Athrav – Online News Portal
फरीदाबाद हरियाणा

चंडीगढ़: भारतीय पुलिस सेवा अधिकारी के के सिंधु के सम्मान में विदाई परेड का आयोजन

अजीत सिन्हा की रिपोर्ट 
चंडीगढ़:पुलिस विभाग नागरिकों के कल्याण में लगे सर्वोत्तम विभागों में शामिल है, जिसमें जनसेवा के सर्वाधिक अवसर मिलते हैं। यह उद्गार हरियाणा पुलिस आवास निगम के अध्यक्ष व गृह आरक्षी के महाआदेशक, भारतीय पुलिस सेवा अधिकारी केके सिंधु ने व्यक्त किए। वे हरियाणा पुलिस अकादमी, मधुबन में आयोजित विदाई सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्य अतिथि सिंधु 35 वर्ष के सफल सेवाकाल के बाद 31 अगस्त को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। उन्होंने विदाई सम्मान परेड का निरीक्षण किया व सलामी ली। इस अवसर पर हरियाणा के पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार अग्रवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि को परंपरा का निर्वाह करते हुए फूलों से सुसज्जित खुली जिप्सी में पुष्प वर्षा करते सम्मानपूर्वक विदा किया।                   

मुख्य अतिथि केके सिंधु ने अपने संबोधन में अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि अच्छी भावना से काम करने का परिणाम यह होता है कि लोग आपके साथ जुड़ते चले जाते हैं। इसलिए हमेशा दूसरों की भलाई का प्रयास करते रहें और सद्भावनापूर्ण व्यवहार बनाए रखें। खाकी वर्दी पहनने के बाद सैनिक की तरह ही पुलिसकर्मी की पहचान जीवन भर पुलिस के रूप में ही रहती है। हमेशा जिम्मेदारी के साथ व्यवहार करें और अपने विभाग की प्रतिष्ठा को बढ़ाते रहें। पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मिलकर नागरिकों की अपेक्षाओं पर खरे उतर सकते हैं। उन्होंने आह्वान करते हुए कहा कि वरिष्ठ अधिकारी परिवार के मुखिया की तरह कर्मचारियों के कल्याण का ध्यान रखें तथा कर्मचारी भी कर्तव्यनिष्ठा से हरियाणा पुलिस की बेहतरी में अपना योगदान दें। खेलों को अपने जीवन में अपनाएं क्योंकि खेलों से हम टीम के रूप काम करना और हार-जीत में समभाव रहना सीखते हैं। खेल स्वास्थ्य के लिए भी लाभदायक है। स्वागत संबोधन में हरियाणा पुलिस के महानिदेशक प्रशांत कुमार अग्रवाल ने कहा कि केके सिंधु कुशल पुलिस अधिकारी हैं और सकारात्मक व्यक्तित्व के धनी हैं। इन्होंने पुलिस सेवा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। ये सदैव अपने कर्तव्य के प्रति समर्पित रहे हैं। इन्होंने अपने सेवाकाल में पुलिस अधीक्षक के रूप में रेवाड़ी , झज्जर, भिवानी, कैथल और यमुनानगर में 8 वर्ष तक कमांड की। डीआईजी बनने पर 2001 से 2005 तक राज्य सतर्कता ब्यूरो में पुलिस उप महानिरीक्षक रहे। इन्होंने पुलिस महानिरीक्षक अम्बाला, पुलिस आयुक्त अम्बाला, पुलिस आयुक्त गुरुग्राम, एडीजीपी विजिलेंस, निदेशक, एससीआरबी, निदेशक, हरियाणा पुलिस अकादमी में अपने कुशल नेतृत्व की छाप छोड़ी। इन्हें वर्ष 2005 में सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस पदक तथा 2011 में विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से अलंकृत किया गया।

केके सिंधु राष्ट्रीय स्तर के गोल्फर भी हैं। डीजीपी अग्रवाल ने केके सिंधु को उनकी सेवा सफलतापूर्वक पूरी होने पर बधाई दी तथा आगामी जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं। बाद में डीजीपी हरियाणा ने मुख्य अतिथि केके सिंधु को स्मृति चिन्ह भेंट किया। धन्यवाद अभिभाषण में हरियाणा पुलिस अकादमी के निदेशक डॉ सीएस राव ने मुख्य अतिथि केके सिंधु, श्रीमती वनीता सिंधु, उनके परिवारजनों  तथा अन्य अतिथियों का आभार व्यक्त किया तथा उनके मंगलमय जीवन के लिए शुभकामनाएं भी दी। डॉ राव ने कार्यक्रम के आयोजन में मार्गदर्शन के लिए हरियाणा के डीजीपी प्रशांत कुमार अग्रवाल का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के परिवारजन, हरियाणा नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के एडीजीपी श्रीकांत जाधव, करनाल रेंज की पुलिस महानिरीक्षक ममता सिंह, हरियाणा सशस्त्र पुलिस के महानिरीक्षक हरदीप सिंह दून, हरियाणा हाइवे पेट्रोल की महानिरीक्षक डॉ राजश्री, हरियाणा पुलिस अकादमी के डीआइजी डॉ अरुण सिंह, कानून-व्यवस्था के डीआइजी ओपी नरवाल, डीआइजी किरतपाल सिंह, पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला, अकादमी के पुलिस अधीक्षक राजेश कालिया, सेवानिवृत्त पुलिस अधीक्षक सुखदेव सिंह, हरियाणा पुलिस आवास निगम के कार्यकारी अभियंता संजीव वर्मा , कार्यकारी अभियंता महेन्द्र सिंह, एसडीओ सुनील वर्मा, एसडीओ विजय पाल, पुलिस अस्पताल मधुबन के चिकित्सा अधिकारी डॉ गगन पासी, डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल , मधुबन के प्राचार्य मनतोष पाल सिंह व अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

डीजीपी हरियाणा ने किया हरियाणा पुलिस अकादमी परिसर का भ्रमण

हरियाणा पुलिस के महानिदेशक प्रशांत कुमार अग्रवाल ने आज हरियाणा पुलिस अकादमी, मधुबन का भ्रमण किया। वे पुलिस महानिदेशक पद ग्रहण करने के बाद पहली बार अकादमी में पधारे। हरियाणा पुलिस अकादमी के निदेशक डॉ सीएस राव ने डीजीपी अग्रवाल का स्वागत किया तथा उन्हें निदेशक कार्यालय में पावर-प्वाइंट प्रस्तुति के माध्यम से अकादमी उपलब्ध प्रशिक्षण संरचनाओं के बारे में जानकारी दी।

डीजीपी प्रशांत कुमार अग्रवाल ने अकादमी के प्रशासनिक भवन, अकादमी में अवस्थित अत्याधुनिक इंडोर फायरिंग रेंज, हरियाणा पुलिस संग्रहालय, हर्षवर्धन सभागार तथा अकादमी पुस्तकालय का भ्रमण किया और प्रशिक्षण सुविधाओं को उन्नत करने के लिए मार्गदर्शन किया। उन्होंने उपस्थित कर्मचारियों से उनकी कुशल-क्षेम पूछी और उन्हें प्रोत्साहित किया। उन्होंने सशस्त्र सम्मान गार्द की सलामी भी ली।इस अवसर पर हरियाणा सशस्त्र पुलिस के पुलिस महानिरीक्षक हरदीप सिंह दून, हरियाणा पुलिस अकादमी के पुलिस उप-महानिरीक्षक डॉ अरुण ङ्क्षसह, पुलिस अधीक्षक राजेश कालिया, जिला न्यायवादी अशोक कुमार बागड़ी, कार्यालय अधीक्षक रणबीर सिंह, डीएसपी हरिन्द्र कुमार, डीएसपी कृष्ण कुमार, डीएसपी अजय कुमार, डीएसपी सुंदर सिंह, डीएसपी अनिरूद्ध चौहान, जिला उप-न्यायवादी प्रदीप कुमार, जिला उप-न्यायवादी अनिता मान व अकादमी की सभी शाखाओं के प्रभारी उपस्थित रहे।

Related posts

फरीदाबाद : जान से मारने की नियत से शटर तोड़ कर दुकान में घुसे थे, फिर मैं क्या करता एक -एक करके दोनों पति-पत्नी की चाकू घोंप कर हत्या कर दी, खुलासा।

Ajit Sinha

फरीदाबाद में पहुंचा टिड्डी दल, केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल के सहायक निजी सचिव ने की लाइव रिपोर्टिंग-देखें वीडियो

Ajit Sinha

फरीदाबाद: एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने आज फारेस्ट विभाग के एक कर्मचारी को 19000 रुपए रिश्वत लेते किया गिरफ्तार।

Ajit Sinha
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Inline Feedbacks
View all comments
//ofdrapiona.com/4/2220576
error: Content is protected !!
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x