Athrav – Online News Portal
दिल्ली नई दिल्ली राजनीतिक राष्ट्रीय

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने आज उत्तर प्रदेश बूथ विजय अभियान का शुभारंभ किया।

अजीत सिन्हा / नई दिल्ली
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने आज शनिवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से उत्तर प्रदेश बूथ विजय अभियान का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, प्रदेश संगठन महामंत्री सुनील बंसल एवं उत्तर प्रदेश के पार्टी प्रभारी राधामोहन सिंह सहित सभी वरिष्ठ पार्टी पदाधिकारी वर्चुअली उपस्थित थे। कार्यक्रम से उत्तर प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, दिनेश शर्मा, केन्द्रीय मंत्री महेंद्र नाथ पांडेय सहित पार्टी के सभी सांसद और विधायक भी वर्चुअली जुड़े। साथ ही प्रदेश के लगभग 2700 शक्ति केन्द्रों से लाखों बूथ कार्यकर्ता भी वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये इस कार्यक्रम में उपस्थित थे।

उत्तर प्रदेश में भाजपा की विजय निश्चित

उत्तर प्रदेश की महान और पावन धरा को नमन करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष ने दुनिया के सर्वाधिक लोकप्रिय जननेता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अभिनंदन किया और कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में जातिवाद, परिवारवाद, वंशवाद और संप्रदायवाद की राजनीति का अंत हुआ है और विकास की राजनीति प्रतिष्ठित हुई है। उत्तर प्रदेश की जनता के सहयोग से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश का कायाकल्प कर दिया है और प्रदेश की राजनीतिक कार्यसंस्कृति को बदल कर रख दिया है। यूपी में विकास ने पुराने सारे पैमाने तोड़ दिए हैं, गुंडागर्दी ख़त्म हुई है और जातिवाद, परिवारवाद एवं तुष्टिकरण की राजनीति पर अंकुश लगा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता ने प्रदेश के एक बार पुनः भाजपा की योगी सरकार के गठन का निर्णय ले लिया है। तमाम सर्वे भी इसी की ओर इशारा कर रहे हैं। हमें उनकी आशाओं एवं आकांक्षाओं पर खरा उतरना है। हमें यूथ से लेकर बूथ तक को पार्टी के चुनाव अभियान में जोड़ना है। उत्तर प्रदेश में 2017 में हमने जो वायदे किए थे, उसे अक्षरशः पूरा करने का काम भारतीय जनता पार्टी की योगी आदित्यनाथ सरकार ने किया है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि उत्तर प्रदेश की जनता का भरपूर आशीर्वाद योगी आदित्यनाथ सरकार को मिलेगा। जनता के आशीर्वाद से उत्तर प्रदेश में पुनः प्रचंड बहुमत से भाजपा सरकार का बनना तय है।

हमारी शक्ति हमारे बूथ कार्यकर्ता हैं

नड्डा ने कहा कि हमारी शक्ति हमारे बूथ कार्यकर्ता हैं। पार्टी के कार्यकर्ता ही हमारी ताकत हैं। हम बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के बल पर यहां तक पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में टू वे कम्युनिकेशन होता है। नीचे स्तर से सूचनाएं आती है, परेशानियां पहुंचती है, उसके आधार पर नीतियां बनती है और फिर उन नीतियों को सही रूप से लागू किया जाता है। हमारे हर कार्यक्रमों को सफल बनाने में बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की सबसे बड़ी भूमिका होती है। हमारा बूथ, कोरोना मुक्त अभियान काफी सफल रहा। हमारे बूथ कार्यकर्ताओं ने संकट के समय विषम परिस्थितियों में भी मानवता की सेवा का अनुपम कार्य किया है। मैं सभी बूथ कार्यकर्ताओं का हार्दिक अभिनंदन करता हूँ। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने कोरोना संक्रमण के दौरान हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर पहले ‘सेवा ही संगठन भाग – 1.0 और फिर उसके बाद ‘सेवा ही संगठन अभियान के तहत बहुत सफलतापूर्वक पार्टी के कर्मठ कार्यकर्ताओं के माध्यम से संजीदगी के साथ लोगों की सेवा की। उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने सेवा ही संगठन के दोनों पार्ट में परिश्रम की पराकाष्ठा करते हुए दिन-रात मानवता की सेवा की। मैं मुख्यमंत्री योगी, उनकी कैबिनेट, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष, संगठन मंत्री और सभी पार्टी कार्यकर्ताओं को इसके लिए हृदय से साधुवाद देता हूँ। नड्डा ने कहा कि हम सौभाग्यशाली हैं कि विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय जन-नेता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हमारे नेता हैं। हमें इस समय का सर्वाधिक उपयोग हर बूथ पर पार्टी को मजबूत बनाने और जन-जन तक पहुँचने के लिए करना चाहिए। कोरोना के समय तो भाजपा को छोड़ कर सारी की सारी राजनीतिक पार्टियां और उसके नेता लॉकडाउन हो गए थे। ये भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता थे जिन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में अपनी जान की बाजी लगा कर जरूरतमंदों की सेवा को ही अपना धर्म समझा।

जन-जन के प्रति समर्पित नरेन्द्र मोदी सरकार

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले सात वर्षों में भारत का आत्मविश्वास बढ़ा है, जनता के लिए बुनियादी सुविधाएं बढ़ी हैं, किसानों और गरीबों की आय बढ़ी है और देश मुश्किलों से उबर कर जल्द खड़ा होना सीख गया है। आजादी के 70 सालों में जो न हुआ, उसे 7 सालों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूरा किया है। उनके नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर से धारा 370 ख़त्म हुआ, ट्रिपल तलाक ख़त्म हुआ, राम मंदिर का मार्ग प्रशस्त हुआ, ओबीसी आयोग को संवैधानिक मान्यता मिली, वन रैंक-वन पेंशन लागू हुआ और आतंकवाद पर सर्जिकल और एयर स्ट्राइक हुआ।

कोरोना के खिलाफ निर्णायक लड़ाई

नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में दुनिया का सबसे बड़ी और सबसे तेज गति से चलने वाला वैक्सीनेशन कार्यक्रम भारत में चल रहा है। दुनिया में सबसे कम समय में 70 करोड़ वैक्सीन डोज भारत में एडमिनिस्टर हुए जो अमेरिका सहित कई देशों की जनसंख्या से भी अधिक है। बीते 15-20 दिनों में तीन बार एक दिन में एक करोड़ से ज्यादा वैक्सीन डोज एडमिनिस्टर किये गए। अभी तक किसी भी देश ने एक दिन में इतने टीके नहीं लगाए हैं। हिमाचल प्रदेश, गोवा, सिक्किम और दादरा एवं नागर हवेली में शत प्रतिशत नागरिकों को कम से कम एक डोज लगाया जा चुका है। कई राज्यों में 80% से अधिक फर्स्ट डोज वैक्सीनेशन पूरा हो चुका है। उत्तर प्रदेश ने देश में सर्वाधिक वैक्सीन डोज एडमिनिमानस्टर किया है जो कि एक रिकॉर्ड है। दिसंबर तक हम देश की शत-प्रतिशत आबादी को वैक्सीनेट करने के लक्ष्य में जरूर सफल होंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि चाहे 1.70 लाख करोड़ रुपये की गरीब कल्याण योजना हो, देश के 80 करोड़ लोगों को गातार दूसरे साल मार्च से लेकर नवंबर, 9 महीनों तक मुफ्त आवश्यक अनाज उपलब्ध कराना हो, 50,000 करोड़ रुपये की गरीब कल्याण रोजगार योजना हो या फिर 20 लाख करोड़ रुपये का आत्मनिर्भर भारत अभियान हो,प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने न केवल 130 करोड़ देशवासियों को सुरक्षित किया, बल्कि उनकी दो वक्त की रोटी की भी चिंता की और देश के अर्थचक्र को भी गतिशील किया। नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कोरोना काल में सभी देशवासियों को साथ में लेते हुए जिस तरह कोरोना के खिलाफ निर्णायक जंग लड़ी है, उसकी पूरी दुनिया में मुक्त कंठ से सराहना हो रही है। TEST, TRACK, TREAT
Vaccinate के विजन से हमने काम किया और इसका रिजल्ट आज हम सबके सामने है। हमारी सरकार ने स्वास्थ्य सुविधाओं को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से हेल्थ बजट में भारी वृद्धि करते हुए इसे 94,452 करोड़ रुपये से बढ़ा कर 2.23 लाख करोड़ रुपये कर दिया है। इतना ही नहीं, कोरोना के दौरान बेसहारा हुए बच्चों की देखभाल के लिए भी कई योजनाओं की घोषणा की गई जिसमें आर्थिक सहायता से लेकर मुफ्त शिक्षा और मुफ्त स्वास्थ्य सुविधा भी उपलब्ध है। योगी आदित्यनाथ ने कोरोना से निराश्रित हुए बच्चों के भरण – पोषण, चिकित्सा, शिक्षा आदि की व्यवस्था हेतु 4,000 प्रतिमाह दिए जाने का प्रावधान किया है। मैं इसके लिए योगी आदित्यनाथ जी एवं उनकी सरकार को कोटि-कोटि साधुवाद देता हूँ।

हमारी सरकार की प्राथमिकता – कृषि एवं किसान कल्याण

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि आजादी के 70 सालों में कृषि विकास और किसानों के कल्याण के लिए जितना काम नहीं हुआ, उससे कहीं अधिक काम पिछले साढ़े सात सालों में प्रधानमंत्री ने कर दिखाया है। इसी तरह उत्तर प्रदेश में जो काम सपा- बसपा-कांग्रेस की सरकारें नहीं कर पाई, उससे कहीं अधिक भाजपा की योगी जी की सरकार ने पिछले साढ़े चार सालों में कर दिखाया है। किसान सम्मान निधि योजना के तहत अब तक देश के 10 करोड़ से अधिक किसानों के एकाउंट में डेढ़ लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर की जा चुकी है। उत्तर प्रदेश में 2.54 करोड़ किसान को इसका लाभ मिला है। नड्डा ने कहा कि किसानों की भलाई के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन को यदि किसी राज्य ने शत- प्रतिशत जमीन पर उतारा है तो उसमें उत्तर प्रदेश सबसे प्रमुख राज्य है और इसका योगदान जाता है हमारे योगी आदित्यनाथ को। उत्तर प्रदेश में योगी की सरकार ने अब तक 42 लाख गन्ना किसानों को 1.40 लाख करोड़ रुपये का भुगतान किया है। प्रदेश के 25 लाख 60 हजार से अधिक किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत लगभग 2,208 करोड़ की क्षतिपूर्ति की गयी। फसल ऋण भुगतान अंतर्गत राज्य के किसानों को 3 लाख 92 हजार करोड़ रुपये का भुगतान किया गया। ऋण मोचन योजना के तहत प्रदेश के लगभग 86 लाख किसानों के ऋण माफ किये गए। मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना सहायता योजना के अन्तर्गत 2,207 किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान की गयी। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री की सरकार डीएपी पर प्रति बोरी 1200 रुपये की सब्सिडी दी जा रही है। रबी और खरीफ फसलों पर सबसे अधिक एमएसपी मोदी सरकार में मिल रही है।

Related posts

नई दिल्लीब्रेकिंग: सी.पी जोशी, सांसद, लोकसभा को भारतीय जनता पार्टी राजस्थान का प्रदेश अध्यक्ष

Ajit Sinha

राहुल गांधी ने अपने ट्विटर हेंडल पर एक पत्रकार का वीडियो शेयर किया,के घरों में सभी लोग कोरोना पॉजिटिव हैं, वीडियो जरूर देखें ।   

Ajit Sinha

दिल्ली के सीएम ने शादियों में 200 की बजाय अब केवल 50 लोगों के शामिल होने व लॉकडाउन लगाने की केंद्र से मांगी अनुमति।

Ajit Sinha
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Inline Feedbacks
View all comments
//maithigloab.net/4/2220576
error: Content is protected !!
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x