Athrav – Online News Portal
अपराध पंचकूला

पंचकूला में सुरक्षित और शांतिपूर्ण होली के लिए पुलिस प्रशासन मुस्तैद: त्योहार की आड़ में हुड़दंग मचाने पर होगी कार्रवाई।


अजीत सिन्हा की रिपोर्ट 
पंचकूला: रंगों के त्योहार होली को भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने के लिए पंचकूला पुलिस प्रशासन ने अपनी कमर कस ली है। जिलावासियों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए पुलिस द्वारा व्यापक तैयारियां की गई है, ताकि त्यौहार की खुशियों में कोई खलल न पड़े।

पुलिस कमिश्नर (एडीजीपी) शिवास कविराज ने सभी जिलावासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए अपील की है कि वे दूसरों की भावनाओं और संवेदनशीलता का सम्मान करते हुए इस उत्सव को मनाएं। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि त्योहार की आड़ में हुड़दंग मचाने वाले या अशांति फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के साथ किसी भी प्रकार की रियायत नहीं बरती जाएगी और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कानून-व्यवस्था को बनाए रखने के लिए डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने जिले भर में करीब 370 पुलिसकर्मियों की तैनाती की है, जिनकी सीधी निगरानी एसीपी स्तर के अधिकारियों द्वारा की जाएगी। शहर के कोने-कोने पर नजर रखने के लिए 35 विशेष नाके लगाए गए हैं, जिनमें से 16 नाकों पर एल्कोसेंसर के जरिए जांच की जाएगी। शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद है।

सुरक्षा चक्र को मजबूत करने के लिए 25 राइडर, 19 ईआरवी और 11 पीसीआर गाड़ियां लगातार गश्त पर रहेंगी। कंट्रोल रूम के माध्यम से सभी थाना प्रभारियों और गश्ती दलों के बीच रीयल-टाइम तालमेल बिठाया जा रहा है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति पर तुरंत काबू पाया जा सके।

ट्रैफिक व्यवस्था और सुरक्षा पर जोर देते हुए डीसीपी क्राइम एवं ट्रैफिक मनप्रीत सिंह सूदन ने बताया कि अक्सर होली पर शराब पीकर गाड़ी चलाने के कारण गंभीर हादसे होते हैं, जिससे परिवारों की खुशियां मातम में बदल जाती हैं। इसे रोकने के लिए यातायात पुलिस को सख्त निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बुलेट बाइक से पटाखे की आवाज निकालकर दहशत फैलाने वालों पर भी पुलिस की विशेष नजर रहेगी।

प्रशासन ने आम जनता से सहयोग की अपील की है कि यदि कोई भी व्यक्ति नशा कर हुड़दंग करता है या व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करता है, तो तुरंत नजदीकी पुलिस चौकी, थाने या डायल 112 पर सूचना दें। पंचकूला पुलिस का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि हर नागरिक सुरक्षित महसूस करे और होली का पर्व हर्षोल्लास के साथ संपन्न हो।

Related posts

फरीदाबाद रेलवे स्टेशन से नकली वसीयत के जरिए बुजुर्ग की 500 करोड़ की सम्पति हड़पने की कोशिश करने वाला पकड़ा गया।

Ajit Sinha

ऑन-ड्यूटी ट्रैफिक पुलिसकर्मी को कार के बोनट पर घसीटा, आरोपी गिरफ्तार, भेजा जेल

Ajit Sinha

लड़कियों को शादी करने का झांसा देकर, उनसे पैसे ऐंठने के मामले में आरोपित पकड़ा गया -जांच जारी है।

Ajit Sinha
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
error: Content is protected !!
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x