कानून एवं व्यवस्था संजय कुमार ने बैठक में निर्देश देते हुए कहा कि धरना स्थलों एवं उनके आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि कानून व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में रहे। उन्होंने विशेष रूप से शरारती तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति को समय रहते रोका जा सके। इसके साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू होनी चाहिए। साथ ही हाईवे और टोल प्लाजा जैसे संवेदनशील स्थानों पर विशेष फोकस रखा जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि किसी भी प्रकार का संशय मन में न रखें, और यदि संशय हो तो तुरंत उच्च अधिकारियों से मार्गदर्शन प्राप्त करें। उन्होंने आश्वस्त किया कि यदि किसी जिले में अतिरिक्त पुलिस बल की आवश्यकता है तो तुरंत अवगत कराया जाए, आवश्यकतानुसार बल उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही सभी जिलों को अपने स्तर पर पूरी तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी प्रकार की शंका या चूक की कोई गुंजाइश न रहे और हर स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार रहे।बैठक में एडीजीपी सीआईडी सौरभ सिंह ने कहा कि धरना स्थल पर तैनात अधिकारी किसानों से संवाद करें, बातचीत से किसी भी समस्या का हल निकाला जा सकता है। आगामी 5-6 दिन फसलों के उठान के हिसाब से अधिक महत्वपूर्ण है। मंडी व आस पास के स्थान पर कानून व्यवस्था बनाए रखने को लेकर उचित इंतजाम किए जाएं। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना है ताकि किसानों को मंडियों में किसी प्रकार की असुविधा ना हो। अंत में पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने किसानों से अपील की है कि वे प्रदेश में शांति व कानून व्यवस्था बनाए रखें और किसी के बहकावे में आकर कानून व्यवस्था को बाधित न करें। प्रदेश में कानून व्यवस्था के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नही किया जाएगा और उपद्रव फैलाने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी। इसे लेकर हरियाणा पुलिस की वरिष्ठ अधिकारियों की टीम द्वारा अलग-2 स्तर पर मॉनिटरिंग की जाएगी ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय परिस्थिति से निपटा जा सके।

Related posts

सीएम मनोहर ने पुलिस कमिश्नर विकास अरोड़ा को स्वतंत्रता दिवस’ के अवसर पर तिरंगा झंडा भेज कर दी शुभकामनाएं

Ajit Sinha

हर घर तिरंगा अभियान के तहत हरियाणा में हर घर पर 11 से 17 अगस्त तक फहराया जाएगा तिरंगा।

Ajit Sinha

फरीदाबाद: डिजिटल युग में डेटा का प्रभावी उपयोग ही सफलता की कुंजी: डॉ.पवन सिंह

Ajit Sinha
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
error: Content is protected !!
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x